Compost for Plants: बागवानी करने का ट्रेंड आजकल काफी बढ़ गया है। कोरोना के बाद से ही इनडोर प्लांटिंग की तरफ ज्यादातर लोगों ने अपना रुख किया है। जिनके पास बाहर आउटडोर में प्लांटिंग करने की जगह नहीं होती वो इनडोर प्लांटिंग करते हैं। इनडोर प्लांटिंग करते वक्त पौधों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होती है। क्योंकि पौधों पर हर मौसम का अच्छा और बुरा असर पड़ता है। जिससे पौधों को बचाना बेहद जरूरी है। इस काम में एक बढ़िया घर की ऑर्गेनिक खाद पौधों की अच्छी केयर टेकर बन सकती है। कभी-कभी घर के अंदर उपजाऊ मिट्टी में लगे पौधे भी ग्रो नहीं करते या उनकी ग्रोथ रुक जाती है। तो ऐसा सही उर्वरक और खाद ना मिल पाने की वजह से होता है। इस कमी को घर की बनी खाद से दूर किया जा सकता है।
ऐसे करें घर पर खाद तैयार
प्याज के छिलके

प्याज के छिलकों से बनी खाद ऑर्गेनिक खाद होती है। इसका इस्तेमाल इनडोर प्लांट्स की अच्छी ग्रोथ के लिए किया जाता है। इसमें सल्फर के साथ फास्फोरस, जिंक और पोटेशियम जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं।
कैसे करें तैयार?
तीन से चार प्याज के छिलके लेकर एक से डेढ़ लीटर पानी में रात भर के लिए भिगो दें। उस पानी को छानकर पौधों में डालें। महीने में दो से तीन बार इस खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं।
चाय की पत्ती

घर पर चायपत्ती का इस्तेमाल चाय बनाने में खूब किया जाता है। इसकी खाद में कैल्शियम के साथ पोटेशियम, मैग्नीशियम और फास्फोरस जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो पौधों को हरा-भरा बनाए रखते हैं।
कैसे करें तैयार
इस्तेमाल हुई चाय की पत्ती को धोकर सुखा लें। इससे तैयार जैविक खाद को मिट्टी में महीने में कम से कम एक बार गमलों में जरुर डालें।
अंडे के छिलके

पौधों को कैल्शियम की जरूरत होती है। जिसकी कमी अंडे के छिलके पूरी कर सकते हैं। इससे बनी खाद से पौधों को ग्रोथ मिलती है। इसमें फास्फोरस और कई तरह के खनिज तत्व मौजूद होते हैं।
कैसे करें तैयार
अंडे के छिलकों को अच्छे से पीसकर मिट्टी में मिलाया जा सकता है। इसके अलावा अंडे के छिलकों के पाउडर को रातभर के लिए पानी में भिगो दें और अगले दिन पौधों में डाल सकते हैं।
केले का छिलका

केले का छिलका कई तरह से फायदेमंद होता है। इनका इस्तेमाल इनडोर प्लांटिंग के लिए भी किया जा सकता है। स्लो रिलीज होने वाली नेचुलर और ऑर्गेनिक खाद है। इसमें पोटेशियम, नाइट्रोजन, मैग्निशिम और फास्फोरस होता है।
कैसे करें तैयार
केले के छिलकों को छोटा-छोटा काटकर मिट्टी में मिला सकते हैं। इसके अलावा केले के छिलकों को सुखाकर पीस लें और पानी में घोलकर इनडोर प्लांटिंग में इस्तेमाल कर सकते हैं।
एलोवेरा जूस

कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर एलोवेरा जूस इनडोर प्लांटिंग के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इसकी खाद से पौधे तेजी से ग्रो करते हैं और मजबूत बनते हैं।
कैसे करें तैयार
इनडोर प्लांटिंग के लिए एलोवेरा जूस इस्तेमाल किया जा सकता है। एलोवेरा जूस को उसके पत्तों से निचोड़कर एक से डेढ़ लीटर पानी में घोल लें। इस घोल को गमलों की मिट्टी में डायरेक्ट डाल सकते हैं या स्प्रे भी कर सकते हैं।
कुकिंग वाटर
घर में कई तरह की सब्जियां उबाली जाती हैं। जिन्हें कुकिंग वाटर कहा जाता है। इसमें पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होता हैं। जिससे पौधों को अच्छी ग्रोथ मिलती है।
कैसे करें तैयार
सब्जी, अंडे या पास्ता का उबला हुआ पानी ठंडा कर लें। इस पानी का इस्तेमाल पेड़ों की जड़ों में करें। नमक के पानी का इस्तेमाल करने से बचें इससे पौधे मर सकते हैं।
