Lohri Celebration : लोहड़ी का त्यौहार उत्तर भारत में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। शादी के बाद पहली लोहड़ी को धूमधाम से मनाते हैं। खासतौर पर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कश्मीर और दिल्ली में। वैसे अब देश के अन्य स्थानों में भी विवाहित जोड़े की पहली लोहड़ी को विशेष रूप से मनाने का रिवाज चल निकला है। पूरे देश में लोहड़ी का त्यौहार मकर संक्रांति के एक दिन पहले यानी 13 जनवरी को सेलिब्रेट किया जाता है।
लोहड़ी अलाव जलाने के साथ ही लोकगीत गाने, नाचने, स्वादिष्ट व्यंजनों को बनाने और खाने का त्योहार है। लोहड़ी को साल का सबसे छोटा दिन माना जाता है। इसके बाद से दिन बड़े होने लगते हैं और सर्दी खत्म हो करके गर्मी का मौसम दस्तक देने लगता है। आइए जानते हैं कि शादी के बाद दंपती के लिए पहली लोहड़ी किस तरह से खास होती है और उसे कैसे सेलिब्रेट किया जा सकता है।
सजना संवरना है जरूरी
पहली लोहड़ी दुल्हन के लिए कुछ ऐसी होती है मानो यह उसके सजने और संवरने के लिए एक और दिन हो। इसलिए इस अवसर पर यदि आप नवविवाहित दुल्हन हैं, तो एक खूबसूरत सी ट्रेडिशनल ड्रेस के साथ सोलह शृंगार करके मेकअप करें। आप चाहें तो इसके लिए मेकअप आर्टिस्ट और स्टाइलिस्ट की मदद ले सकती हैं। अपने तैयार होने के साथ ही अपने पार्टनर को भी तैयार होने में मदद करें। संभव हो तो उनके लिए अपनी ड्रेस से मैचिंग कपड़े लें।
तिल, गुड, रेवड़ी की पैकिंग
आपकी लोहड़ी शादी के बाद पहली है, तो क्यों ना इसे कुछ ख़ास बनाया जाए! हर लोहड़ी पर तिल, गुड़, रेवड़ी और पॉपकॉर्न तो आप थाली में सजा लेती हैं क्यों ना इस बार कुछ डिफरेंट किया जाए! डिफरेंट करने के लिए आप इन चीजों को एक खूबसूरत पैकिंग में डेकोरेट कर सकती हैं। यह जरूर है कि इसके लिए आपको पहले से तैयारी करनी होगी। इन चीजों को डेकोरेट करने का आइडिया आपको सोशल मीडिया से मिल जाएगा।
सरसों का साग और मक्के की रोटी
लोहड़ी के त्योहार के दिन लोहड़ी माता की पूजा करके अग्नि के फेरे लिए जाते हैं। यह एक धार्मिक त्योहार है तो इस दिन क्यों कुछ ऐसा खाया जाए, जो बड़े-बुजुर्गों को पसंद ना आए। आज का दिन तो सरसों का साग और मक्के की रोटी का है। एक नई दुल्हन के तौर पर क्यों ना आज आप अपने परिवार के लिए सरसों का साग और मक्के की रोटी बनाएं। यदि आपको इसकी रेसिपी नहीं पता है तो आप यूट्यूब से मदद ले सकती हैं। सरसों का साग और मक्के की रोटी के साथ आप गुड़, मक्खन और रायता परोसना बिल्कुल ना भूलें।
पवित्र अग्नि के फेरे
लोहड़ी की रात पवित्र अग्नि के जरिए लोहड़ी माता की पूजा की जाती है। इस अग्नि में साथ फेरे लेते हुए आपको अपने जीवनसाथी के साथ तिल, रेवड़ी, पॉपकॉर्न और गन्ना चढ़ाना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि इस अग्नि में तिल, रेवड़ी और पॉपकॉर्न डालने से लोहड़ी माता प्रसन्न होती हैं। इसलिए, आपको यह ध्यान रखना है कि आप इसमें कोई भी जूठी चीज न डालें। यह सही नहीं है, क्योंकि यह एक पूजा है और पूजा में जूठी चीजों का इस्तेमाल नहीं किया जाता है।
बड़ों का आशीर्वाद
लोहड़ी के अवसर पर नव विवाहित जोड़े तिल, गुड़, रेवड़ी, पॉपकॉर्न और गन्ना सबसे पहले अग्नि को समर्पित करते हैं। शादी की तरह ही अग्नि के सात फेरे नवविवाहित दंपति द्वारा लिए जाते हैं। इसके बाद अपने पार्टनर के साथ बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद देना बिल्कुल ना भूलें। इस तरह से आपको अपने घर के बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद मिल सकेगा और आप अपने वैवाहिक जीवन में खुश रहने की ओर एक कदम आगे बढ़ाएंगी। परिवार के साथ लोहड़ी मनाने का जो लुत्फ है, वह भला अकेले में कहां!
दूर रहने वाले रिश्तेदारों को करें फोन
अगर आप अपने रिश्तेदारों या परिवार से दूर किसी अन्य शहर में हैं, तो याद से अपने परिवार और करीब के रिश्तेदारों को फोन करके लोहड़ी की बधाई जरूर दें। इस तरह से उन्हें अपनेपन का एहसास होगा और महसूस होगा कि आप दूर रहकर भी उनके प्यार और आशीर्वाद की चाहत रखती हैं। आप चाहें तो इस शुभ अवसर पर उन्हें कोई गिफ्ट या केक भेजकर भी सरप्राइज दे सकती हैं।
