महानवमी पर इन चीजों को खरीदने से बरसती हैं मां की कृपा:Navratri 2024 Upay
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि के नौ दिनों के अंदर कुछ चीजों को खरीदने से घर में बरकत आती है और मां दुर्गा भी काफी प्रसन्न रहती है।
Navratri 2024 Upay: हिंदू धर्म में शारदीय नवरात्रि के पर्व का विशेष महत्व है और 3 अक्टूबर से इसकी शुरुआत हो चुकी हैं। नौ दिनों तक चलने वाला ये पावन त्यौहार मां दुर्गा को समर्पित है। इन दिनों देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। कहा जाता है कि इन नौ दिनों में मां दुर्गा से जो भी चीज मांगी जाती है, वो उन सभी मुरादों को पूरा करती हैं। भक्त मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए 9 दिनों तक उपवास करते हैं और उनकी आराधना में लीन रहते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि के नौ दिनों के अंदर कुछ चीजों को खरीदने से घर में बरकत आती है और मां दुर्गा भी काफी प्रसन्न रहती है। चलिए जानते हैं कि आप नवरात्रि के दौरान कौन सी चीज अपने घर ला सकते हैं।
Also Read: नवरात्रि उपवास में सिंघाड़े और कुट्टू का आटा क्यों शामिल करें?
घर ले आएं चांदी का सिक्का

धार्मिक रूप से नवरात्रि के नवमी में चांदी का सिक्का घर लाना बेहद ही शुभ माना जाता है। इसे मां लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है। कहते है कि चांदी के सिक्के को ला कर उसे मंदिर में स्थापित कर पूजने से घर में बरकत बनी रहती है और पैसों की कमी नहीं होती। ऐसे में आप भी इस नवरात्रि चांदी का सिक्का अपने घर ला सकते हैं।
तुलसी का पौधा

हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को बेहद शुभ माना जाता है। अगर अभी तक आपके घर में नहीं है तो इस नवरात्रि एक तुलसी का पौधा जरूर खरीद लाएं। नवरात्रि के पावन मौके पर इसे लाना बेहद ही शुभ माना जाता है। इसके अलावा यदि आपके घर में पहले से ही तुलसी का पौधा है तो रोजाना उसके सामने दीया जलाने से माता रानी प्रसन्न होती हैं और घर में सुख-शांति बनी रहती है।
मां लक्ष्मी की तस्वीर
नवरात्रि में माता लक्ष्मी की तस्वीर या मूर्ति लाना भी बहुत शुभ माना जाता है। कहते हैं कि नवरात्रि में मां दुर्गा की ही स्वरूप देवी लक्ष्मी की पूजा करने से घर में हमेशा सुख और समृद्धि बनी रहती है। हालांकि मूर्ति या तस्वीर लाते समय ध्यान रखें कि माता लक्ष्मी बैठी हुई मुद्रा में हों।
माता रानी के सोलह श्रृंगार

नवरात्रि में माता रानी का सोलह शृंगार करना बहुत ही शुभ माना जाता है। कहते हैं कि जो महिलाएं नवरात्रि में मां दुर्गा को सोलह शृंगार अर्पित करती हैं उन्हें अखंड सौभाग्य का वरदान मिलता है। आप अपने घर ने माता रानी की मूर्ति या तस्वीर का श्रृंगार भी कर सकती हैं।
आभूषण खरीदना है बेहद शुभ
नवरात्रि के अष्टमी और महानवमी पर आभूषण खरीदने को भी बेहद शुभ माना जाता है। इससे ऐश्वर्य और धन की प्राप्ति होती है। आप अपने लिए कोई भी छोटा आभूषण नवमी के दिन खरीद सकते हैं।
चुनरी या साड़ी
माता रानी को चुनरी और साड़ियां बेहद प्रिय है। आप माता को चढ़ाने के लिए लाल पीले और गुलाबी रंग की चुनरिया खरीद सकती है। इससे देवी दुर्गा प्रसन्न होती है और आपकी सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करती है।
