Hanuman Ji Puja Rules: हिंदू धर्म में पूजा-पाठ का विशेष महत्व है। अलग-अलग देवी- देवताओं की पूजा अर्चना करने के अलग-अलग विधि-विधान और महत्व भी जुड़े हैं। बात करें पवनपुत्र हनुमान की तो शास्त्रों में बजरंगबली की पूजा के कई लाभ बताए गए हैं। हनुमान जी की पूजा करने से शीघ्र फलों की प्राप्ति होती है। मंगलवार का दिन खासतौर पर बजरंगबली की पूजा के लिए शुभ माना जाता है। इस दिन किए पूजा-व्रत से बजरंगली शीघ्र प्रसन्न होते हैं।
भगवान हनुमान को लेकर ऐसी मान्यता है कि ये ऐसे देवता हैं जोकि आज भी जीवित हैं। क्योंकि भगवान हनुमान को अमरता का वरदान प्राप्त है। इसलिए उन्हें कलयुग का जागृत देवता भी कहा जाता है। हनुमान जी की पूजा करने से भय, रोग, संकट, विपदा आदि दूर होते हैं और मनोकामना की पूर्ति होती है। लेकिन सवाल यह है कि क्या लड़कियां या महिलाएं भी हनुमान जी की पूजा कर सकती हैं या नहीं और अगर हनुमान जी की पूजा महिलाएं करती हैं तो उन्हें किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
महिलाएं कर सकती हैं हनुमान जी की पूजा

शास्त्रों में ऐसा कहीं उल्लेख नहीं मिलता है कि महिलाएं और लड़कियां भगवान हनुमान की पूजा नहीं कर सकती। इसलिए महिलाएं और लड़कियां भगवान हनुमान की पूजा अवश्य कर सकती हैं, इसमें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन महिलाओं को भगवान हनुमान की पूजा करते समय कुछ बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए, वरना बजरंगबली नाराज हो सकते हैं या आपको पूजा का लाभ नहीं मिलेगा। इसलिए यह जान लीजिए कि हनुमान जी की पूजा करते समय महिलाओं को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

1. मूर्ति को स्पर्श न करें:- भगवान हनुमान बाल ब्रह्मचारी हैं इसलिए महिलाओं को बिना भगवान की मूर्ति स्पर्श किए ही पूजा करनी चाहिए। साथ ही महिलाओं को भगवान हनुमान के सामने अपना शीश (सिर) नहीं झुकाना चाहिए और ना ही उनके पैर छूने चाहिए। आप दोनों हाथ जोड़कर भगवान को प्रणाम कर सकती हैं।
2. नहीं चढ़ाएं ये चीजें:- भगवान हनुमान की पूजा में कई तरह की चीजें अर्पित की जाती हैं। लेकिन महिलाएं हनुमान जी की पूजा करते समय इस बात का ध्यान रखें कि उन्हें जल अर्पित ना करें और ना ही चोला, सिंदूर या जनेऊ आदि चढ़ाएं। आप पूजा सामग्री के रूप में इन चीजों का प्रयोग कर सकती हैं लेकिन इन्हें हनुमान जी को अर्पित करने की बजाय मूर्ति के सामने रख दें।
3. इस समय न करें पूजा:- महिलाएं जब मासिक धर्म में हो तो उन्हें भूलकर भी हनुमान जी की पूजा नहीं करनी चाहिए। साथ ही इस दौरान महिलाओं को हनुमान चालीसा और बजरंग बाण का पाठ भी नहीं करना चाहिए।
4. केवल पुरुष कर सकते हैं ये काम:- मंगलवार के दिन भगवान हनुमान को चमेली के तेल में सिंदूर मिलाकर चोला चढ़ाना बहुत ही शुभ माना जाता है। लेकिन यह काम केवल पुरुषों द्वारा करना ही परंपरागत माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार महिलाओं को यह काम नहीं करना चाहिए। आप किसी पुरुष या पुरोहित द्वारा इन चीजों को हनुमान जी पर चढ़वा सकती हैं। लेकिन आप केवल दीपक जलाकर श्रद्धा भाव प्रकट करें।
