A happy family of four in traditional Indian attire sitting on a couch in a cozy living room.
Choti si Galatfehmi

Summary: खामोश त्याग और सच्चा परिवार: संदीप की भावुक कहानी

परिवार के लिए अपनी इच्छाओं का त्याग करने वाले संदीप को लगता है कि वह सिर्फ जिम्मेदारियों तक सीमित रह गया है, लेकिन एक भावुक सच उसके सामने सब बदल देता है। यह कहानी त्याग, गलतफहमी और माता-पिता के निःस्वार्थ प्रेम की दिल छू लेने वाली झलक है।

Short Story in Hindi: संदीप बचपन से ही जिम्मेदार था। घर की आर्थिक हालत बहुत मजबूत नहीं थी, लेकिन उसके सपने बहुत बड़े थे। सिर्फ 19 साल की उम्र से ही उसने अपने परिवार का सहारा बनना शुरू कर दिया था। पढ़ाई में वह हमेशा अव्वल आता, और साथ ही पार्ट-टाइम नौकरी करके घर का खर्च भी संभालता। उसकी माँ अक्सर कहतीं, तू ही तो हमारे घर की ताकत है, बेटा और संदीप बस हल्की-सी मुस्कान दे देता, क्योंकि उसे पता था कि ये मुस्कान ही उसके माता-पिता को सुकून देती है। संदीप की मेहनत रंग लाई और उसे एक अच्छे सरकारी कॉलेज में एडमिशन मिल गया। लेकिन कॉलेज जाना भी उसके लिए आसान नहीं था। रोज सुबह वह तीन बसें बदलता, फिर आखिरी 1.5 किलोमीटर पैदल चलकर कॉलेज पहुंचता।

धूप हो, बारिश हो या ठंड संदीप कभी नहीं रुका। उसे बस एक ही बात सताती थी अपनी छोटी बहन अन्विका की शादी के लिए पैसे जोड़ने हैं और घर की जिम्मेदारियों को निभाना है। कॉलेज के साथ-साथ उसकी पार्ट-टाइम नौकरी भी जारी रही। दिन में क्लास, शाम को काम और रात में पढ़ाई, यही उसकी जिंदगी बन चुकी थी। देखते-देखते एक साल गुजर गया। एक दिन थका-हारा संदीप घर लौटा और हिम्मत करके अपने पिता से बोला,पापा..अगर एक बाइक मिल जाए तो कॉलेज जाना थोड़ा आसान हो जाएगा। पिता ने एक गहरी सांस ली, उनका चेहरा थोड़ा गंभीर हो गया। बेटा, इतना पैसा मैं कहां से लाऊं? हां, मैं सरकारी नौकरी करता हूं, लेकिन मेरी सैलरी इतनी नहीं कि तुम्हारी ये बड़ी मांग पूरी कर सकूं। तुम पढ़ाई पर ध्यान दो… जब अच्छी नौकरी लग जाएगी, तब सीधा एक बढ़िया कार लेना।

A split image shows a young man working at a snack stall while studying, and three students studying together at an outdoor table in a bustling city.
The Silent Sacrifice of a Son

संदीप चुप हो गया। उसने सिर हिला दिया, पर उसके दिल में कहीं गहरा दर्द बैठ गया। उसे पहली बार लगा कि शायद उसकी जरूरतें और तकलीफें किसी को दिखाई नहीं देतीं। उस दिन के बाद उसने कभी बाइक की बात नहीं की। वह पहले से भी ज्यादा मेहनत करने लगा। कुछ साल बीत गए। संदीप की मेहनत रंग लाई और उसे एक बहुत अच्छी नौकरी मिल गई। सैलरी भी शानदार थी। अब घर में किसी चीज की जरूरत होती तो सब सीधे संदीप को फोन करते। बेटा, घर का फ्रिज खराब हो गया है। भैया, मेरी फीस भरनी है। संदीप, थोड़े पैसे भेज दो। संदीप बिना कुछ कहे सब करता रहा। लेकिन धीरे-धीरे उसके अंदर कुछ बदलने लगा था। वह घर वालों से कम बात करने लगा, फोन जल्दी काट देता, और छुट्टियों में भी घर आना कम कर दिया। उसे लगता था कि वह सिर्फ एक एटीएम बनकर रह गया है। न कोई उसके संघर्ष पूछता, न उसकी थकान।

A businessman presents data on a large screen to colleagues in a high-rise office at sunset.
A Journey of Sacrifice and Misunderstanding

