Bengali Sweets Recipes के लिए यहां देखें
बंगाली मिठाइयां घर पर ही बनाना हो तो इन स्वीट्स को कभी न भूलें।
Bengali Dessert: बंगाली मिठाइयों का अपना ही एक अलग स्वाद है। इसमें कोई शक नहीं कि आपने रसगुल्ला, चमचम जैसी लोकप्रिय बंगाली मिठाई कभी न कभी खाई ही होगी, लेकिन और भी ऐसी बंगाली स्वीट डिशेज़ हैं जिसे खाने के बाद उसका स्वाद कभी नहीं भूल पाएंगे। अच्छी बात तो यहा है कि आप इन बंगाली स्वीट डिशेज़ को घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं। अगर आप अपने घर पर ही बंगाली डीज़र्ट बनाने की इच्छा रखते हैं तो यहां दी गई 5 लोकप्रिय और स्वादिष्ट स्वीट डिश रेसिपी ज़रूर ट्राय करें। आप बंगाली संदेश, मिष्टी दोई रेसिपी से लेकर पातिशप्ता, पांतुआ और रसकदम बनाकर घरवालों और मेहमानों को खुश कर सकते हैं।
बंगाली संदेश

सामग्री
- दूध – 1 लीटर
- चीनी – 150 ग्राम
- केसर – 4-6 धागे
- इलायची – 2
- काजू – 7-8
- किशमिश – 5-6
- पिस्ता – 5-6
विधि
- बंगाली संदेश मिठाई बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले वाली कड़ाही में एक लीटर दूध गर्म करें। दूध में उबाल आने के बाद इसे गैस से उतार लें और फिर दो मिनट बाद दूध में नीबू के रस को डाल दें।
- थोड़ी देर बाद दूध फटने लगेगा। दूध जब पूरा फट जाए, तो फटे हुए दूध को सूती कपड़े या छलनी में छान लें। छेने को अलग निकालें और करीब आधे घंटे तक इसे कहीं लटका कर छोड़ दें।
- अब छेने को अच्छी तरह से धो लें। छेने को कुछ मिनटों के लिए छोड़ दें। एक परात में इसे लें और करीब आठ से दस मिनट तक हाथों की हथेलियों से अच्छी तरह से मसलें।
- उसके बाद इसमें पिसी हुई चीनी और इलायची पीसकर डालें और अच्छी तरह मिला लें।
- गैस पर एक नॉनस्टिक पैन रखें और इस मिश्रण को केवल पाँच मिनट तक पकाएं। ध्यान रहें कि पकाते समय लगातार चम्मच से हिलाते रहे।
- अब इस मिश्रण को गैस से नीचे उतार लें और हल्का ठंडा होने पर पेड़े बना लें। हर पेड़े को केसर के धागों, काजू, किशमिश और पिस्ते से सजा कर ठंडा करने के लिए फ्रीज में रख दें। बंगाली संदेश मिठाई तैयार है।
पांतुआ

