Summary: दुर्गा पूजा स्पेशल बंगाली फूड: परंपरा और स्वाद का अनोखा संगम
दुर्गा पूजा के मौके पर बंगाल में कई खास व्यंजन बनाए जाते हैं, जो त्योहार को और भी खास बना देते हैं। आइए जानते हैं उन पारंपरिक डिशेज के बारे में जिन्हें आप भी आसानी से बना सकती हैं।
Durga Puja Bengali Dishes: नवरात्रि यानी दुर्गा पूजा, यह खुशी और उत्साह का त्योहार है। यह उत्तर भारत का एक लोकप्रिय त्योहार है, लेकिन दुर्गा पूजा बंगाल के लोगों के लिए सबसे खास महत्व रखती है। दुर्गा पूजा के दौरान बंगाल में पारंपरिक तरीके से विशाल आयोजन करके माँ दुर्गा की पूजा की जाती है। इस दौरान माँ दुर्गा को भोज लगाने के लिए कई पारंपरिक व्यंजन भी तैयार किए जाते हैं, जो इस त्योहार के आनंद को और भी ज्यादा बढ़ाते हैं। आइए जानते हैं दुर्गा पूजा पर बनाए जाने वाले स्पेशल बंगाली व्यंजनों के बारे में।
भोगेर खिचड़ी

‘भोगेर खिचड़ी’ यानी भोग वाली खिचड़ी। ‘भोगेर खिचड़ी’ प्रसाद के तौर पर दुर्गा पूजा के लिए बनाया जाता है, जिसे माँ को भोग लगाने के बाद प्रसाद में रूप में भक्तों को बांट दिया जाता है। यह खिचड़ी न सिर्फ खाने में टेस्टी होती है, बल्कि इसे बनाना भी काफी आसान होता है। आइए जानते हैं ‘भोगेर खिचड़ी’ की रेसिपी।
भोगेर खिचड़ी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1 कप चावल
1/2 कप मूंग दाल
2 कटे हुए आलू
1/2 कप मटर
1 बारीक कटा हुआ टमाटर
2-3 हरी मिर्च
1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
1 चम्मच घी
2 तेजपत्ता
1/2 चम्मच गरम मसाला
नमक स्वादानुसार
पानी आवश्यकतानुसार
भोगेर खिचड़ी बनाने का तरीका
भोगेर खिचड़ी बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को धीमी आंच पर हल्का सा भून लें। ऐसा करने से दाल का स्वाद बढ़ता है और खिचड़ी स्वादिष्ट बनती है। अब एक बर्तन में घी गर्म करके इसमें तेजपत्ता, कटे आलू और टमाटर को डालकर हल्का सा भून लें। इसके बाद इसमें चावल और मूंग दाल डालकर अच्छी तरह चलाते हुए थोड़ी देर अच्छे से भूनें। अब इसमें हल्दी पाउडर, नमक और गरम मसाला डालकर चलाएं। फिर पानी डालकर इसे धीमी आंच पर पकने के लिए रख दें। जब चावल अच्छे से पक जाए और खिचड़ी गाढ़ी हो जाए तो आंच से नीचे उतार लें। लीजिए तैयार है टेस्टी बंगाली भोगेर खिचड़ी।
लुची और आलू दम

