Romance in Relationship: हम सभी अपने पार्टनर के साथ एक रोमांटिक रिश्ते को जीना चाहते हैं। लेकिन हमेशा रिश्ते में रोमांस बनाए रखना काफी चैलेंजिंग हो सकता है। जब आप अपने पार्टनर के साथ एक रोजमर्रा की जिन्दगी जीने लगते हैं तो इससे रिश्ते एक आम ढर्रे पर आ जाती है और ऐसे में रोमांस धीरे-धीरे कम होने लगता है। शुरुआत में हमें भले ही इस बात का पता ना चले, लेकिन एक वक्त के बाद रिश्ते में बोरियत का अहसास होने लगता है।
रिश्ते जुड़ाव, मौज-मस्ती और छोटे-छोटे इशारों पर पनपते हैं जो आपके पार्टनर को यह दिखाते हैं कि आप उनकी परवाह करते हैं। जब आप अपने पार्टनर के लिए छोटे-छोटे कदम उठाते हैं तो इससे रिश्ते में रोमांटिक वाइब्स हमेशा बनी रहती है। अक्सर लोग यह सोचते हैं कि रिश्ते में रोमांस बनाए रखने के लिए उन्हें बहुत कुछ खास करने की जरूरत है, जबकि वास्तव में ऐसा नहीं है। ऐसी कई छोटी-छोटी चीज़ें होती हैं जो प्यार को खास बनाती हैं। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ तरीकों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप अपने पार्टनर के साथ रिश्ते में रोमांस को जिंदा रख सकते हैं-
एक-दूसरे को करें सरप्राइज़

रिश्ते में रोमांस को जिंदा रखने का सबसे अच्छा व बेहतरीन तरीका है एक-दूसरे को सरप्राइज करना। हालांकि, इसके लिए आपको बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। आप छोटी-छोटी चीजों से भी अपने पार्टनर को सरप्राइज कर सकते हैं और उनके चेहरे पर बड़ी सी मुस्कान देख सकते हैं। मसलन, आप अपने पार्टनर के बैग में एक प्यार भरा नोट लिख कर सकते हैं या फिर बिना किसी ओकेजन पर उनके लिए कुछ खास करें। ये छोटी-छोटी चीजें रिश्ते में रोमांस को हमेशा जिंदा रखती हैं।
एक-दूसरे के लिए निकालें समय
अमूमन हम सभी के जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं और ऐसे में हम अपने रिश्तों को नजरअंदाज करना शुरू कर देते हैं। जिसकी वजह से रिश्तों से रोमांस गायब हो जाता है। इसलिए, आप चाहें कितने भी बिजी क्यों ना हों, अपने साथी के लिए समय जरूर निकालें। हालांकि, यह जरूरी नहीं है कि हर बार आप अपने पार्टनर के लिए डेट नाइट ही प्लान करें। आप चाहें तो दिन में महज 15 मिनट का समय भी अपने पार्टनर के लिए निकाल सकते हैं, जो पूरी तरह से बस उसका ही हो। इस दौरान अपना फ़ोन बंद करें, साथ बैठें और बस बात करें। जब आप दिन का सिर्फ 15 से 20 मिनट का समय अपने पार्टनर को देते हैं, तो यह भी रिश्ते में हमेशा उस प्यार व रोमांस को बनाए रखता है।
छोटी-छोटी जीत का मनाएं जश्न
अमूमन लोग अपने रिश्ते में कुछ खास अवसरों जैसे सालगिरह या जन्मदिन आदि ही सेलिब्रेट करते हैं, जबकि यह सिर्फ इन दिनों का जश्न मनाने के बारे में ही नहीं है, बल्कि आपको कुछ छोटी-छोटी चीजों को भी जरूर सेलिब्रेट करना चाहिए। इससे रिश्ते में एक नयापन व रोमांच बना रहता है। मसलन, अगर आपके पार्टनर ने अपने वीकली टास्क को बखूबी पूरा किया या फिर वह अपने फिटनेस गोल्स को पूरा करने में कामयाब रहे तो इसे भी सेलिब्रेट किया जा सकता है। इसके लिए आपको बहुत अधिक खर्चा करने की जरूरत नहीं है। बस आप अपना पसंदीदा गाना लगाएं और अपने पार्टनर के साथ जमकर डांस करें।
नई चीजों को करें ट्राई
अक्सर यह देखने में आता है कि हम अपनी जिन्दगी को एक पुराने ढर्रे पर जीना शुरू कर देते हैं और इसलिए हमारे रिश्ते में भी वो स्पार्क कम हो जाता है। ऐसे में रिश्ते में रोमांस को बनाए रखने के लिए आप कुछ नई चीजों को मिलकर ट्राई करें। इससे आपके मन में एक उत्साह व रोमांच पैदा होता है। मसलन, आप मिलकर किसी नई रेसिपी को आजमाएं। अगर आप कुछ एडवेंचर्स करना चाहते हैं तो ऐसे में आप स्काईडाइविंग जैसी चीजों को आजमा सकती है। इससे आप कुछ नए एक्सपीरियंस मिलकर शेयर करते हैं, जो आपके लिए हमेशा यादगार बने रहते हैं।
आभार करें व्यक्त

अक्सर रिश्तों में हम अपने पार्टनर को थैंक यू कहना भूल जाते हैं। सॉरी और थैंक यू भले ही बेहद मामूली शब्द लगें, लेकिन ये आपके पार्टनर को अधिक वैल्यूड फील करवाते हैं। जब किसी व्यक्ति की सराहना की जाती है तो सामने वाला व्यक्ति खुद को व अपने रिश्ते को अधिक मूल्यवान महसूस करता है। जरूरी नहीं है कि आपका पार्टनर कोई बड़ा काम ही करें, बस एक कप कॉफ़ी बनाना या फिर बस आपके लिए हरदम मौजूद रहना भी काफी है। यह प्यार दिखाने का एक सरल लेकिन शक्तिशाली तरीका है। जब आप अपने पार्टनर के उन प्रयासों को समझकर उनकी सराहना करते हैं तो इससे रिश्ता काफी खुशनुमा महसूस होता है। साथ ही, रिश्ते में वह रोमांस बना रहता है, जिसकी ख्वाहिश आपने कभी की होगी।
एक-दूसरे के स्पेस का करें सम्मान
रिश्ते में अक्सर समस्या तब पैदा होने लगती है, जब दोनों पार्टनर एक-दूसरे के स्पेस को खत्म करना शुरू कर देते हैं। जबकि साथ रहना खूबसूरत है, लेकिन एक हेल्दी रिश्ते को सांस लेने के लिए भी जगह की जरूरत होती है। इसलिए, एक-दूसरे को शौक पूरे करने, दोस्तों के साथ समय बिताने या अकेले पलों का आनंद लेने दें। जब आप ऐसा करते हैं तो पार्टनर आपके साथ भी अपने पलों को उतनी ही खूबसूरती के साथ जीना पसंद करता है, क्योंकि वह अंदर से खुश महसूस करता है। इससे रिश्ते में रोमांस हमेशा ही बरकरार रहता है, क्योंकि जब आप दोनों साथ होते हैं तो अपने जीवन के सबसे अच्छे पलों को जी रहे होते हैं। लेकिन जब आप एक साथ नहीं होते हैं, तब भी अपने-अपने स्पेस में काफी खुश रहते हैं।