सामग्री
- छेना – 200 ग्राम
- खोया कसा हुआ – 50 ग्राम
- सूजी भिगोई हुई, पानी छाना हुआ – 2 टेबलस्पून
- मैदा – 1 टीस्पून
- घी – 1 टेबलस्पून
तलने के लिए
- घी आवश्यकतानुसार
चाशनी के लिए
- चीनी – 200 ग्राम
- गुलाब जल – 4 बूंद
- पानी – 4 कप
विधि
- चाशनी तैयार करने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में पानी लें। तेज आँच पर उबालें और इसमें चीनी डालकर कुछ देर उबालें। चम्मच से चलाते रहें और चीनी को पूरा घुल जाने दें। कुछ देर पानी एक बूंद चाशनी को अंगुली पर रखकर देखेँ। अगर यह थोड़ी चिपचिपी है तो चाशनी तैयार है।
- ध्यान रहे कि चाशनी को पतला नहीं करना है, उसे गाढ़ा ही रहने देना है। चाशनी को साफ करना भी ज़रूरी है और इसके लिए उबलती हुई चाशनी में एक टेबलस्पून दूध डालकर कुछ देर उबालें। चाशनी के ऊपर कुछ बाद बाद मलाई जैसा लगने लगेगा। अब चाशनी को छलनी से छान लें। गैस बंद कर दें और चाशनी को ठंडा होने के लिए अलग रख दें।
- अब छेना मिश्रण तैयार करेंगे। इसके लिए एक परात में छेना लेंगे। छेना को कुछ देर तक हाथ से मसल कर मुलायम करें। मुलायम होने के बाद एक टेबलस्पून घी डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
- अब इस छेना में कसा हुआ खोया डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। अब गीली सूजी मिला कर अच्छी तरह मिक्स करें। छेना मिश्रण तैयार है और अब इसका लंबा बेलनाकार आकार दें।
- छेना मिश्रण से नीबू जितनी लोई काट लें। हाथ पर घी लगाकर चिकना करें और एक-एक लोई को हथेली में घुमाकर छोटे बॉल्स जैसा बना लें। बनाकर इन्हें एक एक अलग थाली पर रखते जाएं।
- अब धीमी आंच पर पर एक कड़ाही घी गर्म करें। अब एक-एक करके छेना बॉल्स को डालें। इन्हें धीमी आँच पर गोल्डन होने तक फ्राई करें। अब गैस बंद करें और इन्हें अलग थाली पर रखकर ठंडा होने दें।
- अब बॉल्स को तैयार चाशनी में धीरे-धीरे डाल दें। इसमें गुलाब जल की बूंदें डालें। कम से कम तीन से चार घंटे तक इन्हें यहीं रहने दें। फिर फ्रिज में रखें। जब चाहें तब सर्व करें।
खीर कदम/रस कदम

सामग्री
- फूल क्रीम दूध – 500 ग्राम
- मावा – 1 कप
- पनीर क्रम्बल किया हुआ – 1 कप
- चीनी – 3/4 कप
- चीनी पाउडर – 1/2 कप अधिक
- पीला कलर – 1 चुटकी
- केसर – 8-10 धागे
- नीबू – 1
- कॉर्न फ्लोर – 2 टीस्पून
विधि
- सबसे पहले दूध को एक बर्तन में गर्म होने के ले रखें। दूध में उबाल आ जाए तो गैस बंद करें और थोड़ा सा ठंडा होने दें। अब इसमें नीबू के रस में दो चम्मच पानी मिलाएं और थोड़-थोड़ा डालते हुए चम्मच से हिलाएं। दूध में से पानी अलग होने लगेगा और दूध पूरी फट जाएगा। छेना को एक सूती कपड़े में डालकर छाने और सारा पानी हाथ से दबाकर निकाल लें। छेना के ऊपर ठंडा पानी डालें ताकि नीबू का स्वाद दूर हो जाए। छेना तैयार हो चुका है और इसे अलग थाली में निकाल लें। हाथों से मसल चिकना करें। इसमें कॉर्न फ्लोर और पीला रंग डालें और अच्छे से मसलते जाएं। रसगुल्ले बनाने के लिए छैना तैयार है। छेना से छोटे-छोटे बॉल्स बनाकर कर थाली में रख लें।
- 2 कप पानी में चानी डालकर कुकर में उबलने दें। चीनी को घुलने तक उबालें और चाशनी में केसर के धागे डालें। चाशनी में उबाल आने दें। ब इसमें छेना से बने हुए बॉल्स डालकर कुकर को बंद कर दें। एक सीटी आने तक पकाएं और फिर गैस को धीमा करें। रसगुल्लों को धीमी मीडियम आंच पर 8-10 मिनट पकने दें। फिर गैस बंद कर दें।
- कुकर का प्रेशर खत्म होने पर रसगुल्ले निकाल लें। रसगुल्लों को 2-3 घंटे तक चाशनी में ही रहने दें। फिर छलनी से छान लें ताकि सारी चाशनी निकल जाए।
- इसके बाद कद्दूकस पनीर को एक कड़ाही में डालकर लगातार चम्मच चलाते हुए भून लें। पनीर के हल्का भूरा हो जाने पर गैस बंद करें। भुने पनीर को प्लेट में निकालें।
- कद्दूकस किए हुए मावा में चीनी पाउडर डालें और अच्छी तरह मिक्स करें। अब मावा से लड्डू के आकार के छोटे-छोटे गोले निकाल लें। एक गोले को उठाएं और इसको चपटा करके थोड़ा बड़ा करें। फिर इसमें एक रसगुल्ला रखकर चारों ओर खोया से बंद करके गोल लड्डू का आकार दें। इस गोले को भूने पनीर पर लपेटकर थाली में रखें। इसी तरह सारी गोले के साथ यही प्रक्रिया दोहराएं। सारे रसकदम बनकर तैयार हैं। इसे घंटे भर के लिए फ्रिज में रखें और फिर सर्व करें।
मिष्टी दोई