पूरी को बंगाली में लुची कहा जाता है। यह मैदा से तैयार किया जाता है, लेकिन यह पूरी से ज्यादा मुलायम होती है और इसे ‘आलू दम’ के साथ खाया जाता है।
लुची बनाने के लिए जरूरी सामग्री
200 ग्राम मैदा
2 चम्मच तेल मोयन के लिए
आवश्यकतानुसार रिफाइंड तेल और घी तलने के लिए
लुची बनाने की विधि
लुची बनाने के लिए सबसे पहले मैदा में 2 चम्मच तेल डाल कर अच्छे से मिलाएं। अब इसमें धीरे-धीरे पानी डालें और मैदा को अच्छे से गुथ लें। फिर इसकी छोटी-छोटी लोई बनाकर इसे बेल लें। अब लुची को तलने के लिए गैस पर अच्छे से तेल गर्म कर लें, फिर इसमें लुची डाल कर इसे दोनों तरफ से अच्छे से तल लें। लीजिए तैयार है गरमागरम बंगाली लुची।
आलू दम बनाने के लिए जरूरी सामग्री
4 उबले आलू
2 चम्मच लहसुन व अदरक का पेस्ट
2 कटे हुए प्याज
1 चमच्च लाल मिर्च पाउडर
1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
1 चम्मच धनिया पाउडर
¼ चम्मच गरम मसाला पाउडर
1 चम्मच कसूरी मेथी
2 चम्मच सरसों का तेल
एक छोटा टुकड़ा दालचीनी, 2 तेजपत्ता, 2 साबुत लालमिर्च और 6 से 7 पिसी काली मिर्च
1 कटोरी टमाटर प्युरी
आलू दम बनाने की विधि
आलू दम बनाने के लिए सबसे पहले आलू को कुकर में सीटी लगा कर उबाल लें। इसके बाद कड़ाई में तेल गर्म करके इसमें कटे प्याज को डालकर अच्छे से भुन लें। फिर इसमें लहसुन व अदरक का पेस्ट डालकर भुनें। इसके बाद इसमें नमक, लाल मिर्ची, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और काली मिर्च पाउडर डालकर भून लें। जब सारे मसाले अच्छे से भून जाएँ तब इसमें टमाटर की प्युरी डाल कर भून लें। अब इसमें सारे आलू डाल कर अच्छे से पकाएं। इसके बाद इसमें गरम मसाला डाल दें और इसमें जरुरत अनुसार पानी डालें। अंत में इसमें कसूरी मेथी डालें और इसे गरमागरम लुची के साथ परोसे।
बैंगन भाजा

बैंगन भाजा बंगाली खाने का अहम् हिस्सा होता है। इसे हर खास अवसर पर बनाया जाता है।
बैंगन भाजा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1 बैंगन
1 चम्मच नमक
1 चम्मच हल्दी पाउडर
½ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
तलने के लिए सरसों तेल
बैंगन भाजा बनाने की विधि
बैंगन भाजा बनाने के लिए सबसे पहले बैंगन अच्छे से धोकर गोल-गोल आकार में काट लें और इसे एक बर्तन में नमक मिलाकर रख दें। इसमें थोड़ा सा हल्दी और मिर्च पाउडर डाल कर बैंगन के सभी टुकड़ों पर अच्छे से लगा दें। अब एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें, जब तेल अच्छे से गर्म हो जाए तब इसमें बैंगन के टुकड़े डाल दें। जब बैंगन एक तरफ से अच्छी तरह से पक जाए तो इसे पलटकर दूसरी तरफ से भी पकाएं। इसके बाद इन्हें पैन से निकालकर गरमागरम सर्व करें।
पायसम

पायसम एक प्रसिद्ध बंगाली व्यंजन है जो खीर की तरह होता है और इसे दुर्गा पूजा के दौरान खासतौर पर बनाया जाता है और माँ दुर्गा को प्रसाद के रूप में चढ़ा कर लोगों में बांटा जाता है।
पायसम बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1 लीटर दूध
1 कटोरी चावल ( पायसम बनाने के लिए गोविंदभोग चावल का इस्तेमाल किया जाता है)
1 कटोरी चीनी
सूखे मेवे (जैसे किशमिश, काजू, बादाम)
1 छोटी चम्मच इलायची
1 चम्मच घी
पायसम बनाने की विधि
पायसम बनाने के लिए सबसे पहले गोविंदभोग चावल को थोड़ी देर के लिए पानी में भिगो कर रख दें। इसके बाद दूध को अच्छे से उबाल लें और इसमें भीगे हुए चावल में से पानी निकाल कर इसे दूध में डाल दें। अब इसे धीमी आंच पर पकाएं, जब तक कि चावल अच्छे से पक कर नरम न हो जाए। ध्यान रहे पायसम को गैस पर बैठा कर छोड़नानहीं है। अगर आप ऐसा करती हैं तो पायसम जल सकता है, इसलिए इसे बीच-बीच में चलाते जरूर रहें। जब चावल पक जाए और दूध गाढ़ा हो जाए, तब इसमें सूखे मेवे और इलायची पाउडर डाल कर चलाएं। इसके बाद इसमें घी और चीनी डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। आप इस पायसम को गरमागरम या फिर ठंडा भी परोस सकती हैं।
बंगाली घुगनी

