Doosri Maa : एक मां और बच्चे के बीच प्यार और अपनेपन की कहानी ही अलग होती है। मां का बच्चे से निस्वार्थ प्यार और स्नेह, बिना किसी शर्त के अपने जीवन को बच्चों के प्रति समर्पित करना, बच्चों के दर्द को महसूस करना या खुद से पहले बच्चों के बारे में सोचना सिर्फ मां ही ऐसा कर पाती है। मां के प्यार की कोई सीमा नहीं होती लेकिन ये रिश्ता क्या तब भी उतना ही मजबूत होता है जब मां और बेटे के बीच रिश्ता जन्म के बंधन से बंधा न हो। रिश्ता और भी मुश्किल हो जाता है जब बच्चा पति के किसी और के साथ संबंध की निशानी हो। ऐसी ही एक कहानी आपके समने ही जल्द ही & टीवी पर आने वाली है। ‘दूसरी मां’ ये सीरियल 20 सितंबर से & टीवी पर शुरू होने वाला है।
‘दूसरी मां’ क्या बनेगी यशोदा मां
इस शो की कहानी काफी दिलचस्प और कुछ मायनों में अलग कही जा सकती है। मां और बच्चों के बीच के रिश्तों पर आधारित कहानियों में अब तक इस तरह की कहानी शायद ही देखने को मिली हो। शो में एक मां और बच्चे का रिश्ता दिखाया गया है लेकिन वह बच्चा उसके के पति की नाजायज औलाद है। यह उत्तर प्रदेश में अपने पति, दो बेटियों और सास-ससुर के साथ रहने वाली एक औरत की कहानी है। वह एक खुशहाल, सुकून से भरी पारिवारिक जिंदगी बिता रही होती है, लेकिन तभी उसकी जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आता है कि उसकी जिंदगी में सब कुछ बदल जाता है। मां अपने सौतेले बेटे के साथ एक ही छत के नीचे रहने पर मजबूर हो जाती है। इसलिए शो का नाम ‘दूसरी मां’ रखा गया है। शो के किरदार के नाम यशोदा और कृष्णा हैं। यशोदा और कृष्णा की कहानी कुछ ऐसी ही है, जिन्हें किस्मत एकसाथ लाकर खड़ा कर देती है। दोनों एक साथ रहने को मजबूर हो जाते हैं। अब मां बेटे के इस रिश्ते में प्यार किस तरह पनपेगा और क्या यशोदा इस कृष्णा की मां बन पाएगी। ये जानने के लिए 20 सितंबर तक का इंतजार करना होगा।
शो के कलाकार
इस शो में नेहा जोशी यशोदा का किरदार निभा रही हैं। वहीं कृष्णा के रोल में आयुध भानुशाली नजर आएंगे। मोहित डग्गा और अनीता प्रधान भी इस शो में अहम किरदार में नजर आएंगे। इस शो का निर्माण जी स्टूडियोज और इम्तियाज पंजाबी ने किया है। एण्ड टीवी पर नए फैमिली ड्रामा ‘दूसरी मां’ शो में मां बेटे के बीच उलझे रिश्ते की कहानी एक नया प्रयोग है। मेकर्स के इस नए प्रयोग की सफलता तो शो देखने के बाद ही पता चलेगी क्योंकि टीवी पर इन दिनों मां पर आधारित शो ‘अनुपमा’, ‘स्वर्ण घर’ और ‘पुष्पा इंपॉसिबल’ पहले से ही दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाए हैं। जिसमें अनुपमा दर्शकों की पहली पसंद है। ऐसे में ‘दूसरी मां’ की यह अनोखी कहानी दर्शकों को भाएगी या नहीं इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है।
