Summary: गंदे स्विच बोर्ड बिगाड़ते हैं घर की शोभा, मिनटों में चमकाने के लिए अपनाएं ये आसान ट्रिक्स
स्विच बोर्ड पर जमी धूल और दाग घर की खूबसूरती कम कर देते हैं। इन 8 आसान घरेलू ट्रिक्स से मिनटों में स्विच बोर्ड को नया जैसा चमकाएं और घर की शोभा बढ़ाएं।
Switch Boards Cleaning: घर की सफाई करते समय हम फर्श, फर्नीचर, खिड़की,दरवाज़े ,मकड़ी के जाले और कोनों पर जमी हुई धूल पर सबसे ज्यादा ध्यान देते हैं। लेकिन इन सब पर ध्यान देते- देते सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले स्विच बोर्ड अक्सर नज़रअंदाज़ हो जाते हैं। इन पर धूल, तेल और उंगलियों के निशान जमकर काले धब्बे बना देते हैं, जिससे पूरे घर की खूबसूरती बिगड़ जाती है। अगर आप चाहते हैं कि आपका घर हमेशा चमकता-दमकता दिखाई दे तो स्विच बोर्ड की सफाई भी ज़रूरी है। सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें साफ करने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती। कुछ आसान घरेलू ट्रिक्स अपनाकर आप मिनटों में इन्हें नया जैसा बना सकते हैं।
साफ-सुथरे स्विच बोर्ड न केवल घर को आकर्षक बनाते हैं बल्कि सफाई और हाइजीन का भी अहसास कराते हैं। ये छोटे-छोटे उपाय आपके घर की शोभा बढ़ा देंगे।
बेकिंग सोडा का कमाल

बेकिंग सोडा एक हल्का क्लीनिंग एजेंट है। एक चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा सा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इसे स्विच बोर्ड पर लगाकर 5 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर मुलायम कपड़े से पोंछ दें। इससे जिद्दी धब्बे भी आसानी से हट जाते हैं।
नींबू देगा चमक
नींबू के रस में प्राकृतिक ब्लीचिंग गुण होते हैं। रूई या कपड़े पर नींबू का रस लगाकर स्विच बोर्ड पर रगड़ें। इसके बाद सूखे कपड़े से पोंछ दें। स्विच बोर्ड न सिर्फ साफ होंगे बल्कि उनमें हल्की-सी चमक भी आ जाएगी।
सिरके का टॉनिक
सिरके का टॉनिक बनाकर स्विच बोर्ड साफ़ करने से इसकी चमक बानी रहती है और ये लम्बे समय तक साफ़ रहता है। एक कप में पानी और सिरका बराबर मात्रा में मिलाएं। इसमें कपड़ा भिगोकर स्विच बोर्ड अच्छी तरह पोंछें। यह धूल और बैक्टीरिया दोनों को पूरी तरह से हटा देगा।
सफेदी लाएगा टूथपेस्ट

टूथपेस्ट न सिर्फ दाँतों में सफेदी लाता है बल्कि स्विच बोर्ड को भी पूरी तरह से चमकाता है। किसी साफ़ कपडे या टूथ ब्रश पर थोड़ा सा टूथपेस्ट लगाकर स्विच बोर्ड पर हलके हाथों से रगड़ें। इसके बाद हलके गीले कपड़े से साफ कर दें। दाग और धूल तुरंत साफ हो जाएंगे।
साबुन और पानी
अगर दाग बहुत ज्यादा गहरे न हों तो हल्के साबुन के घोल से भी काम चल सकता है। ध्यान रखें ये घोल ज्यादा पतला ना हो। स्पंज को साबुन वाले पानी में डुबोकर निचोड़ लें और स्विच बोर्ड पर हल्के हाथ से रगड़ें। फिर तुरंत सूखे कपड़े से पोंछना न भूलें
कॉटन और इयरबड करेंगे काम आसान
स्विच के छोटे-छोटे कोनों में जमी गंदगी को साफ करना सबसे मुश्किल काम होता है। इसके लिए इयरबड या कॉटन स्टिक का इस्तेमाल करना बेहतर है । इसे सिरके या साबुन वाले पानी में भिगोकर उन कोनों में रगड़ें, जहाँ आसानी से हाथ नहीं पहुंच पाता है।
नेल पॉलिश रिमूवर

अगर स्विच बोर्ड पर पेन या स्केच पेन के दाग जम गए हैं तो नेल पॉलिश रिमूवर बेहतरीन उपाय है। रुई में थोड़ी सा रेमोवेर लेकर दाग पर हल्के से रगड़ें। तुरंत दाग गायब हो जाएंगे। ध्यान रहे कि ज़्यादा मात्रा में इस्तेमाल न करें, वरना स्विच बोर्ड का रंग फीका पड़ सकता है।
नियमित सफाई
स्विच बोर्ड पर जमी धूल को रोज़ाना सूखे कपड़े या माइक्रोफाइबर डस्टर से पोंछना सबसे आसान तरीका है। इससे धूल नहीं जम पाएगी और गहरे दाग बनने से पहले ही बोर्ड चमकते रहेंगे।
