Summary: 2 ऑटो ड्राइवरों के लिए मसीहा बने करण औजला, 17,000 रुपये का जुर्माना भरकर जीता दिल
करण औजला ने सड़क पर मुसीबत में फंसे दो ऑटो ड्राइवरों की मदद की। 17 हजार रुपये का जुर्माना भरकर उन्होंने दरियादिली दिखाई। उनके इस कदम की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है।
Karan Aujla Viral Video: पंजाबी सिंगर करण औजला इन दिनों अपने P-Pop Culture India Tour को लेकर सुर्खियों में हैं। 28 फरवरी को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में उन्होंने शानदार परफॉर्मेंस देकर टूर की शुरुआत की और अपने हिट गानों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अब वह टूर के इंडिया लेग के तहत मुंबई में हैं, जहां 3 मार्च को होली स्पेशल कॉन्सर्ट में मुंबई और पुणे में स्टेज संभालने वाले हैं। इसी बीच मुंबई में एक ऑटो राइड के दौरान पुलिस ने उनका ऑटो रोक लिया। आखिर ऑटो क्यों रोका गया और इसके पीछे की पूरी कहानी क्या है? आइए जानते हैं।
ड्राइवर के लिए कैसे मसीहा बने करण औजला
दरअसल, इस ऑटो राइड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे फिल्ममेकर सनविर सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। वीडियो में दिखता है कि जिस ऑटो में करण औजला सफर कर रहे थे, उसे पुलिस ने रोक लिया। स्थिति समझने के बाद औजला ने तुरंत 17,000 रुपये का जुर्माना भरने की पेशकश की और अपनी टीम से फाइन अदा करने को कहा।
दूसरे ऑटो ड्राइवर के लिए बढ़ाया मदद का हाथ
इतना ही नहीं, थोड़ी देर बाद एक और ऑटो ड्राइवर मदद मांगने उनके पास पहुंचा, जिस पर सिंगर ने 5,000 रुपये देने की हामी भर दी। इससे ड्राइवर के चेहरे पर साफ खुशी नजर आई। वीडियो में औजला यह कहते भी सुनाई देते हैं, “ये लोग मुझे प्यार करेंगे, हम यहां सबका जुर्माना भर रहे हैं।”
ऑटो ड्राइवर से क्या बोले करण औजला?

इस घटना के बाद में दूसरे ऑटो ड्राइवर ने आभार जताते हुए सिंगर करण औजला को गले लगा लिया। माहौल हल्का-फुल्का हो गया और सिंगर ने मुस्कुराते हुए ड्राइवर को दोबारा चालान से बचने की नसीहत दी। उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि कोशिश करना कि हमेशा कोई ऐसा साथ हो, जो जरूरत पड़ने पर पेनल्टी भर सके। इसी दौरान वहां मौजूद फैंस ने करण को पहचान लिया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए भीड़ जुट गई, जिससे यह पल और खास बन गया। वीडियो के अंत में करण हंसते हुए कहते नजर आए, “अचानक मैं शहर का फेवरेट बन गया… यो! यह तो कमाल है।”
लोगों ने की करण की तारीफ
इस वीडियो पर फैंस जमकर रिएक्शन दे रहे हैं और करण औजला की दरियादिली की खूब सराहना कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “इसी वजह से मुझे ये इंसान इतना पसंद है।” वहीं दूसरे ने कमेंट किया, “सोने के दिल वाला बंदा।” किसी ने लिखा, “रिस्पेक्ट करन औजला, इसी कारण आप हमारे फेवरेट हो।” वहीं एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि लोग तो उनके कॉन्सर्ट की टिकट भी नहीं ले पा रहे, और यहां कुछ लोग यूं ही उनसे मिल भी लिए।

