Overview: जानिए क्या होता है सोशल जेट लैग
हर समय थकान महसूस होना आम बात नहीं है। इस लेख में जानिए सोशल जेट लैग के लक्षण और इससे बचने के उपाय।
Social Jet Lag: हफ्ते के पांच दिन हम सभी टाइम से सोने और जल्दी उठने की जद्दोजहद में लगे रहते हैं। लेकिन वीकेंड को जमकर एन्जॉय करते हैं। फिर सोमवार की सुबह नींद खुलने के बाद भी ऐसा ही लगता है कि आज थकान क्यों है? अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो समझ लीजिए कि आप बिना पासपोर्ट और टिकट के सोशल जेट लैग की यात्रा कर रहे हैं। इसकी वजह से पूरी रात सोने के बाद भी शरीर भारी-सा लगता है, बार-बार नींद आती है और काम में मन नहीं लगता है। तो चलिए जानते हैं इसके बारे में-
सोशल जेट लैग होता क्या है?
जेट लैग के बारे में तो हम सभी ने सुना है, लेकिन सोशल जेट लैग के बारे में लोगों को जानकारी नहीं होती है। दरअसल, हम सभी के शरीर के अंदर एक नेचुरल घड़ी होती है, जिसे सर्केडियन रिदम कहा जाता है। यह बायोलॉजिकल क्लॉक तय करती है कि हमें कब सोना चाहिए या कब जागना चाहिए। लेकिन अगर हम देर रात तक मोबाइल चलाते हैं और सही समय पर नहीं सोते हैं। सुबह जल्दी उठने के लिए अलार्म लगाते हैं और जबरदस्ती उठते हैं तो ऐसे में शरीर की सर्केडियन रिदम गड़बड़ा जाती है। सोशल मीडिया और फोन की वजह से होने वाली इसी गड़बड़ी को सोशल जेट लैग कहा जाता है।
इसे जेट लैग क्यों कहा जाता है?

जेट लैग के बारे में हम सभी जानते हैं। दरअसल, जब हम एक देश से दूसरे देश जाते हैं, तो वहां का समय अलग होता है और ऐसे में शरीर को तालमेल बिठाने में समय लगता है। ठीक वैसा ही कुछ हमारे साथ दिन होता है। लेकिन बस अंतर इतना होता है कि यह जेट लैग मोबाइल, टीवी और देर रात जागने की वजह से होता है।
सोशल जेट लैग के लक्षण

सोशल जेट लैग होने पर शरीर में कुछ लक्षण नजर आते हैं, जिन पर ध्यान दिया जाना बेहद जरूरी है। मसलन-
- सुबह उठते ही थकान महसूस होना
- काम में मन न लगना
- बेवजह चिड़चिड़ापन महसूस होना
- दिन में ऑफिस में भी बार-बार नींद आना
सोशल जेट लैग से कैसे बचें?

अगर आप सोशल जेट लैग से बचना चाहते हैं तो ऐसे में आपको कुछ छोटे-छोटे बदलाव करने की जरूरत है। मसलन-
- सोने का समय तय करें और हर रोज एक ही समय पर सोएं।
- सोने से पहले फोन से दूरी बनाएं और कम से कम 1 घंटा पहले मोबाइल चलाना बंद कर दें।
- रात को सोने से ठीक पहले चाय या कॉफी पीने से बचें।
- अगर नींद ना हो तो ऐसे में दोपहर में 20-30 मिनट की एक पावर नैप लें।
- सुबह के समय धूप में थोड़ी देर रहें। ऐसा करने से धीरे-धीरे शरीर की घड़ी सही तरह से चलने लगेगी।