एक दिन अचानक माँ का फोन आया, आवाज कांप रही थी “बेटा, जल्दी घर आ जा पापा की तबीयत ठीक नहीं है। संदीप सब कुछ छोड़कर उसी रात घर पहुंच गया। घर में अजीब-सी खामोशी थी। जैसे ही वह अंदर गया, उसने देखा पापा ठीक-ठाक बैठे थे, माँ और अन्विका भी वहीं थीं। संदीप थोड़ा गुस्से में बोला, ये क्या है? आप लोगों ने कहा था पापा की तबीयत खराब है! मुझे ऑफिस से छुट्टी लेकर भागना पड़ा। पापा ने धीरे से उसकी ओर देखा और कहा, हमें तुझसे बात करनी थी बेटा और तू अब फोन पर ठीक से बात भी नहीं करता। संदीप चुप रहा, लेकिन उसकी आंखों में जमा सालों का दर्द छलक पड़ा। आप लोगों को मेरी जरूरत सिर्फ पैसों के लिए होती है। जब बाइक मांगी थी, तब आप लोगों के पास पैसे नहीं थे लेकिन मेरी हर कमाई की जरूरत आपको होती है। कमरे में सन्नाटा छा गया। माँ की आंखों से आंसू बहने लगे। उन्होंने अलमारी से एक पुराना डिब्बा निकाला और संदीप के सामने रख दिया। डिब्बा खोलते ही संदीप हैरान रह गया। उसमें पैसे, बैंक की कुछ रसीदें और कार की बुकिंग स्लिप थी।

पापा धीमे से बोले, जिस दिन तूने बाइक मांगी थी… उसी दिन से हम तेरे लिए कार के पैसे जोड़ने लगे थे। लेकिन उसी साल अन्विका की पढ़ाई और घर की जिम्मेदारियों में ज्यादातर सब खर्च हो गया। हमें डर था कि अगर हम तुझे बाइक दिला देंगे, तो तेरी पढ़ाई और परिवार दोनों पर बोझ बढ़ जाएगा।माँ ने उसका हाथ पकड़ते हुए कहा,और जो पैसे तू भेजता था बेटा, हमने सब खर्च नहीं किए। ये देख, तेरे नाम की फिक्स्ड डिपॉजिट है। हम चाहते थे कि जब तू थक जाए, तो उसके सपनों के लिए एक सहारा हो। कार आने में बस अब 3 दिन ही रह गए हैं। हम चाहते थे तेरी पहली कार की चाबी तू खुद अपने हाथ से ले।

A somber family in traditional Indian clothing gathers around a woman holding an ornate wooden chest.
The Pain of Silence, The Power of Love

संदीप के हाथ कांपने लगे। उसकी आंखों से आंसू रुक ही नहीं रहे थे। पापा ने आगे कहा, हमने कभी तुझे बोझ नहीं समझा, बेटा। हम बस चाहते थे कि तू अपने पैरों पर खड़ा हो जाए। संदीप वहीं जमीन पर बैठ गया और फूट-फूटकर रोने लगा। सालों का गुस्सा, दर्द और गलतफहमियां आंसुओं में बह गईं। उसने पापा के पैर पकड़ लिए और बोला, मैं ही गलत था मैंने समझा ही नहीं कि आप लोग मेरी हर खामोशी को हमेशा से ही समझते रहे। माँ ने उसे गले लगा लिया। अन्विका मुस्कुराते हुए बोली, “भैया, आप हमारे लिए सब कुछ हो। उस रात संदीप को एहसास हुआ जिस परिवार को वह स्वार्थी समझने लगा था, वही परिवार चुपचाप उसके हर त्याग की इज्जत कर रहा था,और पहली बार, इतने सालों बाद, संदीप ने सुकून से सिर माँ की गोद में रखकर कहा, अब मुझे कुछ नहीं चाहिए बस आप लोगों का साथ चाहिए। कमरे में सन्नाटा नहीं, बल्कि रिश्तों की गर्माहट थी। आज प्यार भरी गर्माहट में एक गलतफहमी भरी कहानी का सबसे भावुक अंत लिख दिया गया था ।

उत्तराखंड से ताल्लुक रखने वाली तरूणा ने 2020 में यूट्यूब चैनल के ज़रिए अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद इंडिया टीवी के लिए आर्टिकल्स लिखे और नीलेश मिश्रा की वेबसाइट पर कहानियाँ प्रकाशित हुईं। वर्तमान में देश की अग्रणी महिला पत्रिका...