Summary: थलपति विजय के 51वें जन्मदिन पर रिलीज़ हुआ “जन नायगन” का फर्स्ट रोअर, फिल्म में दिखेगा दमदार पुलिस अवतार और राजनीति से जुड़ी नई शुरुआत
थलपति विजय के 51वें जन्मदिन पर उनकी आगामी फिल्म "जन नायगन" का फर्स्ट लुक वीडियो "द फर्स्ट रोअर" रिलीज़ किया गया, जिसमें वे एक दबंग पुलिस ऑफिसर के रूप में नजर आ रहे हैं। एच. विनोद के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, प्रकाश राज और प्रियमणि जैसे सितारे नजर आएंगे।
Jana Nayagan Poster Release: थलपति विजय को यूं ही स्टार नहीं कहा जाता है। इस रविवार यानी 22 जून को उनका 51वां जन्मदिन था। उनके 51वें जन्मदिन के अवसर पर केवीएन प्रोडक्शंस ने “जन नायगन” की एक झलक द फर्स्ट रोअर रिलीज़ की। “जन नायगन” में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज और प्रियमणि जैसे एक्टर्स की एक्टिंग का जलवा देखने को मिलेगा। इस फिल्म में अनिरुद्ध रविचंदर का म्यूजिक है।
थलपति विजय के जन्मदिन पर “जन नायगन” की झलक
कल यानी रविवार, 22 जून 2025 को थलपति विजय का 51वां जन्मदिन था। इस खास मौके पर केवीएन प्रोडक्शंस ने “जन नायगन” की एक झलक द फर्स्ट रोअर रिलीज़ की। इसमें विजय को एक शानदार पुलिस ऑफिसर के रूप में दिखाया गया है, जिसकी घुंघराली मूंछें, पैनी नजरें हैं और जो चारों ओर अराजकता के बीच एक नायक की तरह खड़ा है। “जन नायगन” को एच. विनोद ने निर्देशित और केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले वेंकट के. नारायण ने निर्माण किया है। यह वीडियो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
थलपति विजय की राजनीतिक यात्रा
पूजा हेगड़े “जन नायगन” से पहले थलपति विजय के साथ नेल्सन दिलीपकुमार की बीस्ट में काम कर चुकी हैं, जो 2022 में रिलीज हुई थी। थलपति विजय की राजनीतिक यात्रा के बारे में पूजा हेगड़े ने कहा, “एक व्यक्ति के रूप में जो उन्हें स्क्रीन पर देखना पसंद करता है, यह सोचकर मैं बहुत दुखी हूं। लेकिन मैं उनकी यात्रा को सपोर्ट भी करती हूं। मैं उनके समर्थन में हूं। इसलिए उन्हें और पावर मिले।” फरवरी 2024 में विजय ने 2026 के चुनाव लड़ने की योजना के साथ अपनी राजनीतिक पार्टी तमिझागा वेत्री कझगम के गठन की घोषणा की थी। अपने बयान में उन्होंने राज्य में प्रशासनिक गिरावट, भ्रष्टाचार और विभाजनकारी राजनीति के बारे में चिंता जताई थी।
बॉबी देओल की दूसरी तमिल फिल्म
जैसा कि हम सब जानते हैं कि इस फिल्म में बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल भी हैं, उनकी यह दूसरी तमिल फिल्म है। बॉबी की पहली तमिल फिल्म “कंगुवा” थी, जिसमें उन्होंने सूर्या के सामने विलेन की भूमिका निभाई थी।
कब रिलीज हो रही है “जन नायगन”
“जन नायगन” मकर संक्रांति और पोंगल से पहले 9 जनवरी 2026 को थिएटर में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस द्वारा किया गया है। इसी साल गणतंत्र दिवस 2025 पर थलपति विजय ने एक पोस्टर के जरिए फिल्म से अपना लुक दिखाया, जिसमें उन्हें बैकग्राउन्ड में एक बड़ी भीड़ के साथ सेल्फी लेते हुए दिखाया गया था।
विजय की अंतिम फिल्म
कहा जा रहा है कि यह थलपति विजय की अंतिम फिल्म है। फिल्म के परड्यूसर ने भी इस बात का जिक्र किया है। विजय को इस फिल्म से पहले वेंकट प्रभु द्वारा निर्देशित “द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम” में देखा गया था। यह एक साइंस फिक्शन एक्शन फिल्म थी, जो 2024 की सबसे अधिक कमाई करने वाली रिलीज में से एक बन गई थी। इसे एजीएस एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित किया गया था और यह एक जासूस के मिशन के इर्द-गिर्द केंद्रित थी, जो सालों बाद फिर से सामने आता है।
