Remedies for Split Ends: दोमुंहे बाल अकसर देखने में बहुत खराब लगते हैं और इनके साथ आप कोई भी हेयर स्टाइलिंग नहीं कर सकती हैं। इनसे छुटकारा पाने के लिए आप कुछ घरेलू नुस्खे आजमा सकती हैं, इनका इस्तेमाल करना बहुत आसान है और इनका कोई दुष्परिणाम भी नहीं होता है।
दोमुंहे बाल हो जाएं तो बालों की खूबसूरती के साथ पूरे व्यक्तित्व पर असर पड़ने लगता है। यह बताता है कि आपके बाल स्वस्थ नहीं हैं और इन्हें इलाज की जरूरत है। अगर आप सोच रही हैं कि बाल कटवाने से दोमुंहे बाल ठीक हो जाते हैं, तो यह सही है। लेकिन हर बार बाल कटवाना कहां तक सही है, खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें लंबे बाल पसंद हैं या उनके लिए जिन्हें अपने बाल कटवाना पसंद नहीं है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि फिर दोमुंहे बालों के इलाज के लिए क्या करवाया जाए।
दोमुंहे बालों के इलाज के लिए कुछ आजमाये गए घरेलू नुस्खे हैं, जिनकी मदद से दोमुंहे बालों को बाय बोला जा सकता है। आइए जानते हैं इन घरेलू नुस्खों के बारे में, साथ ही यह भी जानते हैं कि दोमुंहे बाल क्यों हो जाते हैं-
दोमुंहे बाल होने का कारण
स्विमिंग की वजह से दोमुंहे बाल अकसर हो जाते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि स्विमिंग पूल में क्लोरीन युक्त पानी होता है, जो बालों को दोमुंह बनाने के साथ ही रूखा और बेजान भी बना देता है। इसी तरह यदि आप केमिकल वाले हेयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल कर रही हैं और नियमित तौर पर बालों में तेल नहीं लगा रही हैं, तो भी बालों के दोमुंहा होने का खतरा रहता है। इसके साथ ही नियमित रूप से बालों की ट्रिंमिंग न करवाना भी दोमुंहे बालों का एक कारण है।
दोमुंहे बालों से छुटकारा पाने के घरेलू नुस्खे
दोमुंहे बालों से निजात दिलाने में आप घर पर ही उपाय कर सकती हैं। इसके लिए कुछ ऐसे घरेलू नुस्खे हैं, जिनकी मदद से दोमुंहे बालों से राहत मिलेगी और इन घरेलू नुस्खों के लगातार इस्तेमाल से दोमुंहे बाल वापस आएंगे भी नहीं। आइए दोमुंहे बालों से छुटकारा पाने के लिए घरेलू नुस्खों के बारे में जानते हैं-
शहद

शहद को एक हीलिंग एजेंट के रूप में जाना जाता है और इस तरह से यह दोमुंहे बालों पर भी तेजी से काम करता है। यह एक ह्यूमेक्टेंट है, जिसका मतलब है कि यह नमी को बनाए रखता है और स्कैल्प और बालों को रूखा होने से रोकता है, जो दोमुंहे बालों के कई कारणों में से एक है। यह एक एंटी बैक्टीरियल भी है। इसका उपयोग करने का सबसे अच्छा तरीका शहद का हेयर मास्क है।
ऐसे लगाएं शहद
शहद में दही, जैतून का तेल और अंडा मिलाकर मास्क बनाएं। इसे अपने स्कैल्प और बालों पर लगाएं। 25 मिनट तक लगा रहने दें और फिर माइल्ड क्लींजर से धो लें।
एलोवेरा

एलोवेरा का उपयोग त्वचा और बालों दोनों पर किया जा सकता है। यह दोमुंहे बालों के लिए भी एक बेहतरीन इलाज है। प्रोटियोलिटिक एंजाइम की उपस्थिति के कारण यह दोमुंहे बालों का बढ़िया इलाज करता है, जो स्कैल्प से मृत कोशिकाओं को साफ करने में मदद करता है। इससे बालों को सांस लेने और आगे बढ़ने में मदद मिलती है। यह एंटीबैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी भी है, जो स्कैल्प को आराम देता है।
ऐसे लगाएं एलोवेरा
3 पत्तियों से एलोवेरा जेल निकाल लें और इसे अपने बालों और स्कैल्प पर लगाएं। 40 मिनट के लिए लगा रहने दें और फिर माइल्ड शैंपू से बाल धो लें।
काली दाल

