Paratha for Weight Loss: पराठे भला किसको पसंद नहीं होंगे? पराठे चाहे आलू के हों, गोभी के हो, मूली के या पनीर के नाश्ते में दही के साथ इन्हें खाने का मजा ही कुछ और है। हालांकि, टेस्ट में अच्छे लगने वाले ये पराठे कैलोरी के हिसाब से उतने अच्छे नहीं होते हैं क्योंकि ये आपके आपके कोलेस्ट्रॉल को बढ़ा सकते हैं। घी, तेल या बटर से बने इन पराठों से आपका अच्छा-ख़ासा वजन भी बढ़ सकत है। लेकिन, फिर भी कुछ लोग पराठे खाने से ख़ुद को रोक नहीं पाते हैं। अगर आप भी इनमें से एक हैं तो आज हम आपको बताने वाले हैं ऐसे पराठे जिन्हें खाकर आपका वजन बिलकुल नहीं बढ़ सकता, जी हाँ, सुनने में अजीब लग रहा है ना लेकिन यह बिलकुल सच है। चलिए जानते हैं इन कैलोरी फ्री पराठों को बनाने का तरीक़ा-
रेगुलर आटे को छोड़ें

अधिकतर लोग गेहूं का आटा इस्तेमाल करते हैं लेकिन, वज़न घटाने के लिए आप दूसरे विकल्प ट्राय करें। इनमें बाजरा, ज्वार और रागी जैसे मल्टीग्रेन आटे का ऑप्शन चुन सकते हैं। फाइबर से भरपूर होने के कारण जब आप इनसे बने पराठे खाते हैं तो आपको लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है। आयरन और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होने के कारण ये आपके भोजन को हेल्दी और पौष्टिक बनाते हैं।
कम तेल का इस्तेमाल करें
अगर आप हेल्थी पराठे बनाना चाहते हैं, तो आपको उन्हें तेल में भिगोने की ज़रूरत नहीं है। पराठों पर सीधे घी या तेल डालने के बजाय तवे पर तेल या घी को हल्का कोट करने के लिए सिलिकॉन ब्रश का उपयोग करें। नॉन-स्टिक पैन का इस्तेमाल करें जिससे तेल की बहुत कम ज़रूरत पड़े। इससे पराठे क्रिस्पी भी बनेंगे।
हेल्दी स्टफिंग तैयार करें
पराठे की जान उसकी स्टफिंग है। इसके लिए आप कम कैलोरी वाली चीजों को इस्तेमाल कर सकते हैं। आलू जैसे हैवी कार्ब वाली फिलिंग के इस्तेमाल की जगह कद्दूकस की हुई फूलगोभी, पालक या गाजर जैसी सब्जियां इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आपको पनीर के पराठे पसंद है, तो आप बिना फैट या कम फैट वाला पनीर या टोफू का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इन हेल्दी चीज़ों से बढ़ेगा स्वाद
अलसी के बीज, चिया सीड्स और तिल के बीज आपके पराठों को और भी पौष्टिक बना देंगे। इन बीजों को आटे का डो बनाते समय या फिर फिलिंग में डाल सकते हैं। ये बीज न केवल पराठों को टेस्टी बनायेंगे, बल्कि ये सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद होते हैं। इन बीजों में ओमेगा-3 भरपूर मात्रा में होता है। ये पाचन को भी बेहतर करते हैं।
छोटे पराठे बनायें
कोशिश करें कि बड़े-बड़े हेवी पराठे बनाने की जगह छोटा साइज रखें। इन्हें दही या दाल के साथ लें जिससे इससे ही पूरा मील हो जाये और अलग से लंच नहीं करना पड़े।
साथ में हेल्दी चीज़ें लें
ख़ाली पराठे कम ही खाये जाते हैं। लेकिन आप पराठों के साथ जो भी खाते हैं उन्हें समझदारी के साथ चुनें। यदि आप ज्यादा फैट वाली कोई चीज खाते हैं, तो पराठों को कम कैलोरी वाला बनाने से भी कोई फायदा नहीं होगा। ऐसे में आप कम फैट वाला दही या धनिया-पुदीने की चटनी के साथ पराठे खा सकते हैं।
तो, आप भी अगर आप भी पराठे खाने के बाद गिल्ट नहीं महसूस करना चाहते हैं तो इन तरीक़ों से पराठे बनाकर देखें।
