Onam 2023 Celebration : 31 अगस्त को ओणम का त्यौहार मनाया जाएगा। 20 अगस्त से शुरू हुए इस त्यौहार को 10 दिनों तक बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा, लेकिन इसकी समाप्ति 12वें दिन होगी। ओणम दक्षिण भारत खासकर केरल का प्रमुख त्यौहार है। जैसा कि हम जानते हैं ओणम दस दिनों तक चलने वाला त्यौहार है, जिसका पहला दिन अथम, दूसरा दिन चिथिरा, तीसरा दिन चोडी, चौथा दिन विशाकम, पांचवां दिन अनिजम, छठा दिन थ्रीकेट्टा, सातवां दिन मूलम, आठवां दिन पूरदम, नौंवा दिन उथ्राडोम और दसवां दिन थिरुवोणम होता है।
दस दिनों तक चला है पर्व

मलयालम कैलेंडर के अनुसार, ओणम का पर्व चिंगम माह में मनाया जाता है, जो साल का पहला महीना होता है। वहीं चिंगम माह अंग्रेजी कैलेंडर के मुताबिक, अगस्त और सितंबर के बीच का समय होता है। ओणम पर्व भगवान वामन की जयंती और बलि के स्वागत में मनाया जाता है। साथ ही इस पर्व को मनाने के पीछे अच्छी फसल की उपज भी होती है। पर्व के दसवें दिन को बहुत हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इन दस दिनों तक लोग अपने घरों को तरह-तरह के फूलों और रंगोलियों से सजाते हैं।
क्यों मानते हैं ओणम

ओणम के दसवें दिन को थिरुवोणम कहा जाता है, जो थिरु और ओणम दो शब्दों से मिलकर बना है। जिसमें थिरु का मतलब पवित्र और ओणम का मतलब पर्व होता है। मान्यता है कि इस दिन राजा महाबली पाताल लोक से प्रजा को आशीर्वाद देने के लिए पृथ्वी पर आते हैं। इसी खुशी में ये पर्व मनाया जाता है। एक मान्यता ये भी है कि इस भगवान विष्णु ने वामन अवतार लिया था।
