Overview:
अपने शरीर को टॉक्सिन फ्री रखकर आप कई परेशानियों से राहत पा सकते हैं। इसके लिए आपको महंगे इलाज की नहीं, बस कुछ घरेलू आयुर्वेदिक नुस्खे अपनाने की जरूरत है।
Body Detox Sign: हमारा शरीर एक शानदार ‘मशीन’ है। यह न सिर्फ अपने काम खुद करता है। बल्कि समय समय पर यह भी बताता है कि उसे डिटॉक्स की जरूरत है। इससे शरीर के टॉक्सिन बाहर निकलते हैं और आप अंदर से सेहतमंद होते हैं। मैटरनल एंड चाइल्ड न्यूट्रिशनिस्ट रमिता कौर ने अपने सोशल मीडिया पर इसे लेकर एक वीडियो किया है। उन्होंने बताया है कि आप इशारे समझकर बॉडी को कैसे नेचुरल तरीके से डिटॉक्स कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 5 इशारे।
इशारा नं. 1 : शरीर की दुर्गंध

कई लोगों के शरीर से पसीने की तेज दुर्गंध आती है। अक्सर लोग इसे सामान्य समझते हैं। लेकिन यह इस बात का इशारा है कि आपका लिवर ओवरलोड है। और उसे डिटॉक्स करने की जरूरत है। जब लिवर दबाव के कारण ठीक से काम नहीं करता है तो शरीर पसीने के माध्यम से टॉक्सिन बाहर निकालता है। जिसके कारण पसीने में बदबू आने लगती है।
समाधान : लिवर डिटॉक्स करने के लिए आप नियमित रूप से सुबह धनिए और पुदीने का पानी पिएं।
इशारा नं. 2 : सांसों की बदबू
ब्रश करने के बावजूद अगर मुंह और सांसों से बदबू आती है तो आपको सावधान हो जाना चाहिए। ऐसा सिर्फ ओरल हेल्थ के कारण ही नहीं होता। कई बार यह इशारा आंतों के असंतुलन यानी गट इंबैलेंस को बताता है। इस असंतुलन से आंतें ठीक से काम नहीं कर पाती हैं। भोजन पच नहीं पाता, जिससे कब्ज, अपच जैसे लक्षण भी नजर आते हैं।
समाधान : आपको अपनी डाइट में प्रोबायोटिक्स को शामिल करना चाहिए। दही में भुना हुआ जीरा डालकर खाने से फायदा हो सकता है।
इशारा नं. 3 : ब्रेन फॉग
ब्रेन फॉग के कारण लोग मानसिक रूप से थकान महसूस करने लगते हैं। इसका असर उनकी याददाश्त, फोकस और सोच पर भी पड़ता है। यह एक गंभीर स्थिति हो सकती है, जो अक्सर आंतों में सूजन और लिवर के ठीक से काम न करने के कारण भी हो सकती है।
समाधान : रात में एक टीस्पून त्रिफला चूर्ण का सेवन करें। इससे लिवर और आंतों की सूजन कम होगी। साथ ही ये दोनों ही अंग डिटॉक्स भी होंगे।
इशारा नं. 4 : स्किन ब्रेकआउट
स्किन ब्रेकआउट यानी त्वचा पर फुंसियां, पिंपल्स होेना एक आम समस्या है। यह साफ इशारा है कि आपकी आंतें और लिवर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। वे टॉक्सिक पदार्थ बना रहे हैं। ये टॉक्सिक जब नॉर्मल तरीके से शरीर से बाहर नहीं निकल पाते तो त्वचा से बाहर निकलने लगते हैं, जो पिंपल्स और एक्ने के रूप में नजर आते हैं।
समाधान : अपने लिवर को नेचुरली साफ करने के लिए आपको फाइबर रिच फूड खाना चाहिए। इसके लिए अपनी डेली डाइट में फल और सारे सीड्स शामिल करें। भीगी हुई किशमिश खाना बेहद फायदेमंद रहेगा।
इशारा नं. 5 : पेट फूलना, डकार आना
अगर आप अक्सर पेट फूलना, डकार आने जैसी समस्याओं से परेशान रहते हैं तो यह आपकी गट हेल्थ को बताता है। इसका मतलब ये है कि आपका पाचन कमजोर हो रहा है। और पेट में पाचक एसिड कम बन रहा है।
समाधान : गट हेल्थ में सुधार करने के लिए आपको पाचन शक्ति बढ़ानी होगी। इससे गैस कम बनेगी और पेट फूलने की परेशानी कम होगी। इसलिए हर भोजन के बाद आप अजवाइन और सौंफ का पानी पिएं।
इनपर ध्यान देना है जरूरी
रमिता कौर का कहना है कि सिर्फ नेचुरल उपाय या सुपरफूड अकेले आपकी परेशानियों को जड़ से खत्म नहीं कर सकते हैं। इसलिए आपको हेल्दी और बैलेंस डाइट लेनी होगी। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीना होगा। नियमित एक्सरसाइज या अन्य शारीरिक गतिविधियों को रूटीन में शामिल करें। योग, ध्यान या 40 से 45 मिनट की वॉक करना अच्छा रहेगा। इससे तनाव भी कम होगा।