आपने अपनी मां को कई बार यह कहते हुए सुना होगा कि रोजाना दाल खाने से बाल जल्दी सफेद नहीं होते हैं। यह सच है। काली दाल दोमुंहे बालों को रोकने में भी बढ़िया है। आप न केवल इनका सेवन कर सकते हैं, बल्कि इससे हेयर मास्क भी बना सकते हैं। काली दाल फास्फोरस, फाइबर और फोलिक एसिड का बढ़िया स्रोत है। फोलिक एसिड बालों के रोम छिद्रों को ऑक्सीजन प्रदान करने और उन्हें मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है।
ऐसे लगाएं काली दाल
आधा कप दाल लेकर उसका पाउडर बना लें। इसमें एक बड़ा चम्मच मेथी दाना डालें और एक कप दही डालकर मिक्स करें। इस मिश्रण को बालों और स्कैल्प पर लगाएं और एक घंटे के लिए छोड़ दें। बाद में माइल्ड शैम्पू से धो लें।
पपीता

पपीता में कई पोषक तत्व होते हैं, जो हमारी सेहत और बालों की सेहत के लिए शानदार हैं। हालांकि, पका हुआ पपीता ही चुनना चाहिए। पपीता विटामिन ए का एक समृद्ध स्रोत है, जो सीबम उत्पादन को नियंत्रित करता है और आपके रोम छिद्रों और स्कैल्प को हाइड्रेटेड रखता है। यह बालों के विकास में मदद करता है और दोमुंहे बालों को रोकता है।
ऐसे लगाएं पपीता
एक कच्चा पपीता लें और इसमें दही मिलाकर पेस्ट बनाने के लिए ब्लेंड कर लें। इस मिश्रण को बालों और स्कैल्प पर लगाएं और 45 मिनट तक लगा रहने दें। गुनगुने पानी और माइल्ड शैंपू से बाल धो लें।
अंडे की जर्दी

अंडा बालों के लिए कितना सेहतमंद है, यह सभी जानते हैं लेकिन अफसोस अंडे का इस्तेमाल बालों के लिए नहीं करते हैं। भले ही अंडे की जर्दी में कॉलेस्ट्रोल बहुत होता है लेकिन बालों पर लगाने के लिए यह बहुत बढ़िया है। खासकर दोमुंहे बालों और फ्रिज को नइंट्रीट करने के लिए यह एक असरकारक रेमेडी है। यह बालों के लिए नैचुरल कंडीशनर का भी काम करता है। इसमें प्रोटीन भी बहुत पाया जाता है, जो बालों के लिए बढ़िया है।
ऐसे लगाएं अंडे की जर्दी
एक जर्दी लें और इसमें 2 बड़े चम्मच जैतून का तेल और बादाम का तेल मिलाएं। फिर इसमें 2 बड़े चम्मच शहद भी मिलाएं। मिश्रण को फेंट लें और इसे स्कैल्प और बालों पर लगाएं। 45 मिनट तक लगा रहने के बाद माइल्ड शैम्पू से धो लें। अच्छे परिणाम के लिए इसे हफ्ते में एक बार इस्तेमाल करें।
बीयर

बीयर पीना नहीं, इसमें अपने बाल डुबोने हैं। स्वस्थ बालों के लिए बीयर बहुत जरूरी है और दोमुंहे बालों को कम करता है। इसमें प्रोटीन खूब होता है, जो रोम छिद्रों द्वारा किए गए डैमेज को ठीक करता है।
ऐसे लगाएं बीयर
अपने बालों को सामान्य रूप से शैम्पू करें। अंतिम बार बीयर से बाल धोएं। इसे 2 मिनट तक लगा रहने दें और फिर सादे पानी से साफ कर लें।
नारियल तेल

हमारी दादी-नानी भी खूबसूरत बालों और चमकती त्वचा के लिए नारियल तेल के इस्तेमाल के लिए कहा करती थीं। नारियल का तेल एक प्राकृतिक मॉइस्चराइजर है, जो बालों को मुलायम और चिकना बनाता है। साथ ही, दोमुंहे बालों से छुटकारा पाने में भी मदद करता है। इसके अलावा, यह बालों को सम्पूर्ण तरीके से स्वस्थ भी रखता है।
ऐसे लगाएं नारियल तेल
नारियल तेल से बालों और स्कैल्प की मालिश करें। इसे 2 घंटे तक लगा रहने दें और माइल्ड शैंपू से बाल धो लें। बेहतर परिणाम के लिए हफ्ते में दो बार नारियल तेल को बालों पर लगाएं।