Overview: डाइट से मजबूत बनते बाल
सही खान-पान बालों की जड़ों को मजबूत करता है। अंडा, पालक, मेवे, शकरकंद और दालें हेयर फॉल कम कर ग्रोथ बढ़ाने में मददगार हैं।
Foods for Hair Growth: स्वस्थ, घने और मजबूत बाल आज हर उम्र के लोगों की चाहत बन चुके हैं। बाल झड़ने की समस्या अब सिर्फ बढ़ती उम्र तक सीमित नहीं रही, बल्कि युवाओं में भी यह चिंता का कारण बनती जा रही है। ऐसे में लोग महंगे शैंपू, तेल, सीरम और ट्रीटमेंट पर हजारों रुपये खर्च कर देते हैं, लेकिन कई बार इसके बावजूद बालों की स्थिति में खास सुधार नहीं दिखता। विशेषज्ञों की मानें तो बालों की असली सेहत बाहर से नहीं, बल्कि अंदर से शुरू होती है और इसमें डाइट की भूमिका सबसे अहम होती है।
बालों की जड़ों से जुड़ी होती है खान-पान की ताकत

डॉक्टर्स और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स बताते हैं कि बालों की ग्रोथ और मजबूती सीधे तौर पर शरीर में पहुंचने वाले पोषक तत्वों पर निर्भर करती है। अगर डाइट में प्रोटीन, आयरन, विटामिन और हेल्दी फैट्स की कमी हो, तो महंगे प्रोडक्ट्स भी ज्यादा असर नहीं दिखा पाते। ऐसे में रोजमर्रा की थाली में कुछ खास फूड्स को शामिल करना बालों के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है।
अंडे से मिलती है बालों को मजबूती
अंडे को बालों के लिए सुपरफूड माना जाता है। इसमें मौजूद प्रोटीन बालों की मुख्य संरचना को मजबूत करता है, क्योंकि बाल खुद भी प्रोटीन से बने होते हैं। बायोटिन की मौजूदगी बालों के फॉलिकल्स को एक्टिव रखती है और नए बाल उगने में मदद करती है। इसके अलावा अंडे में जिंक और सेलेनियम जैसे मिनरल्स भी पाए जाते हैं, जो स्कैल्प को हेल्दी बनाए रखते हैं। नियमित रूप से अंडे खाने से बालों का झड़ना धीरे-धीरे कम होता दिख सकता है।
पालक से मिलती है ऑक्सीजन की सप्लाई

पालक जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां बालों के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती हैं। पालक में आयरन भरपूर मात्रा में होता है, जो बालों की जड़ों तक ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करता है। आयरन की कमी से बालों का झड़ना एक आम समस्या है। इसमें मौजूद फोलेट नए बालों को मजबूत बनाता है, जबकि विटामिन-सी शरीर में आयरन के अवशोषण को बेहतर करता है और कोलेजन बनाने में मदद करता है, जिससे बालों की मजबूती बढ़ती है।
मेवे देते हैं स्कैल्प को पोषण
बादाम और अखरोट जैसे मेवे बालों के लिए प्राकृतिक टॉनिक की तरह काम करते हैं। बादाम में मौजूद विटामिन-ई स्कैल्प को फ्री रेडिकल्स से बचाता है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करता है। वहीं अखरोट में ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है, जो स्कैल्प को अंदर से मॉइश्चराइज रखता है और बालों को रूखा होने से बचाता है। रोजाना सीमित मात्रा में मेवे खाने से बालों की क्वालिटी में फर्क नजर आ सकता है।
शकरकंद से मिलती है नेचुरल नमी
शकरकंद में पाया जाने वाला बीटा-कैरोटीन शरीर में जाकर विटामिन-ए में बदल जाता है। यह विटामिन स्कैल्प में सीबम के प्रोडक्शन को संतुलित रखता है, जिससे बालों में प्राकृतिक नमी बनी रहती है। इससे बाल बेजान और कमजोर नहीं होते और उनकी ग्रोथ को सपोर्ट मिलता है। संतुलित मात्रा में शकरकंद का सेवन बालों के लिए फायदेमंद माना जाता है।
दालें और फलियां बढ़ाती हैं ग्रोथ की रफ्तार
दालें, चना, राजमा और अन्य फलियां बालों के लिए जरूरी कई पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत हैं। इनमें प्रोटीन, आयरन, जिंक और बायोटिन पाया जाता है, जो बालों की मरम्मत और ग्रोथ में मदद करता है। जिंक बालों की जड़ों को मजबूत करता है और टूटने की समस्या को कम करने में सहायक होता है। नियमित रूप से दालों का सेवन बालों को अंदर से पोषण देता है।