घुगनी बंगाल का एक प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड है, जिसे सफेद मटर से बनाया जाता है। दुर्गा पूजा के दौरान लोग इसे भी खाना काफी पसंद करते हैं। इसमें स्वाद बढ़ाने के लिए कटा प्याज, हरा धनिया और नींबू का रस मिलाया जाता है।
बंगाली घुगनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
2 कप सूखे मटर
एक छोटा चम्मच जीरा, 1 तेजपत्ता, 1 दालचीनी, 4 -5 सूखी लाल मिर्च
1 बड़ा बारीक कटा प्याज
1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
1 कटा टमाटर
1 चम्मच हल्दी पाउडर,
1 लाल मिर्च पाउडर
1धनिया पाउडर और जीरा पाउडर
नमक स्वादानुसार
1 चीनी
1 छोटा चम्मच गरम मसाला पाउडर
बंगाली घुगनी बनाने की विधि
सबसे पहले मटर को रात भर या कम से कम 5 – 6 घंटे के लिए पानी में भिगो कर रख दें। इसके बाद कुकर में पानी, मटर और नमक डालकर 3-4 सीटी लगवाएं। अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करके जीरा, तेजपत्ता, दालचीनी और सूखी लाल मिर्च का तड़का लगा कर इसमें बारीक कटा प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें। फिर इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और थोड़ी देर भूनने के बाद इसमें टमाटर प्यूरी डालें। इसके बाद इसमें उबले मटर, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर और थोड़ा सा नमक डालें और थोड़ा सा पानी डाल कर इसे 10-15 मिनट के लिए हलके आंच पर पकाएं। जब मटर ठीक तरह से पक जाए तो इसमें चीनी और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अंत में इस घुगनी को कटे प्याज, हरी मिर्च और नींबू के रस के साथ गरमागरम परोसें।
आलू पोस्टो

आलू पोस्टो एक बेहद लोकप्रिय बंगाली सब्जी है, जिसमें आलू को खसखस यानी पोस्टो के साथ पकाया जाता है और चावल व लुची के साथ इसे परोसा जा जाता है।
आलू पोस्टो बनाने के लिए जरूरी सामग्री
6 आलू
3 चम्मच पोस्टो
1/2 चम्मच कलौंजी
3 हरी मिर्च
नमक स्वादानुसार
1/2 छोटा चम्मच हल्दी
2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
हरा कटा धनिया
आलू पोस्टो बनाने की विधि
आलू पोस्टो बनाने के लिए सबसे पहले पोस्टो को रात भर भिगो कर रख दें। अगर रात भर पोस्टो भिगोना संभव ना हो तो इसे थोड़ी देर के लिए गरम पानी में भिगो दें। इसके बाद पोस्टो और 2 हरी मिर्च को मिक्सी में डालकर अच्छे से पीस लें। अब आलू को अच्छे से छील कर काट लें। इसके बाद कड़ाही में गर्म सरसों में कलौंजी और आलू डालकर अच्छे से भुनें। इसके बाद इसमें हल्दी व स्वादानुसार नमक डाल कर 5 मिनट तक पकाएं। थोड़ी देर बाद इसमें पिसा पोस्टो डालकर ढ़क दें और धीमी आंच पर पकने दें। जब आलू अच्छे से पक जाए तब इसमें हरा धनिया डाल दें। तैयार है बंगाली स्टाइल आलू पोस्टो।
