Editorial Review: हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा देशभर के स्कूलों में छात्राओं के लिए सैनिटरी नैपकिन की उपलब्धता सुनिश्चित करने संबंधी निर्देश एक संवेदनशील और दूरदर्शी पहल है। यह निर्णय केवल सुविधा का विस्तार नहीं, बल्कि किशोरियों के स्वास्थ्य, गरिमा और आत्मविश्वास को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जब व्यवस्था बेटियों की आवश्यकताओं को समझती है, तभी समाज सही मायनों में प्रगति करता है। जागरूकता और संवेदनशीलता ही सशक्त भविष्य की नींव हैं।
इसी सकारात्मक ऊर्जा के साथ प्रस्तुत है गृहलक्ष्मी का मार्च अंक, ‘समर ब्यूटी एंड फैशन’ स्पेशल। मौसम बदलते ही हमारे जीवन की लय भी बदलती है, इसलिए अब समय है अपने वार्डरोब और मेकअप किट को समर मोड में ढालने का। हल्के, ब्रीदेबल फैब्रिक, पेस्टल और ब्राइट शेड्स, फ्लोई
सिल्हूट्स और मिनिमल लेकिन फ्रेश मेकअप, यही गर्मियों की असली पहचान है।
इस अंक में जानिए कि चिलचिलाती धूप में ऐसा मेकअप कैसे करें जो हल्का, नैचुरल और दिनभर टिकाऊ रहे। समर-फ्रेंडली बेस, स्वेट-प्रूफ प्रोडक्ट्स और आसान ट्रिक्स आपको देंगे ग्लोइंग और कंफर्टेबल लुक। साथ ही, सही फैब्रिक्स का चयन आपको ऑफिस से आउटिंग तक स्टाइलिश और
सहज बनाए रखेगा।
‘सरोकार’ स्तंभ में बच्चों में बढ़ती मोबाइल गेमिंग की आदत पर गंभीर चर्चा की गई है। तकनीक का संतुलित उपयोग और संवादपूर्ण परवरिश ही परिवार में अनुशासन और अपनापन बनाए रख सकती है। आने वाली होली को ध्यान में रखते हुए इस अंक में पारंपरिक व्यंजनों की खास प्रस्तुति भी है।
हमें विश्वास है कि यह अंक आपको सजग सोच, सलीकेदार स्टाइल और स्वादभरे उत्सव, तीनों का संतुलित आनंद देगा।
आपकी….
वंदना वर्मा
