Luxury Trains Travel: भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां घूमना और रहना जितना आनंददायक है उतना ही बजट फ्रेंडली भी। यहां हर साल लाखों की संख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं और बेहतरीन एक्सपीरियंस लेकर जाते हैं। विदेशी ही नहीं बल्कि भारतीय भी बड़ी संख्या में ट्रेवल करते हैं और महंगी से महंगी चीजों का अनुभव करना चाहते हैं। पांच सितारा होटल से लेकर महंगी हवाई यात्रा अब लोगों के लिए आम बात हो गई है। ट्रेवल के शौकीन लोग लग्जरी लाइफ के लिए लाखों रुपए खर्च करने को तैयार रहते हैं। यदि आप भी उनमें से एक हैं जो सफर में शाही ठाठ-बाट का आनंद लेना चाहते हैं तो भारत की ये आलीशान ट्रेंनें आपका सपना भी पूरा कर सकती हैं। इसके लिए आपको एक मोटी रकम खर्च करनी पड़ेगी लेकिन यकीन मानिए ये अनुभव आप जिंदगीभर याद रखेंगे। तो चलिए जानते हैं इन ट्रेंनों के बारे में।
डेक्कन ओडिसी

डेक्कन ओडिसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्ज्ति ट्रेन है। इसके डीलक्स केबिन और सुइट केबिन को फाइव स्टार होटल जैसा बनाया गया है। ट्रेन में यात्रियों के लिए लाउंज, कॉन्फ्रेंस कॉल, ऑनबोर्ड स्पा और विभिन्न किस्म के कुजीन की व्यवस्था की गई है। ये ट्रेन मुंबई से रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, गोवा, बेलगाम, कोल्हापुर, पुणे, औरंगाबाद, अजंता-एलोरा से वापस मुंबई लौटती है। डेक्कन ओडिसी ट्रेन का किराया 3,71,900 रुपए है। इस ट्रेन का सफर आपको राजा-महाराजाओं की याद दिला देगा।
महाराजा एक्सप्रेस
महाराजा एक्सप्रेस आईआरसीटीसी द्वारा शुरू की गई एक आलीशान लक्जरी ट्रेन है। इसमें 23 कैरिज-लॉन्ग ट्रेन हाउस शामिल है जिसमें जूनिया सुइट केबिन, डीलक्स केबिन, सुइट्स और प्रेसिडेंशियल सुइट्स जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इस ट्रेन में यात्रियों के लिए दो आलीशान रेस्तरां रंग महल और मयूर महल बनाए गए हैं। एक लाल किले की थीम पर और दूसरा राष्ट्रीय पक्षी मोर पर आधारित हैं। इस ट्रेन में महाराजाओं के ठाठ-बाट की तरह ही खाना-पीना और अन्य सुविधाएं मौजूद हैं। इन लग्जरी सुविधाओं का आनंद लेने के लिए आपको 7 दिनों में लगभग 21 लाख रुपए खर्च करने पड़ सकते हैं। ये ट्रेन मुंबई से शुरू होकर उत्तर भारत के कई प्रमुख शहरों की सैर कराती है।
रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स
रॉयल राजस्थान राजस्थान पर्यटन विकास निगम और भारतीय रेलवे का संयुक्त उद्गम है। ये भारत की सबसे महंग और लग्जरियस ट्रेनों में से एक है। इस ट्रेन में राजस्थान की परंपरा और रंग आसानी से देखा जा सकता है। रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स 7 दिन में राजस्थान के सभी प्रमुख ऐतिहासिक शहरों के अलावा आगरा, खजुराहो और वाराणसी जैसे गंतव्य स्थलों के दर्शन कराती है। इस ट्रेन से यात्रा करने के लिए आपको 7 दिन में लगभग 7 लाख रुपए तक खर्च करने पड़ सकते हैं।
रॉयल ओरिएंट ट्रेन

राजस्थान और गुजरात के विशेष क्षेत्रों को कवर करने वाली ये ट्रेन महलनुमा शैली के आरामदायक केबिन, वॉटरिक होल, लाइब्रेरी और रेस्तरां से सुसज्जित है। इस ट्रेन को फाइव स्टार होटल की तरह बनाया गया है। ये ट्रेन दिल्ली, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जूनागढ़, भीलवाड़ा, सरखेज, अहमदाबाद, जयपुर होती हुई वापस दिल्ली आएगी। इस लग्जरी ट्रेन का किराया लगभग 7 लाख रुपए है।
पैलेस ऑन व्हील्स
ये भारत की बेहतरीन लग्जरी ट्रेनों में से एक है। इस शाही ट्रेन में राजस्थान की संस्कृति और परंपरा का अनोखा मेल देखने को मिल जाएगा। ट्रेन को आधुनिक सुविधाओं के अनुसार डिजाइन किया गया है। इसमें यात्रियों के लिए शानदार केबिन, स्टॉक बार, स्पा और लाइब्रेरी की व्यवस्था की गई है। पैलेस ऑन व्हील्स में ट्रेडिशनल व्यंजनों के साथ कई विदेशी कुजीन को सर्व किया जाता है। इस ट्रेन का आनंद उठाने के लिए आपको लगभग 2 लाख रुपए तक खर्च करने पड़ सकते हैं।
