Summary: AI Deepfake का शिकार बने साउथ सुपरस्टार चिरंजीवी, साइबर पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
तेलुगू सुपरस्टार चिरंजीवी हाल ही में AI से बनाए गए फेक अश्लील वीडियोज़ का शिकार बने, जिसके बाद उन्होंने हैदराबाद साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
तेलुगू फिल्मों के सुपरस्टार और लाखों लोगों के प्रिय अभिनेता चिरंजीवी हाल ही में AI डीपफेक वीडियो स्कैंडल का शिकार बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई पोर्नोग्राफिक वेबसाइट्स पर उनके नाम और चेहरे से बनाए गए फर्जी और अश्लील वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। जांच में यह सामने आया है कि ये सभी वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से तैयार किए गए डीपफेक हैं।
पुलिस ने कई धाराओं में मामला दर्ज किया
पुलिस ने चिरंजीवी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आईटी अधिनियम की धारा 67 और 67A, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79, 294, 296 और 336(4) और महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 2(सी), 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच शुरू हो गई है और दोषियों की पहचान करने के लिए डिजिटल फोरेंसिक टीम काम पर लग गई है।
मेरी दशकों की मेहनत को ठेस पहुंची है
अपनी शिकायत में चिरंजीवी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाए गए ये डीपफेक वीडियो मेरे खिलाफ एक सोची-समझी साजिश हैं। इन वीडियो का उद्देश्य मुझे अश्लील तरीके से पेश करना और मेरी साख को धूमिल करना है। इससे मेरी सार्वजनिक छवि और दशकों की मेहनत को गंभीर और अपूरणीय क्षति पहुंची है।
उन्होंने आगे कहा कि ये वीडियो न केवल उनकी पेशेवर प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि उनके परिवार और प्रियजनों को भी गहरा मानसिक कष्ट दे रहे हैं।

वेबसाइट्स को ब्लॉक करने की मांग
आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण के बड़े भाई चिरंजीवी ने पुलिस से यह भी अपील की है कि ऐसे सभी फर्जी और आपत्तिजनक कंटेंट को तुरंत इंटरनेट से हटाया जाए और उन वेबसाइट्स को ब्लॉक किया जाए जो इस तरह के वीडियो फैला रही हैं। उन्होंने मांग की कि इन फर्जी वीडियो को बनाने, अपलोड करने और प्रसारित करने वाले लोगों पर कड़ी आपराधिक कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह के अपराध की हिम्मत न करे।
कोर्ट ने भी दी राहत
इससे पहले चिरंजीवी ने हैदराबाद सिटी सिविल कोर्ट में अपने ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ की सुरक्षा के लिए याचिका दाखिल की थी।
उनका कहना था कि किसी को भी उनकी तस्वीर, आवाज, नाम या छवि का इस्तेमाल उनकी अनुमति के बिना नहीं करना चाहिए।
कोर्ट ने उनकी याचिका को स्वीकार करते हुए 26 सितंबर 2025 को एक अंतरिम निषेधाज्ञा जारी की है, जिसमें कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति या संगठन चिरंजीवी के नाम या रूप का दुरुपयोग नहीं कर सकता।
सेलिब्रिटीज के लिए बढ़ती चिंता
डीपफेक टेक्नोलॉजी का दुरुपयोग हाल के दिनों में तेजी से बढ़ा है। कई अंतरराष्ट्रीय और भारतीय हस्तियां AI-जनरेटेड फेक वीडियो का शिकार बन चुकी हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में AI रेग्युलेशन और डिजिटल सुरक्षा कानूनों को और सख्त करने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
