बच्चों को जीवन में सफल बनाने के लिए ज़रूर सिखायें ये मंत्र
बच्चों को कुछ मंत्रों का जाप करवाने से बच्चों का मन और दिमाग़ शांत होता है। वे एकाग्र होकर सही दिशा में सोच सकेंगे और उनकी याददाश्त भी बढ़ेगी।
Mantras for Kids: अधिकांश पैरेंट्स की शिकायत रहती है कि उनका बच्चा ज़रूरत से ज्यादा शैतान है, चंचल है, एक जगह पर थोड़ी देर भी शांति से नहीं बैठ पाता है, किसी भी काम में मन नहीं लगाता है। अगर आप भी ऐसा ही सोचते हैं तो बच्चों को कुछ मंत्रों का जाप करवाइए, इन्हें करने से बच्चों का मन और दिमाग़ शांत होगा। वे एकाग्र होकर सही दिशा में सोच सकेंगे और उनकी याददाश्त भी बढ़ेगी। जानते हैं इन मंत्रों के बारे में-
ओम

छोटे बच्चों को ओम मंत्रा का जाप सबसे पहले सिखाया जाना चाहिए। दो सरल अक्षरों से शक्तिशाली और सकारात्मक कंपन पैदा करने वाला यह मंत्रा ‘ओम’ अपने आप में पूरे ब्रह्मांड का सार है। बच्चों को ओम का जाप करना सिखाने से उन्हें ब्रह्मांड में चारों ओर मौजूद सकारात्मकता से जुड़ने में मदद मिलती है। अगर बच्चा खुद इसका जाप न कर सके तो माता-पिता को उन्हें शांत रखने के लिए उनके आस-पास होने पर ओम का जाप करना चाहिए।
‘ओम नमः शिवाय’
बच्चों को एक और सरल मंत्र ‘ओम नमः शिवाय’ सिखाना चाहिए। यह मंत्र भगवान शिव के लिए है, जो ब्रह्मांड के परिवर्तन के लिए जिम्मेदार हैं। इसका मतलब है ‘मैं भगवान शिव को नमन करता हूँ’। जब बच्चे अपने शुद्ध हृदय से इसका जाप करते हैं, तो उन्हें भगवान शिव से उन्हें स्वास्थ्य, धन और बुद्धि का आशीर्वाद मिलता है। जब भी बच्चों को अपने आस-पास ख़तरे का आभास हो उन्हें इस मंत्र का जाप करना चाहिए।
गायत्री मंत्र
ॐ भूर्भुव: स्व: तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो न: प्रचोदयात्। गायत्री मंत्र एक शुद्ध, शक्तिशाली मंत्र है जिसे आमतौर पर स्कूलों में बच्चों को पढ़ाया जाता है। इससे बच्चों के जीवन में ज्ञान का उजाला होता है और उन्हें जीवन में सही दिशा में चलने में मदद मिलती है।
महामृत्युंज्य मंत्र
मंत्र- ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम् उर्वारुकमिव बंधनान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्” । महामृत्युंजय मंत्र को भगवान शिव के सबसे शक्तिशाली मंत्रों में से एक माना जाता है। यह वह मंत्र है जो लोगों को बीमारियों और बुराई से सुरक्षा देता है। जब बच्चों को महामृत्युंजय मंत्र सिखाया जाता है, तो वे भगवान शिव के संरक्षण में सुरक्षित महसूस करते हैं। यह कठिन समय में उनको सहज बनाता है और डर को दूर करता है।
पवमान मंत्र
ॐ असतो मा सद्गमय। तमसो मा ज्योतिर्गमय। मृत्योर्मामृतं गमय। पवमान मंत्र एक बहुत ही महत्वपूर्ण मंत्र है जिसे बच्चों को समझना चाहिए। यह उच्च शक्तियों से एक अनुरोध की तरह है कि वे हमें भ्रम से वास्तविकता की ओर, अंधकार से प्रकाश की ओर और अकाल मृत्यु से दीर्घ जीवन की ओर ले जाएं।
गुरु मंत्र
गुरु ब्रह्मा गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वरा, गुरु साक्षात परब्रह्म, तस्मै श्री गुरवे नमः। यह सबसे महत्वपूर्ण मंत्रों में से एक है जिसे हर बच्चे को सीखना चाहिए। यह उन्हें गुरुओं और जीवन में शिक्षकों के महत्व के बारे में सिखाता है। यह बताता है कि गुरु का स्थान भगवान के समान है, क्योंकि वे भी मनुष्यों को सही आकार देते हैं और ढालते हैं।
तो, आप भी अपने बच्चों को इन मन्त्रों का जाप करना ज़रूर सिखायें, जिससे वे जीवन में हमेशा सही रास्ते पर चलें और किसी भी कठिनाई से परेशान नहीं हो।
