Overview:सिर्फ महिलाएं नहीं, पुरुषों को भी स्किन से जुड़ी कई समस्याएं होती हैं
पुरुषों की त्वचा भी उतनी ही संवेदनशील होती है जितनी महिलाओं की, बस फर्क इतना है कि वे अक्सर स्किन केयर को नजरअंदाज़ कर देते हैं। अगर समय रहते स्किन की समस्याओं को समझकर सही देखभाल की जाए, तो न सिर्फ त्वचा की सेहत बेहतर होगी, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
Skin Problems In Men: अक्सर ऐसा माना जाता है कि स्किन की देखभाल सिर्फ महिलाओं के लिए ज़रूरी है, लेकिन हकीकत ये है कि पुरुषों की त्वचा भी खास देखभाल की मांग करती है। तेज धूप, पसीना, शेविंग और लापरवाही पुरुषों की स्किन को कई समस्याओं से घेर सकती है। समय पर ध्यान न देने पर ये छोटी-छोटी समस्याएं आगे चलकर गंभीर रूप ले सकती हैं। इस लेख में हम बात कर रहे हैं पुरुषों में आमतौर पर पाई जाने वाली 6 स्किन कंडीशन्स की और यह भी बताएंगे कि उनसे कैसे बचा और निपटा जा सकता है।
एक्ने और पिंपल्स

पुरुषों में ऑयली स्किन और हार्मोनल बदलावों के चलते एक्ने की समस्या आम है। दाढ़ी बनाने से स्किन पर जलन भी होती है जिससे पिंपल्स और ब्रेकआउट्स बढ़ सकते हैं।
क्या करें: दिन में दो बार माइल्ड फेसवॉश से चेहरा साफ करें, एक्सफोलिएशन हफ्ते में दो बार करें और ऑयल-फ्री मॉइस्चराइज़र का इस्तेमाल करें।
रेजर बर्न और इनग्रोन हेयर्स
गलत शेविंग टेक्निक या पुराने रेजर ब्लेड का इस्तेमाल करने से त्वचा पर जलन, दाने और अंदर की ओर उगे बाल (इनग्रोन हेयर) हो सकते हैं।
क्या करें: शेव करने से पहले स्किन को गुनगुने पानी से भिगोएं, शेविंग जेल लगाएं और हमेशा क्लीन रेजर इस्तेमाल करें। शेव के बाद एलोवेरा युक्त आफ्टरशेव लगाएं।
ड्राय और फटे हुए स्किन
धूल, प्रदूषण और साबुन के ज़रूरत से ज़्यादा इस्तेमाल से स्किन की नमी चली जाती है, जिससे त्वचा रूखी, खिंची-खिंची और परतदार हो जाती है।
क्या करें: मॉइस्चराइज़िंग क्रीम या लोशन का नियमित इस्तेमाल करें, खासकर नहाने के तुरंत बाद। बहुत गर्म पानी से न नहाएं।
टैनिंग और सनबर्न
पुरुष ज़्यादातर बाहर रहते हैं, जिससे तेज धूप की वजह से स्किन पर टैनिंग या जलन हो जाती है।
क्या करें: धूप में निकलने से पहले SPF 30 या उससे ज़्यादा सनस्क्रीन लगाएं। चेहरे को स्कार्फ या कैप से ढकें और नींबू या एलोवेरा युक्त फेसपैक का उपयोग करें।
डार्क स्पॉट्स और अनइवन स्किन टोन
पिंपल्स के निशान या धूप की वजह से चेहरा बेजान और दाग-धब्बों से भरा हुआ लग सकता है।
क्या करें: विटामिन सी युक्त सीरम या क्रीम का इस्तेमाल करें और हफ्ते में एक बार हल्का स्क्रब करें। रात को सोने से पहले स्किन को क्लीन और मॉइस्चराइज़ करना न भूलें।
फंगल इंफेक्शन
गर्मियों में पसीने और नमी की वजह से पुरुषों को कमर, गर्दन और जांघों में खुजली या फंगल इंफेक्शन होना आम है।
क्या करें: हल्के और सूती कपड़े पहनें, स्किन को सूखा और साफ रखें। फंगल क्रीम का इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह से करें।
