बच्चों के लिए घर पर मिनटों में तैयार करें फ्लेवर पॉपकॉर्न
आप फ्लेवर वाले पॉपकॉर्न को आसानी से घर पर बना सकती हैं, जिसके लिए आपको ज्यादा चीजों की भी जरुरत नहीं पड़ेगी। तो आइए जानते हैं अलग-अलग फ्लेवर वाले पॉपकॉर्न की रेसिपीज।
Flavored Popcorns Recipes: सिनेमा हॉल में मूवी देखना हो या घर में सबके साथ टाइम पास करते हुए कुछ खाना हो तो पॉपकॉर्न से अच्छा ऑप्शन कुछ भी नहीं होता है। पॉपकॉर्न खाना बच्चों से लेकर बड़ों सभी को अच्छा लगता है। आजकल मार्केट में कई तरह के अलग-अलग फ्लेवर वाले पॉपकॉर्न आ गए हैं, जिनकी कीमत काफी ज्यादा होती है। आप जब इन महंगे पॉपकॉर्न को खरीद कर खाती हैं तो आपके मन में यही आता है कि काश घर में इसे बना पाती तो कितना अच्छा होता। पैसे भी बच जाते और जी भरकर खा भी पाती। जी हाँ, आप इन फ्लेवर वाले पॉपकॉर्न को आसानी से घर पर भी बना सकती हैं, जिसके लिए आपको ज्यादा चीजों की भी जरुरत नहीं पड़ेगी। तो आइए जानते हैं अलग-अलग फ्लेवर वाले पॉपकॉर्न की रेसिपीज।
कैरेमल पॉपकॉर्न

सामग्री
- 1 कटोरी कच्चे मकई के दाने
- 1 चीनी कटोरी चीनी
- 1 चम्मच मक्खन
बनाने का तरीका
सबसे पहले आप एक पैन में हल्का सा बटर डालकर गर्म करें, फिर इसमें कच्चे मकई के दाने डाल कर ढँक दें और पॉपकॉर्न तैयार होने दें। अब एक दूसरे पैन में चीनी को अच्छे से पिघला दें। जब चीनी पिघल कर कैरेमल की तरह बन जाए तो इसमें पॉपकॉर्न और मक्खन डालें।अब इसे थोड़ी देर के लिए ढँक कर रख दें, ताकि पॉपकॉर्न के अन्दर कैरेमल अच्छे से चला जाए। इसके बाद पॉपकॉर्न को ठंडा होने के लिए छोड़ दें। देखिए कितने आसान स्टेप्स में तैयार है आपका कैरेमल पॉपकॉर्न।
ओरियो पॉपकॉर्न

सामग्री
- 2 कटोरी कच्चे मकई के दाने
- 10 पीसेस ओरियो बिस्किट
- 1 कप व्हाइट चॉकलेट
बनाने का तरीका
ओरियो पॉपकॉर्न बनाने के लिए सबसे पहले आप ओरियो बिस्किट्स को अच्छे से तोड़कर क्रश कर लें। अब एक पैन में पानी गर्म करें और इसमें व्हाइट चॉकलेट को पिघला दें। चॉकलेट को इतना पिघलाएं कि वह एक थिक पेस्ट की तरह दिखे। फिर एक पैन में बटर डालकर गर्म करें और इसमें कच्चे मकई के दाने डालकर अच्छे से पॉपकॉर्न तैयार होने दें। इसके बाद एक बड़ा सा बाउल लें और उसमें पॉपकॉर्न और मेल्टेड व्हाइट चॉकलेट को मिक्स कर दें। फिर इसके ऊपर क्रश किए हुए ओरियो बिस्किट को छिड़क दें। लीजिए तैयार है आपका टेस्टी-टेस्टी ओरियो पॉपकॉर्न।
मसाला पॉपकॉर्न

सामग्री
- 1 कटोरी कच्चे मकई के दाने
- 1 चम्मच बटर
- थोड़ी सी हल्दी
- 1 चम्मच लाल मिर्च
- 1 चम्मच जीरा पाउडर
- 1 चम्मच आमचूर पाउडर
- 1 चम्मच गरम मसाला
- नमक स्वादानुसार
बनाने का तरीका
मसाला पॉपकॉर्न बनाने के लिए सबसे पहले आप एक पैन में थोड़ा सा मक्खन पिघला दें, अब इसमें कच्चे मकई के दाने डालें और थोड़ी देर के लिए ढँक दें। थोड़ी देर के बाद जब मकई के दाने पॉपकॉर्न में बदलने लगें, तब इसमें सभी मसाले डालें और थोड़ा सा बटर डालकर अच्छे से मिक्स करें। अब 1 मिनट तक पॉपकॉर्न को पकने दें , ताकि मसालों का फ्लेवर इसमें आ जाए। इस मसाला पॉपकॉर्न को बनाने में 5 मिनट से भी कम समय लगता है।
