Overview:
क्यों न इस नए साल में हम सभी कुछ ऐसी आदतें अपनाएं जिनसे हमारी जिंदगी स्वस्थ और आसान बन सके। यह सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य के बारे में ही नहीं है, बल्कि हमारे मानसिक सेहत के लिए भी यह जरूरी है।
Health New Year Resolution: साल 2024 बीतने वाला है और नए साल 2025 के स्वागत को हम तैयार है। नए साल का मतलब सिर्फ तारीख बदलने से ही नहीं है। यह हमारी आदतें बदलने से भी जुड़ा है। क्यों न इस नए साल में हम सभी कुछ ऐसी आदतें अपनाएं जिनसे हमारी जिंदगी स्वस्थ और आसान बन सके। यह सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य के बारे में ही नहीं है, बल्कि हमारे मानसिक सेहत के लिए भी यह जरूरी है। तो आइए जानते हैं ऐसे ही छोटे-छोटे 25 बदलाव जिन्हें अपनाकर आप सेहतमंद रह सकते हैं।
सुबह की हेल्दी आदतें

हाल ही में मशहूर न्यूट्रिशनिस्ट रेणु रखेजा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर इन आदतों का जिक्र किया है। उन्होंने दिन के हर पहर के लिए कुछ जरूरी कदम बताएं हैं। जिन्हें फॉलो करना बहुत ही आसान है।
1. अपने दिन की शुरुआत किसी न किसी एक्टिविटी के साथ करें। हल्की स्ट्रेचिंग, योग, क्विक वॉक आदि से आपकी बॉडी को वॉक अप अलार्म मिलेगा।
2. अपने शरीर को हाइड्रेट करें। सुबह उठने के बाद जल्दी से जल्दी आपको पानी जरूर पीना चाहिए। घंटों की नींद के बाद इससे आपकी बॉडी फिर से हाइड्रेट होगी।
3. सुबह 10 मिनट सूरज की रोशनी लेना बहुत जरूरी है। सुबह उठकर अपने घर से बाहर निकलें और अपनी एनर्जी को बूस्ट करें। इससे आपका सर्कैडियन रिदम सुधरेगा।
4. माइंडफुलनेस की प्रैक्टिस करना बहुत जरूरी है। सुबह गहरी सांस लेना, मेडिटेशन करने आदि से अपने दिन की शुरुआत करें। इससे आप दिनभर शांत महसूस करेंगे।
5. सुबह का नाश्ता प्रोटीन से भरपूर होना चाहिए। इसके लिए आप हाई प्रोटीन से भरपूर नाश्ते का सेवन करें।
दोपहर में अपनाएं ये आदतें
6. अगर आप बहुत लंबी सिटिंग वाली जॉब करते हैं तो भी बीच-बीच में अपने शरीर को मूवमेंट में लाएं। हर थोड़ी देर में एक छोटा ब्रेक लें और हर घंटे अपने शरीर को स्ट्रेच करें।
7. लंबे समय तक लैपटॉप पर काम करने से गर्दन पर काफी दबाव पड़ता है। इसके साथ ही आपका पोस्चर भी खराब हो सकता है। ऐसे में अपने लैपटॉप की पोजीशन लगातार बदलते रहें।
8. शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी है। इसलिए दिन में दो से तीन लीटर पानी जरूर पिया करें।
9. अपने पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने के लिए अपने खाने में बहुत सारी वैरायटी शामिल करें। इससे आपको पूरा पोषण मिलेगा।
10. आपके हर खाने में ढेर सारी सब्जियां और फल जरूर होनी चाहिए। ऐसा करने से आपको सभी पोषक तत्व मिल सकेेगे ।
ऐसे बढ़ेगी आपकी एनर्जी
11. शुगर ड्रिंक का सेवन कम से कम करें। इसकी जगह आप हर्बल टी और ब्लैक कॉफी का सेवन करें, लेकिन बिना चीनी के।
12. स्वस्थ रहने के लिए माइंडफुल ईटिंग जरूरी है। इसलिए अपने भोजन को बहुत धीरे-धीरे और पूरा चबाकर खाएं। इससे आप ओवर ईटिंग से बचेंगे।
13. प्रतिदिन 7000 से 8000 स्टेप्स जरूर चलें। फिट रहने के लिए यह जरूरी है।
14. अपने साथ हेल्दी स्नैक्स हमेशा रखें। नट्स, फ्रूट्स, दही अच्छे ऑप्शन हैं।
15. हर खाने के बाद कम से कम 15 मिनट की वॉक जरूर करें। इससे आपका डाइजेशन सिस्टम अच्छा होगा।
शाम को अपनाएंगे आदतें
16. दिन में आपके साथ जो भी अच्छा और पॉजिटिव हुआ है, उसे जरूर लिखें। इससे आपको मानसिक शांति मिलेगी।
17. व्यवस्थित रहने के लिए अपनी डू टू लिस्ट बनाएं। इसमें कल करने वाले सारे कामों को शामिल करें।
18. रात के समय हैवी डिनर करने से बचें। आपके बैड टाइम और डिनर के बीच एक लंबा गैप होना चाहिए।
19. दोपहर में 3 बजे बाद कैफीन का सेवन न करें। इससे आपको बेहतर नींद आएगी।
20. अपने स्ट्रेस को कम करने के लिए और अच्छी नींद के लिए सोने से पहले किताबें पढ़ना और मेडिटेशन करना अच्छी आदत है। इसे जरूर अपनाएं।
फिटनेस के लिए उठाएं ये कदम
21. सप्ताह में दो बार स्ट्रेंथ ट्रेनिंग जरूर करें। ऐसा करने से आपकी मसल बिल्डअप होगी और मेटाबॉलिज्म दुरुस्त होगा।
22. मोबिलिटी एक्सरसाइज जरूर करें। इससे आपके जॉइंट्स हेल्दी रहेंगे।
23. स्वस्थ रहने के लिए इंटरमिटेंट फास्टिंग एक अच्छा विकल्प है। आप अपने दिन का शेड्यूल इसी के अनुसार तय करें।
24. काम के कारण अगर आपको बीच-बीच में ब्रेक लेना याद नहीं रहता तो इसके लिए रिमाइंडर लगाएं। इससे आप गर्दन और कमर दर्द से बचे रहेंगे।
25. रात में 7 से 8 घंटे की अच्छी और गहरी नींद लेने पर फोकस करें।
जिंदगी को ऐसे बनाएं आसान
न्यूट्रिशनिस्ट के अनुसार जिंदगी को आसान बनाने के लिए कुछ अच्छी लाइफस्टाइल आदतें अपनाना जरूरी है। जैसे अपने सप्ताह भर के भोजन की प्लानिंग बनाना। इससे आपको अपने बिजी दिनों में काफी मदद मिलेगी। इसी के साथ अपने घर को हर समय साफ और व्यवस्थित रखने पर ध्यान दें। ऐसा करने से आपका तनाव कम होगा और फोकस बढ़ेगा। सेहतमंद रहने के लिए नियमित हेल्थ चेकअप करवाना बहुत जरूरी है।
