Summary: कम जगह में लगाएं परफेक्ट पौधे और बनाएं ग्रीन स्पेस
ईस्ट फेसिंग बालकनी में पौधों के लिए आदर्श माहौल मिलता है। जानिए कैसे छाया पसंद पौधे, हैंगिंग बास्केट और प्लांट स्क्रीन से बालकनी को सुंदर और प्राइवेसीफुल बनाएं।
Balcony Gardening Tips: आजकल शहरों में जिंदगी अपार्टमेंट में सिमट कर रह गई है। अब शहरों में रहने वाले लोग भी अपने घर की बालकनी को हरे-भरे गार्डन में बदलने लगे हैं। पहले जमाने की तरह घरों के साथ बड़े-बड़े गार्डन आजकल शहरों में बनाना नामुमकिन सा हो गया है। जगह कम होने के बावजूद भी बागवानी का शौक अब सीमित नहीं रहा, क्योंकि ऐसी बालकनी में सुबह की हल्की धूप मिलती है और दोपहर होते-होते वहां छाया बन जाती है। यह पौधों के लिए एक बेहतरीन माहौल होता है। खासकर ईस्ट फेसिंग बालकनी पर गार्डन तैयार करना उन लोगों के लिए बहुत अच्छा विकल्प है जो फूल, पत्तेदार पौधे या छोटी सब्ज़ियां उगाना चाहते हैं। इस तरह की बालकनी न तो बहुत गर्म होती है, न बहुत ठंडी। इसलिए यहां पौधों की देखभाल भी आसानी से हो जाती है।
दीवार के पास लगाएं छाया पसंद करने वाले पौधे
पूर्व दिशा की बालकनी में सुबह धूप आती है लेकिन दोपहर में छाया बन जाती है, खासकर इमारत की दीवार के पास। ऐसे में वहाँ उन पौधों को लगाना सही रहेगा जिन्हें कम धूप की ज़रूरत होती है। फर्न, स्पाइडर प्लांट, स्नेक प्लांट, और हार्डी जेरेनियम जैसे पौधे इस ज़ोन के लिए उपयुक्त माने जाते हैं। ये न केवल सुंदर दिखते हैं, बल्कि इनकी देखभाल भी आसान होती है।
हैंगिंग बास्केट का करें इस्तेमाल

अगर बालकनी की जगह बहुत ज़्यादा नहीं है, तो दीवारों पर वर्टिकल प्लांटर लगाकर आप ऊपर की ओर बागवानी कर सकते हैं। इसके अलावा, रेलिंग पर हैंगिंग बास्केट टांगकर उसमें टमाटर, पुदीना, धनिया, और तुलसी जैसे उपयोगी पौधे भी उगाए जा सकते हैं इस तरह की सेटिंग से न केवल जगह का बेहतर इस्तेमाल होता है, बल्कि बालकनी भी व्यवस्थित और आकर्षक दिखती है। भारी गमलों की जगह आप हल्के प्लास्टिक वाले गमले लें। गमले बनाने के लिए आप डीआईवाई भी कर सकते हैं यानी कि घर के ही पुराने डिब्बे या बोतल में आप पेड़ उगा सकते हैं।
टेबल पर ही सजाएं प्लांट

अगर आपको लग रहा है कि आप की बालकनी बहुत छोटी है और आप उसमें ज्यादा पेड़ पौधे नहीं लगा सकते हैं तो आप बालकनी की केवल एक दीवार को पौधों के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे आप एक रैक आदि लगाकर उस पर पौधे लगाएं और उसके बाद बालकनी के बीच में एक छोटा सा कॉफी टेबल रख दें। आप कॉफी टेबल पर बहुत ही छोटे-छोटे गमले रखकर उसमें पौधे लगा सकते हैं। इस तरह का गार्डन ना केवल हरा-भरा लगता है बल्कि यह आप की बालकनी को एक बहुत ही अलग लुक भी देता है।
प्लांट स्क्रीन की मदद से सजाएं बालकनी

यह भी एक बहुत ही बेहतरीन तरीका है अगर आप की बालकनी छोटी है। आप बैंबू स्क्रीन या फिर किसी हरी-भरी स्क्रीन से अपनी बालकनी का एक किनारा ढक सकते हैं। हालांकि इसमें आपको थोड़ी सी ज्यादा देखभाल करने की जरूरत रहती है लेकिन यह आप की बालकनी को बहुत ही अच्छा लुक देती है। साथ ही इससे बालकनी में आपकी प्राइवेसी भी बनी रहती हैं।
