जापान के अन्य आकर्षणों के साथ वहां होने वाला चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल भी दुनिया में प्रकृति और फूलों को पसंद करने वालों के बीच खासा लोकप्रिय है। हालांकि आज ज्यादातर भारतीय परिवार जापान के चेरी ब्लॉसम के बारे में इसलिए जानते हैं क्योंकि बच्चो के कार्टून शो डोरेमॉन में इसके बारे में चर्चा है। लेकिन, बहुत कम ऐसे लोग हैं जिन्हें ये पता है कि सिर्फ जापान ही नहीं, हमारे देश में भी चेरी ब्लॉसम का उत्सव मनाया जाता है। कहां? उत्तर पूर्व राज्य मेघालय स्थित शिलॉन्ग में। 

जी हां, शिलॉन्ग शहर अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है और पिछले चार सालों से लगातार यहां इंडिया इंटरनैशलन चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। इस फेस्टिवल में पर्यटक शहर के अलग अलग हिस्से में  खिलने वाले फूलों का मनोरम नज़ारा देख पाते हैं। बता दें मेघालय में फैले चेरी के पेड़ जब खिलते हैं तो पूरा राज्य जैसे गुलाबी रंग की चादर ओढ़ लेता है और पर्यटकों को एक यादगार अनुभव देता है।

इस साल ये फेस्टिवल 13 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर 2019 तक आयोजित किया गया है।