Summary : चिरंजीवी की फैन ने उन्हें राखी भी बांधी
चिंरजीवी की फैन को स्टार ने वादा किया कि वे उनके बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्चा उठाएंगे। फैन को एक साड़ी भी उन्होंने गिफ्ट की।
Chiranjeevi Fan Story: साउथ इंडिया में जो हो जाए कम है। वहां के किस्से हमेशा ही चौंकाने वाले होते हैं। दक्षिण भारत के फिल्मी स्टार हों या राजनेता। उनके चाहने वाले वाकई ‘डाई हार्ड’ होते हैं। तभी तो हम सुनते हैं कि कोई नामी हस्ति वहां मरती हैं तो कई आम लोग भी उनके दुख में जान गवां देते हैं। हमारे देश में तो साउथ इस मामले में फेमस है। अब अपने स्टार से बेइंतहा प्यार करने की एक और मिसाल सामने आई है।
अब किस्सा चिरंजीवी का
हाल ही में एक दिल छू लेने वाली कहानी सामने आई, जब तेलुगु सुपरस्टार चिरंजीवी की एक महिला फैन ने अपने पसंदीदा अभिनेता से मिलने के लिए अद्भुत सफर तय किया। आंध्र प्रदेश के अदोनी में रहने वाली राजेश्वरी ने सिर्फ अपने पसंदीदा अभिनेता से मिलने की चाह में 300 किलोमीटर से भी अधिक का सफर साइकिल से तय किया और वे हैदराबाद पहुंच गईं। इतनी लंबी दूरी और शारीरिक थकान के बावजूद उनकी हिम्मत कभी नहीं टूटी।
चिरंजीवी से भावुक मुलाकात
जब चिरंजीवी को इस बारे में पता चला, तो उन्होंने राजेश्वरी को बुलाकर मुलाकात की। यह मुलाकात बेहद भावुक हो गई, जब राजेश्वरी ने अभिनेता की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें भाई का दर्जा दिया। राजेश्वरी का प्यार देखकर चिरंजीवी इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने उन्हें उपहार के तौर पर एक साड़ी दी। लेकिन उनका सबसे बड़ा तोहफा यह था कि स्टार ने राजेश्वरी को भरोसा दिलाया कि उनके बच्चों की पढ़ाई की पूरी जिम्मेदारी वे उठाएंगे और उनकी शिक्षा का पूरा खर्च वहन करेंगे।
हर जगह चिंरजीवी की तारीफ

यह मुलाकात और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। फैन्स ने अभिनेता की विनम्रता और संवेदनशीलता की खूब तारीफ की। कई लोगों ने कहा कि चिरंजीवी सिर्फ़ एक फिल्म स्टार नहीं, बल्कि अपने प्रशंसकों को परिवार की तरह मानने वाले इंसान हैं। रिपोर्टों में यह भी बताया गया कि यह पहला मौका नहीं है जब चिरंजीवी ने अपने चाहने वालों की मदद की हो। इससे उनकी छवि और मजबूत हुई कि वे सचमुच “जनता के स्टार” हैं। साथ ही राजेश्वरी का अपने प्रिय अभिनेता से मिलने के लिए सैकड़ों किलोमीटर साइकिल चलाना सोशल मीडिया पर हर किसी को प्रेरित कर गया।
चिरंजीवी के मौजूदा प्रोजेक्ट्स
पेशेवर मोर्चे पर, चिरंजीवी इन दिनों कई बड़े प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित सोशियो-फैंटेसी फिल्म विश्वम्भरा 2026 में रिलीज़ होने वाली है। निर्देशक वशिष्ठ के निर्देशन में यह बन रही है। इसके अलावा, उनकी एक और फिल्म मना शंकरा वरा प्रसाद गरु, संक्रांति 2026 पर रिलीज होगी। इस फिल्म का निर्देशन अनिल रविपुडी कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ एक बार फिर नयनतारा नज़र आएंगी। नयन के साथ उन्होंने सई रा नरसिम्हा रेड्डी और गॉडफादर जैसी फिल्मों में काम किया था। वैसे चिरंजीवी ने निर्देशक बॉबी कोल्ली और श्रीकांत ओडेला के साथ आने वाले प्रोजेक्ट्स के लिए भी हामी भर दी है।
