गलती किसकी-गृहलक्ष्मी की कहानी: Mistake Story
Galti Kiski

Mistake Story: अचला जी की आंखों के आंसू आज थम ही नहीं रहे थे। वह चुपचाप अपने कमरे में बैठी आंसू बहाए जा रही थी। थोड़ी सी गलती और लापरवाही का नतीजा आज उनकी लाडली काजल भुगत रही थी। अचला जी अपनी पुरानी गलतियों को याद कर रहीं थीं। जब उनके पति ने उन्हें एक नया स्मार्टफोन गिफ्ट किया था।

यू-ट्यूब, टिकटॉक और स्नैपचैट जैसे एप्लिकेशन को देखकर उनके भीतर भी खुद को वायरल करने का जोश चढ़ा था। वह अपना वीडियो और चैट इन सोशल साइट्स पर अपलोड करती रहती थी। उस समय काजल किशोरावस्था के दहलीज पर ही थी। उसे अच्छे-बुरे की समझ नहीं थी। वह अपनी मम्मी को बहुत ही हसरतों से देखा करती थी।

समय के साथ काजल किशोरी हो गई। इस उम्र में बदलते हार्मोन के कारण कई प्रकार से शारीरिक और मानसिक परिवर्तन होते हैं। मां का गुण अब काजल में आ गया था। उसे अपने रूप और यौवन को वायरल करना था। वह भी अपना वीडियो और चैट तमाम सोशल साइट्स पर भेजती रहती थी। लेकिन उसे इतना लाइक्स और प्रचार नहीं मिला करता था जिसके कारण वह बहुत ही कुंठित रहती थी।

कई बार अचला जी ने उसे समझाया भी कि इस उम्र में पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए न कि इन सोशल साइट्स और तामझाम के पीछे भागना चाहिए। लेकिन काजल को कुछ समझ ही नहीं आता था। उसकी आंखों में नाम और प्रसिद्धि की अंधी चमक छाई हुई थी। एक दिन काजल अपने कमरे में बैठी थी कि एक व्यक्ति ने उसे फोन किया और कहा, ‘आप मिस काजल बोल रही हैं? ‘जी। ‘मैं संदीप ‘वी सीरीज से बोल रहा हूं। आपके रील्स और वीडियो हमें बहुत ही ज्यादा पसंद हैं। क्या आप हमारे साथ काम करना चाहेंगी? वी सीरीज वीडियो एल्बम के लिए प्रसिद्ध थी। काजल ने यह सुना तो खुशी के मारे उछल पड़ी। उसने कहा, ‘सर मुझे क्या करना होगा? ‘बस ऐसे ही छोटे-छोटे वीडियो और वीडियो चैट बना कर भेजिए। हम आपको अच्छी रकम भी देंगे। काजल ने अनुबंध स्वीकार कर लिया।

संदीप नाम का वह व्यक्ति काजल से उसके चैट और रील्स लेता और थोड़े रुपये भी भेजता रहता। धीरे-धीरे काजल को उसने अपने भरोसे में ले लिया था। एक दिन उसने काजल को फोन कर कहा, ‘मैम मेरा दोस्त ‘एम टीवी ज्वाइन कर रहा है। आप चाहो तो वहां आपको ब्रेक मिल सकता है। क्या आप इंटरेस्टेड हो? काजल को इस बात पर यकीन नहीं हुआ। उसने कहा, ‘मैं मम्मी से पूछकर बताती हूं। संदीप जोर से हंस कर कहा, ‘काजल मैम, आप फ्यूचर की टॉप हीरोइन होने जा रही हैं और फिर भी मम्मी से पूछ कर आप सारे फैसले लेंगी! ‘मैं ये नहीं कह रहा कि आप मम्मी से न पूछें लेकिन मौका हर बार दस्तक नहीं देता। मैं आपको थोड़ी देर में फोन करता हूं। काजल सोच में पड़ गई। उसे संदीप की सारी बातें ठीक लग रही थीं। उसने इस डर से कि कहीं मम्मी मना न कर दे, वह राजी हो गई।

संदीप ने आधे घंटे बाद फोन किया। काजल ने सारे अनुबंध स्वीकार कर लिए। अब संदीप काजल को अपनी अंगुलियों में नचाता। उसे बारिश में भीग-भीगकर ठुमके लगाते हुए गाने के लिए कहता, कभी छोटे कपड़ों में कैट वॉक करने के लिए कहता। फिर एक दिन उसने काजल को फोन कर कहा, ‘काजल तुम्हारे सारे फोटोज मेरे पास हैं। मैं इनको एडिट कर पोर्न फिल्म बना सकता हूं। अच्छा रहेगा कि तुम आज दोपहर के बाद होटल ग्रांड विल्सन में आ जाओ मेरे पास!

संदीप ने काजल को धमकाते हुए कहा, ‘रिमेंबर जस्ट 2 ओ क्लॉक! जब तक काजल को कुछ समझ आता कॉल कट हो चुका था। वह रोती हुई अपनी मम्मी अचला जी के पास भागी-भागी आई और सारी बातें बताई। अचला जी भी सच जानकर घबरा गईं। उन्हें लगा कि बगैर जांच पड़ताल किए उन्होंने यह क्या कर दिया! अब बस रोने के लिए सारी जिंदगी पड़ी है। अचला जी बैठी अपनी किस्मत को कोसती हुई वर्तमान में आईं कि अचानक उनको कुछ शक हुआ, तब वह दौड़ती हुई काजल के कमरे की ओर गई। कमरा अंदर से बंद था। उन्होंने जोर-जोर से दरवाजा पीटना शुरू किया लेकिन काजल ने कोई जवाब नहीं दिया। अब उन्हें घबराहट सी होने लगी। वह बाथरूम वाले दरवाजे से अंदर गईं। बाथरूम दोनों तरफ से कॉमन था।

उन्होंने देखा काजल बेहोश पड़ी है। उसके हाथों से खून बह रहा है। वह घबराती हुई चिल्लाती हुई बाहर भागी। आनन-फानन में उन्होंने एंबुलेंस बुलाया गया। बड़ी मुश्किल से काजल की जान बचाई गई।डॉक्टर ने ऊपर से कह दिया, ‘काजल की नसों में अब जान बाकी नहीं है इसलिए ज्यादा हार्ड वर्क नहीं करना होगा, वरना मुश्किल पड़ सकती है। खैर जान बची तो लाखों पाए। पुलिस ने सारी बातें रिकॉर्ड कर अपना काम शुरू कर दिया था, लेकिन काजल अब भी रो रही थी। एक तरफ जिंदगी भर के लिए वह आंशिक अपाहिज बनकर रह गई, दूसरी तरफ दुनिया भर की बदनामी भी बटोर ली। वायरल होने की ललक ने काजल को मुसीबत में डाल दिया था।