Thalapathy Vijay smiling.
Thalapathy Vijay smiling.

Summary: Thalapathy Vijay को बम से उड़ाने की धमकी, चेन्नई में मचा हड़कंप

तमिल स्टार और नेता थलपति विजय को बम से उड़ाने की झूठी धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस ने देर रात सर्च ऑपरेशन चलाया। धमकी फर्जी निकली, लेकिन सुरक्षा बढ़ा दी गई और फैंस में चिंता बढ़ गई।

Thalapathy Vijay Bomb Threat: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार और अब राजनीति में कदम रख चुके थलपति विजय इन दिनों सुर्खियों में हैं। वजह है, उनके घर को बम से उड़ाने की धमकी। हालांकि बाद में ये धमकी झूठी साबित हुई, लेकिन इस खबर ने पूरे तमिलनाडु में हलचल मचा दी।

जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर की सुबह चेन्नई के नीलांकराई इलाके में स्थित विजय के घर पर बम होने की खबर आई। पुलिस को एक ईमेल मिला जिसमें लिखा था कि उनके घर में बम लगाया गया है। फौरन बम निरोधक दस्ते (BDDS) और खोजी कुत्तों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले घर के बाहर और फिर अंदर की गहन तलाशी ली। करीब चार घंटे तक चली जांच के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली, जब यह साफ हो गया कि धमकी पूरी तरह फर्जी थी।

पुलिस ने बताया कि धमकी ईमेल के जरिए दी गई थी। जांच में पता चला कि हॉटमेल अकाउंट से कई सेलेब्रिटीज को ऐसे ही मेल भेजे गए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “पिछले महीने अभिनेता-राजनेता एस.वी. शेखर को भी ऐसा ही मेल मिला था। अब हम उस शख्स की तलाश कर रहे हैं जो ये झूठे मेल भेज रहा है।”

थलपति विजय से पहले अभिनेत्रियों नयनतारा और त्रिशा कृष्णन को भी बम की धमकी दी गई थी। नयनतारा के चेन्नई वाले घर में भी पुलिस टीम ने तलाशी ली थी, लेकिन वहां भी कुछ नहीं मिला। ऐसे मामलों में पुलिस का कहना है कि “कई बार कोई शरारती तत्व या ट्रोलिंग ग्रुप सुर्खियां बटोरने के लिए ऐसी हरकतें करते हैं।”

भले ही धमकी झूठी निकली, लेकिन पुलिस ने विजय के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। एक्टर को पहले से ही Y कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है क्योंकि वह अब एक सक्रिय राजनेता भी हैं। उनकी राजनीतिक पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कझगम (TVK)’ अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में उतरने की तैयारी कर रही है।

कुछ दिन पहले ही विजय की करूर रैली में बड़ा हादसा हुआ था। उनकी पार्टी की पहली रैली में भीड़ इतनी बढ़ गई कि भगदड़ मच गई, जिसमें 41 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए। इस घटना को लेकर विजय पर सवाल उठे कि वह मौके से तुरंत रवाना हो गए, जिससे लोगों में नाराज़गी फैल गई। अब इस मामले की जांच के लिए मद्रास हाईकोर्ट ने SIT (Special Investigation Team) गठित की है।

सोशल मीडिया पर जैसे ही धमकी की खबर फैली, #StaySafeThalapathy ट्रेंड करने लगा। फैंस ने ट्वीट कर लिखा, “विजय हमारे दिलों में बसते हैं, भगवान उन्हें हर बुराई से बचाएं।”, “कृपया विजय को सुरक्षा दीजिए, ये खबरें डराने वाली हैं।”

फिल्मों की बात करें तो थलपति विजय जल्द ही डायरेक्टर एच. विनोद की राजनीतिक थ्रिलर फिल्म ‘जन नायकन’ में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म पोंगल 2026 के मौके पर 9 जनवरी को रिलीज होगी। बताया जा रहा है कि यह फिल्म एक राजनीतिक कहानी पर आधारित है, जिसमें विजय का किरदार उनके रियल लाइफ राजनीतिक सफर से जुड़ा हुआ महसूस होगा।

मैं एक बहुमुखी मीडिया पेशेवर हूं, जिसे कंटेंट लेखन में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव है। मेरा लक्ष्य ऐसी सामग्री पर ध्यान केंद्रित करना है जो सूचित, शिक्षित और प्रेरित करती है। चाहे लेख, ब्लॉग या मल्टीमीडिया सामग्री बनाना हो, मेरा लक्ष्य...