Summary: 'एवेंजर्स: डूम्सडे' का टीजर हुआ रिलीज़, जानिए क्या है खास
फैंस के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 'एवेंजर्स: डूम्सडे' का पहला टीजर रिलीज हो गया है। इस 1 मिनट 21 सेकंड के टीजर में स्टीव रोजर्स यानी कैप्टन अमेरिका की वापसी, उनके पिता बनने का नया रूप और कुछ इमोशनल पल फैंस के सामने आए हैं।
Avengers Doomsday Teaser Out: मार्वल्स यूनिवर्स की फिल्मों का क्रेज सिर्फ विदेशों तक ही नहीं, बल्कि भारत में भी खूब है। अब तक एवेंजर्स, एवेंजर्स एज ऑफ ऑल्टरॉन, एवेंजर्स: इनफिनिटी वॉर और एवेंजर्स: एंडगेम जैसी चार बड़ी फिल्में रिलीज़ हो चुकी हैं। चारों फिल्मों की जबरदस्त सफलता के बाद अब मेकर्स ने एवेंजर्स: डूम्सडे का ऑफिशियल टीजर भी रिलीज कर दिया है। काफी समय से फैंस इस फिल्म का इंतजार कर रहे थे और टीजर से पहले इसके कई प्रीव्यू और सेट की तस्वीरें लीक हो चुकी थीं, जिससे फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ गई थी। अब मेकर्स ने उनकी ये बेचैनी कम कर दी है और टीजर के जरिए फिल्म का पहला झलक फैंस के सामने पेश किया है। तो चलिए जानते हैं टीजर में क्या है।
एवेंजर्स का ट्रेलर हुआ रिलीज़
एवेंजर्स: डूम्सडे का टीजर फैंस के लिए एक इमोशनल और खास झलक है। इसकी शुरुआत स्टीव रोजर्स यानी क्रिस इवांस के साथ होती है, जो अपनी मोटरसाइकिल से उतरकर घर लौटते हैं। बैकग्राउंड में धीरे-धीरे एवेंजर्स की थीम बजती है, जो सीन को और इमोशनल बना देती है। आम तौर पर हम उम्मीद करते हैं कि कैप्टन अमेरिका धमाकेदार एक्शन में नजर आएंगे, लेकिन इस टीजर में ऐसा कुछ नहीं है। टीजर में स्टीव रोजर्स अपने पुराने कैप्टन अमेरिका सूट को बॉक्स से निकालते हैं और उसे देखते हुए पुरानी यादों में खो जाते हैं। उनके चेहरे पर साफ दिखता है कि वह अपनी पुरानी जिंदगी को भुलाए नहीं हैं, लेकिन अब वह उसे पीछे छोड़कर आगे बढ़ रहे हैं। इस सीन से पता चलता है कि टीजर केवल एक्शन के बजाय उनके किरदार के इमोशनल पहलू को दिखा रहा है।
पिता के रोल में नजर आएंगे क्रिस इवांस
इस टीजर की सबसे खास बात यह है कि स्टीव अपने हाथ में एक नवजात बच्चे को पकड़ते हैं। यह सीन साफ बताता है कि एवेंजर्स: एंडगेम के बाद स्टीव ने अपनी जिंदगी में एक नया रास्ता चुना है, और अब वह सिर्फ सुपरहीरो नहीं, बल्कि पिता भी बने हैं। यह 1 मिनट 21 सेकंड का टीजर फैंस को यह संदेश देता है कि स्टीव रोजर्स अपने पुराने किरदार के साथ एवेंजर्स: डूम्सडे में वापस लौट रहे हैं। इस छोटे से टीजर ने फैंस के बीच उनकी उत्सुकता और बढ़ा दी है, क्योंकि अब सब जानना चाहते हैं कि स्टीव की नई जिंदगी और उनके परिवार के साथ उनकी कहानी आगे कैसे बढ़ेगी।
एवेंजर्स: डूम्सडे कब होगी रिलीज़
फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ 18 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसे जो और एंथनी रूसो (रूसो ब्रदर्स) ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में स्टारकास्ट में क्रिस इवांस (कैप्टन अमेरिका), फिल्म में रॉबर्ट डाउनी जूनियर मुख्य विलेन डॉक्टर डूम के रोल में हैं, जबकि क्रिस इवांस के अलावा क्रिस हेम्सवर्थ थॉर के रूप में लौट रहे हैं।