सामग्री
- दूध, फुल क्रीम – 3 कप
- चीनी – 2 टेबलस्पून
- ब्राउन शुगर – 2 टेबल स्पून
- पानी – 1 टीस्पून
- दही – 2 टीस्पून
- कुछ ड्रायफ्रूट्स कटे हुए
विधि
- एक मोटे तले वाले बर्तन में दूध गर्म करें। बीच-बीच में हिलाते जाएं और दूध में उबाल आने दें। उबाल आने पर 2 टेबलस्पून चीनी डालें और अच्छी तरह से हिलाएं। मध्यम आंच पर दूध को गाढ़ा होने तक उबालें।
- जब तक दूध आधा नहीं रह जाता, तब तक चम्मच चलाते हुए दूध हिलाएं।
- अब एक मोटे तले वाले बर्तन में 2 टेबलस्पून ब्राउन शुगर और एक टीस्पून पानी डालें। मध्यम आंच पर चीनी कारमेलाइज होने तक हिलाएं।
- उबले हुए दूध में कारमेलाइज्ड चीनी को डाल दें। अच्छी तरह से हिलाएं और दूध को एक और उबाल आने दें। अब ठंडा होने के लिए अलग रख दें।
- दूध के हल्के गर्म रहने पर इसे मिट्टी के बर्तन या किसी कंटेनर में डाल दें। अब एक टीस्पून दही डालकर अच्छे से मिलाएं। इसे ढंक दें और करीब आठ घंटे तक गर्म जगह पर सेट होने दें। फिर इसे दो घंटे के लिए रेफ्रिजरेट करें। कटे हुए ड्रायफ्रूट्स से गार्निश करें।
पातिशप्ता पीठा

सामग्री
बैटर के लिए
- सूजी – 4 टेबलस्पून
- मैदा – ½ कप
- चावल का आटा – 2 टेबलस्पून
- चीनी पाउडर – 1 टेबलस्पून
- बेकिंग सोडा – 1/4 टीस्पून
- दूध – 1 कप
- घी – 4 टेबलस्पून
स्टफिंग के लिए
- मावा – 1 कप
- नारियल पाउडर – 3/4 कप
- चीनी पाउडर – ½ कप
- काजू – 10-12
- इलायची पाउडर – ½ टीस्पून
विधि
- सबसे पहले बैटर बनाने के लिए एक बर्तन में मैदा, सूजी, चावल का आटा डालें। इसमें बेकिंग सोड़ा, चीनी पाउडर और दूध डालकर स्मूथ बैटर तैयार करें। इसे अलग रख दें।
- स्टफिंग बनाने के लिए एक पैन में मावा डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भुनें। मावा का रंग हल्का सा बदलने लगे और खुश्बू आने लगे तो गैस बंद करें। मावा में नारियल पाउडर, चीनी पाउडर, इलायची और कटे हुए काजू डालकर अच्छी से मिला लें। स्टफिंग तैयार है।
- अब एक पैन को गैस पर रखें और 1 टीस्पून घी डालकर फैला दें। अब 1 चम्मच बैटर लेकर तवे पर डालकर पतला-पतला फैला लें। एक तरफ हल्का भूरा सिकने पर पलट दें और दूसरी ओर हल्का भूरा होने पर इसे प्लेट में निकाल लें। अब इसी तरह बैटर से यह प्रक्रिया दोहराएं।
- अब इस तैयार पैन केक पर एक चम्मच स्टफिंग की रखें और रोल कर दें। इसी तरह सारे पातिशप्ता तैयार करें। अब पातिशप्ता पीठा सर्व करने के लिए तैयार है।
