Summary: छत्तीसगढ़ का मिनी गोवा: सतरेंगा में झील, पहाड़ और सुकून का अनोखा संगम
कोरबा से 45 किमी दूर स्थित सतरेंगा, छत्तीसगढ़ का मिनी गोवा कहलाता है, जहां शांत झील, हरे-भरे पहाड़ और खूबसूरत सनसेट मन को मोह लेते हैं। हसदेव बांगो डैम, बोटिंग और नेचर वॉक के साथ यह जगह प्रकृति प्रेमियों के लिए परफेक्ट ट्रैवल डेस्टिनेशन है।
Korba Mini Goa of Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ जो किसी समय हिंदुस्तान के दिल मध्य प्रदेश का हिस्सा हुआ करता था। अब एक अलग राज्य के रूप में अपनी पहचान रखता है। छत्तीसगढ़ के इतिहास की बात करें या फिर यहां की संस्कृति, परंपराओं और खूबसूरत प्राकृतिक नजारों की सभी चीजें अपने आप में खास हैं। अगर हम आपको कहें कि आप छत्तीसगढ़ में गोवा के नजरों का आनंद ले सकते हैं तो आपको शॉक जरूर लग जाएगा। लेकिन यह कोई मजाक नहीं बल्कि बिल्कुल सच है।
छत्तीसगढ़ में कई सारे सुंदर शहर मौजूद है और इन्हीं में से एक कोरबा है। जो अपने शानदार प्राकृतिक नजारों के लिए पहचाना जाता है। अगर आप मिनी गोवा घूमने जाना चाहते हैं तो छत्तीसगढ़ के कोरबा से 45 किलोमीटर की दूरी पर एक ऐसी जगह मौजूद है। जहां के प्राकृतिक नजारे हमेशा के लिए आपके दिल में बस जाएंगे। चलिए आज हम आपको बताते हैं कि यहां पर आपको क्या देखने को मिलेगा पर आप कैसे यहां पहुंच सकते हैं।
छत्तीसगढ़ में गोवा का आनंद
कोरबा से 45 किलोमीटर की दूरी पर छत्तीसगढ़ का मिनी गोवा बस हुआ है। यह सतरेंगा नाम की जगह है जो अपने शांत वातावरण खूबसूरत झील और सुंदर पहाड़ों और जंगलों के लिए पहचानी जाती है। यह अब एक पर्यटन स्थल के तौर पर पहचाने जाने लगा है। पर्यटकों की सुविधाओं को देखते हुए यहां पर नई-नई चीजों की शुरुआत की जा रही है।
यहां देखें प्रकृति के सुंदर नजारे

जब आप इस मिनी गोवा में पहुंचेंगे तो आपको दूर तक फैले हुए पहाड़, उन पर हरे-भरे पेड़ और शांत झील दिखाई देगी। यहां पर हसदेव बांगो बांध मौजूद है तो यहां का सबसे सुंदर स्थान है। हसदेव नदी पर बना हुआ यह बांध बिजली उत्पादन और सिंचाई के लिए तो महत्वपूर्ण है। इसके अलावा पर्यटन की दृष्टि से भी यह बहुत खूबसूरत है। इस बांध का ठहरा हुआ पानी लोगों को कुछ पल रुक कर आनंददायक समय गुजारने का मौका देता है। इसके अलावा यहां पर बोटिंग का आनंद भी लिया जा सकता है। यहां सनसेट का मनमोहक नजारा भी देखने को मिलता है, जिसके लिए काफी पर्यटक यहां पर पहुंचते हैं।
सतरेंगा जाने का सही समय
यह एक ऐसी जगह है जहां पर साल भर पर्यटकों का घूमना फिरना लगा रहता है लेकिन अगर यहां घूमने के सही समय की बात करें तो सबसे बेस्ट मानसून के बाद लगने वाली सर्दी होती है। इस दौरान यहां की खूबसूरती चरम पर होती है। हर जगह हरे-भरे पेड़ पौधे दिखाई देते हैं जो पहाड़ों की सुंदरता को बढ़ा देते हैं। मानसून के बाद झील भी लबालब होती है, जो पर्यटकों को आकर्षित करती है। इस समय आप यहां जाकर शांति और सुकून भरा समय गुजार सकते हैं।
इन एक्टिविटीज का लें आनंद
यह मिनी गोवा के नाम से मशहूर एक ऐसा स्थान है, जो देश ही नहीं बल्कि विदेशी पर्यटकों के बीच भी बहुत प्रसिद्ध है। यहां पर आप बोटिंग का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा जिन लोगों को फिशिंग का शौक है वह यहां मछली पकड़ सकते हैं। झील के किनारे पैदल वॉक भी की जा सकती है। यहां पर कुछ गेस्ट हाउस और रिसॉर्ट मौजूद है जो आपको आरामदायक सुविधा प्रदान करेंगे। यहां रुक कर आप सुबह से लेकर रात तक और जब तक मन चाहे प्रकृति के सुंदर नजारों का आनंद ले सकते हैं। यहां पर गोवा की तरह समुद्र तट तो मौजूद नहीं है लेकिन जब आप झील के किनारे टहलेंगे तो आपको एहसास समुद्र वाला ही होने वाला है।
