Flower top 10

ये फूलों वाले पौधे अपने घर में लगाएं

वैसे तो हमारे देश में फूलों की अनगिनत वैराइयटी हैं, लेकिन आज हम आपको देश के 10 ऐसे खूबसूरत फूलों के बारे में बताएंगे, जो आपके बगीचे को सुंदर बनाएंगे। 

Flowering Plants: फूल हम सबको अच्छे लगते हैं क्योंकि यह हमारे घर और आंगन की खूबसूरती बढ़ाते हैं। साथ ही साथ यह हमारे घर के आसपास की हवा को शुद्ध भी करते हैं। कई पौधे तो ऐसे होते हैं, जिसमें औषधीय गुण भी पाया जाता है। यही वजह है कि इनकी उपयोगिता बढ़ जाती है। वैसे तो हमारे देश में फूलों की अनगिनत वैराइयटी हैं, लेकिन आज हम आपको देश के 10 ऐसे खूबसूरत फूलों के बारे में बताएंगे, जो आपके बगीचे को सुंदर बनाएंगे। 

ब्लीडिंग हार्ट

इस फूल को देखकर ही आप समझ जाएँगे कि इसका नाम ब्लीडिंग हार्ट क्यों रखा गया है। दिल के आकार का यह पौधा देखने में काफ़ी सुंदर होता है। गुलाबी-सफेद फूलों से भरा ब्लीडिंग हार्ट का पौधा एक बहुत ही ख़ूबसूरत फूल है जो हर किसी का ध्यान आकर्षित कर सकता है। नम वसंत में खिलने वाला यह फूल ठंडी जलवायु में अच्छी तरह से बढ़ता है। ब्लीडिंग हार्ट की कई सारी प्रजातियाँ पायी जाती हैं। यह गुलाबी, लाल, पीले और सफेद रंग में उपलब्ध है। 

 पलाश

पलाश का फूल काफ़ी ख़ूबसूरत होता है जिसकी वजह से इसे हर कोई अपने घर के बगीचे में लगाना चाहता है। एक जमाने में पलाश के फूलों का उपयोग होली के रंग बनाने में प्रयोग किया जाता था। लाल रंग के इस खूबसूरत फूल को लोग पानी में भिगो कर रख देते थे और उबालकर इससे रंग बनाते थे। मथुरा, वंदावन और शांति निकेतन जैसी कुछ जगहों पर आज भी पलाश के फूलों से होली खेली जाती है। पलाश के फूल में कई तरह के औषधीय गुण भी होते हैं जिसकी वजह से इसके फूल, बीज और जड़ों से औषधियां बनाई जाती हैं। 

 चेरी ब्लॉसम

एक बहुत ही सुंदर फूल है जो अपने आसपास के घरों को सुंदर बनाने का कार्य करता है। जापानी चेरी के पेड़ पर उगने वाला यह फूल जापान में बहुत ही ज़्यादा लोकप्रिय है। यह वैसे तो वसंत के मौसम में खिलता है लेकिन इसके पौधे की ख़ूबसूरती पूरे साल आपके बाग़ीचे को हरा भरा रखती है। इन सुंदर गुलाबी और सफेद फूलों को आप मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत में देख सकते हैं। चेरी ब्लॉसम खिलने के बाद 14 दिनों तक रहते है। चेरी ब्लॉसम एक नई शुरुआत और जीवन की सुंदरता का प्रतिनिधित्व करने वाला फूल है। 

डाहलिया

डाहलिया एक ऐसा फूल है जो आपके घर अथवा आसपास की नर्सरी में आसानी से मिल जाता है। यह एक बहुत ही ख़ूबसूरत और विशेष फूल है। इस फूल की एक दो नहीं बल्कि 42 से ज़्यादा प्रजातियाँ पायी जाती हैं। ये खूबसूरत फूल अलग रंग और आकर में मिल जाते हैं। यह हमारे यहाँ पर नीले रंग को छोड़ हर रंग में उपलब्ध हैं। इस फूल की माँग और उपयोगिता इतनी ज़्यादा है कि इसकी खेती की जाती है। यह फूल ज़्यादातर सर्दियों में खिलता है और आपके बगीचे की ख़ूबसूरती को बढ़ाने में सहायक होता है।

ट्यूलिप

ट्यूलिप एक बहुत ही ख़ूबसूरत फूल है जिसकी 150 से भी कहीं ज़्यादा प्रजातियाँ मौजूद हैं। यह अलग-अलग रंगो में मौजूद है और वसंत के मौसम में खिलता है। फूलों से प्यार करते हैं तो इंदिरा गाँधी ट्यूलिप गार्डन के बारे में आपने जरूर सुना होगा। श्रीनगर में स्थित यह भारत का सबसे बड़ा ट्यूलिप का बगीचा है। इस जगह पर हर साल लाखों ट्यूलिप खिलते हैं और इसके आसपास का नज़ारा किसी स्वर्ग जैसा जान पड़ता है। यह इतना सुंदर होता है कि किसी का भी ध्यान अपनी तरफ़ खींच सकता है। 

