Overview:
उम्र भले ही एक नंबर है पर दिल आपकी जान है। इसकी सही उम्र का अंदाजा होना बहुत जरूरी है। दरअसल, ऐसा जरूरी नहीं है कि आपका दिल भी आपकी उम्र जितना ही बुजुर्ग हो। कभी-कभी गलत आदतों से इसकी उम्र तेजी से बढ़ने लगती है।
Heart Age Test: आप ये तो जानते हैं कि आपकी उम्र कितनी है, लेकिन क्या आपको ये पता है कि आपके दिल की उम्र कितनी है। जी हां, उम्र भले ही एक नंबर है पर दिल आपकी जान है। इसकी सही उम्र का अंदाजा होना बहुत जरूरी है। दरअसल, ऐसा जरूरी नहीं है कि आपका दिल भी आपकी उम्र जितना ही बुजुर्ग हो। कभी-कभी गलत आदतों से इसकी उम्र तेजी से बढ़ने लगती है। हाल ही में एक शोध का दावा है कि शरीर के बाकी अंगों के मुकाबले दिल जल्दी बूढ़ा होता है। हालांकि इसकी उम्र का आप एक साधारण से टेस्ट से पता लगा सकते हैं।
शामिल किए गए कई पहलू

अमेरिका के शोधकर्ताओं ने दिल की उम्र का पता लगाने और समय को पीछे मोड़ने का रास्ता खोज लिया है। शोधकर्ताओं का दावा है कि इस ऑनलाइन परीक्षण से लाखों लोगों को फायदा हो सकता है। खास बात ये है कि यह मुफ्त है। इस परीक्षण में कोलेस्ट्रॉल, ब्लड प्रेशर, पुरानी बीमारियां, धूम्रपान और दवाएं जैसे जीवनशैली संबंधित कारक शामिल हैं। इसमें ग्लोमेरुलर फिल्ट्रेशन रेट भी दर्ज करनी होती है। जिससे गुर्दों की सेहत का अंदाजा लगता है। यह परीक्षण हृदय के दबाव का आंकड़ा भी देता है।
जोखिम में 10 में से 8 लोग
इस ऑनलाइन परीक्षण से लोगों के हृदय रोगों के जोखिम की गणना प्रतिशत में की जा सकती है। शोध में यह भी सामने आया कि 10 में से 8 लोग अगले दस साल में हृदय संबंधी किसी न किसी बीमारी से पीड़ित हो सकते हैं। शोध का दावा है कि ज्यादातर वयस्कों का दिल उनके शरीर के बाकी हिस्सों की तुलना में तेजी से बूढ़ा होता है।
हजारों लोगों पर किया परीक्षण
नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के इस ‘एज कैलकुलेटर’ को बनाने के लिए हजारों लोगों पर शोध किया गया। शोधकर्ताओं ने साल 2011 और 2020 के बीच राष्ट्रीय स्वास्थ्य और पोषण परीक्षा सर्वेक्षण से 30 से 79 साल के करीब 14 हजार अमेरिकन वयस्कों पर इस ऐज कैलकुलेटर का परीक्षण किया है। इस परीक्षण से उनके हृदय की आयु का अनुमान लगाया गया।
ऐज कैलकुलेटर से टलेगा खतरा
नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी में कार्डियोलॉजी की प्रोफेसर और अध्ययन की प्रमुख लेखिका डॉ. सादिया खान का कहना है कि शोध से पता चला है कि ऐसे कई लोग हैं जिन्हें हार्ट फेल, हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों का जोखिम कम करने के लिए दवा लेनी चाहिए। लेकिन वे कोई दवा नहीं ले रहे हैं। इस नए ऐज कैलकुलेटर से ऐसे खतरे टाले जा सकते हैं।
पुरुषों का दिल ज्यादा बूढ़ा
अध्ययन के अनुसार महिलाओं का दिल पुरुषों के मुकाबले ज्यादा जवान मिला। महिलाओं की जैविक हृदय आयु उनकी असल उम्र से औसतन चार साल ज्यादा थी। लेकिन पुरुषों का हृदय औसतन छह साल बूढ़ा मिला। जामा कार्डियोलॉजी पत्रिका में प्रकाशित इस शोध के अनुसार इस परीक्षण से लोग सेहत संबंधी जोखिमों को पहचान सकेंगे। आपको बता दें कि दुनियाभर में हृदय रोगों से होने वाली मौतों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। कम उम्र में भी लोग हार्ट अटैक, स्ट्रोक का शिकार हो रहे हैं।
