Summary: स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान की अस्पताल वाली वीडियो वायरल होते ही फैंस हुए चिंतित
स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान हाल ही में अपने भाई अरबाज़ खान के रमज़ान व्लॉग में अस्पताल के कपड़ों में नजर आए, जिसके बाद उनके फैंस चिंतित हो गए। मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल के कमरे से सामने आए इस वीडियो में जाकिर परिवार और दोस्तों के साथ भारत-इंग्लैंड क्रिकेट मैच देखते दिखाई देते हैं।
Zakir Khan Hospitalized: स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान हाल ही में अपने भाई अरबाज़ खान के व्लॉग में अस्पताल के कपड़ों में नजर आए, जिसके बाद उनके फैंस के बीच चिंता बढ़ गई। यह वीडियो अरबाज़ खान की रमज़ान व्लॉग सीरीज का हिस्सा है, जिसमें जाकिर के मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में नजर आए। इस क्लिप के ऑनलाइन आते ही जाकिर के फैंस का ध्यान तुरंत इस पर गया और उन्होंने उनकी सेहत के बारे में सवाल करना शुरू कर दिया। अभी कुछ महीनों पहले ही जाकिर ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए काम और सोशल मीडिया से कुछ समय के लिए दूरी बनाने का फैसला लिया है।
अस्पताल के कमरे में नजर आए जाकिर खान
जाकिर खान के छोटे भाई अरबाज़ खान के व्लॉग में दिखाया गया कि जाकिर मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल के एक प्राइवेट कमरे में आराम कर रहे हैं। उन्होंने पिंक कलर का हॉस्पिटल वाला गाउन पहन रखा है और अपने दोस्तों व परिवार के साथ टीवी पर क्रिकेट मैच देख रहे हैं। वीडियो में जाकिर पिछले हफ्ते खेले गए भारत बनाम इंग्लैंड क्रिकेट विश्व कप मैच को बड़े ध्यान से देखते नजर आते हैं। जब अरबाज़ उनसे पूछते हैं कि वह कैसा महसूस कर रहे हैं, तो जाकिर हमेशा की तरह मजाकिया अंदाज में जवाब देते हैं, “मैच अभी फंसा हुआ है।”
जाकिर के साथ नजर आए आईपीएस मनोज शर्मा और उनकी पत्नी
जाकिर हमेशा की तरह अपने हल्के-फुल्के अंदाज में नजर आए। उन्होंने अपने चेहरे से तनिक भी यह जाहिर नहीं होने दिया कि वह अस्पताल में भर्ती हैं। अरबाज़ खान के व्लॉग में आईपीएस मनोज कुमार शर्मा और उनकी पत्नी श्रद्धा शर्मा भी नजर आएं। जाहिर सी बात है कि ये दोनों भी जाकिर के साथ ठहाके लगा रहे थे। ये वही आईपीएस मनोज शर्मा हैं, जिन पर 12th फेल नामक फिल्म बनी थी और जिसमें विक्रांत मैसी नजर आए थे।
फैंस ने जताई चिंता और भेजीं दुआएं
जाकिर खान के अस्पताल वाले इस वीडियो के सोशल मीडिया पर सामने आते ही कमेंट सेक्शन में फैंस के मैसेज की बाढ़ आ गई। एक ने लिखा, “क्या हुआ जाकिर भाई को?” तो किसी अन्य ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की। “क्या आप ठीक हैं? ईद से पहले जल्दी ठीक हो जाइए।”, “आपके लिए ढेर सारी अच्छी सेहत की दुआएं भेज रहा हूं!!”, “जल्दी ठीक हो जाइए, जाकिर भाई” और “हर कोई ज़ाकिर भाई के बारे में पूछ रहा है। प्लीज हमें बताइए कि वह कैसे हैं, उन्हें क्या हुआ है। हम सब उनसे बहुत प्यार करते हैं और उनके लिए परेशान हैं” जैसे कमेंट्स से अरबाज़ खान के इंस्टाग्राम का कमेंट सेक्शन भर गया।
जाकिर खान ले चुके हैं काम से ब्रेक

गौरतलब है कि जाकिर खान कुछ समय पहले ही काम और सोशल मीडिया से दूरी बनाने का फैसला कर चुके हैं। उन्होंने अपने एक लाइव शो के दौरान दर्शकों से इस बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि वह कुछ समय के लिए अपने स्वास्थ्य और निजी जीवन पर ध्यान देना चाहते हैं। जाकिर ने कहा था कि यह ब्रेक तीन, चार या शायद पांच साल तक भी हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके फैंस का प्यार और समर्थन उनके लिए बेहद खास है और वह इसके लिए हमेशा आभारी रहेंगे। जाकिर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी इसी तरह का मैसेज शेयर किया था।