वॉटर लिली

वॉटर लिली को दुनिया के जलीय फूलों की रानी कहा जाता है। यह फूल सुंदर और दिखने में काफ़ी आकर्षक होता है और इसकी सत्तर से भी कहीं ज़्यादा प्रजातियाँ मौजूद हैं। तालाबों के पानी में खिलने वाला यह फूल गुलाबी, सफेद, पीले, नारंगी, बैंगनी और नीले रंगों में पाया जाता है और पानी के तापमान को संतुलित करने में सहायक होता है। पानी की सतह पर तैरती इसकी पत्तियाँ काफ़ी बड़ी और चौड़ी होती हैं जो पानी को ठंडा रखती हैं। वॉटर लिली के खिलने का मौसम वसंत से शुरू होता है और शरद ऋतु तक जाता है। पानी की सतह से पत्तों जैसे निकलते वॉटर लिली के फूल हर सुबह खुलते है और शाम को बंद हो जाते हैं। 

कमल

यह हमारे देश का राष्ट्रीय फूल है और सुंदरता के साथ साथ अपने मनमोहक सुगंध के लिए भी जाना जाता है। यह सामान्यतौर पर झीलों और तालाबों में खिलता है और इतना ख़ूबसूरत होता है कि आप चाहकर भी इसके आकर्षण से नहीं बच सकते हैं। हमारे यहाँ इसे पवित्रता का प्रतीक माना जाता है जिसकी वजह से लोग इसे मंदिरों में भी अर्पित करते हैं। खिलने के लिए इसे सूरज की रोशनी की भरपूर ज़रूरत होती है, ठंडी जलवायु में तो यह जीवित भी नहीं रह सकता है। गुलाबी और सफेद रंग में पाया जाने वाला है फूल पानी की सतह पर तैरता रहता है। 

आइरिस

आइरिस एक बहुत ही ख़ूबसूरत फूल है जो दूर से ही आपको अपनी तरफ़ आकर्षित कर लेगा। यह देखने में इतना ख़ूबसूरत होता है की हर कोई इसे पसंद करता और अपने घर लगाना चाहता है। नीले, बैंगनी, पीले और सफेद रंगों में मौजूद यह फूल आपके बगीचों को हराभरा रखने के साथ साथ आपके मन को भी हराभरा रखेगा। यह हमारे देश भारत ही नहीं बल्कि एशिया और यूरोप के कई क्षेत्र में देखने को मिलता है। 

बर्ड ऑफ पैराडाइज़

बर्ड ऑफ पैराडाइज़ को हम लोग क्रेव फ्लावर के नाम से भी जानते हैं। यह दक्षिण अफ्रीका मूल का एक ऐसा फूल है जो उड़ते हुए पक्षी की तरह दिखाई देता है और बहुत ही सुंदर होता है। जिसकी ख़ूबसूरती की तुलना स्वर्ग से की गई है। इसलिए इसका नाम बर्ड ऑफ पैराडाइज रखा गया है। मई से सितंबर तक खिलने वाले इस फूल को अच्छी ख़ासी रोशनी की ज़रूरत पड़ती है। इस बागवानी में लगाने से आपके बगीचे की शोभा बढ़ेगी। 

गुलाब

गुलाब को दुनिया का सबसे खूबसूरत फूल कहा जाए तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। यह हमारे देश भारत में प्यार, सम्मान, विश्वास, सुंदरता और जुनून का प्रतीक है। गुलाब के फूल सभी को पसंद आते हैं पर प्रेमियों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। दुनिया में गुलाब की 200 से भी कहीं ज्यादा प्रजातियां मौजूद हैं। सबसे विशेष और विशिष्ट बात यह कि गुलाब की हर प्रजाति का अपना अलग सौंदर्य होता है। गुलाब का हर रंग अच्छा लगता है, यह लाल, पीले, गुलाबी, सफेद और नारंगी जैसे विभिन्न रंगों में उपलब्ध है।

संजय शेफर्ड एक लेखक और घुमक्कड़ हैं, जिनका जन्म उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में हुआ। पढ़ाई-लिखाई दिल्ली और मुंबई में हुई। 2016 से परस्पर घूम और लिख रहे हैं। वर्तमान में स्वतंत्र रूप से लेखन एवं टोयटा, महेन्द्रा एडवेंचर और पर्यटन मंत्रालय...

Leave a comment