स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने भारत में स्वदेशी रूप से विकसित प्राकृतिक लेटेक्स आधारित महिला कंडोम को औपचारिक रूप से लांच किया। इसे गर्भनिरोधक के विकल्पों का विस्तार करने, अनचाहे गर्भधारण को कम करने और सस्ती कीमत पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देष्य से विकसित किया गया है। एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड द्वारा ‘वेलवेट’ ब्रांड नाम से निर्मित इस गर्भनिरोधक को राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय परिवार नियोजन शिखर सम्मेलन में लांच किया गया। सम्मेलन का विशय था – ‘‘नये विकल्प, नये क्षितिज”।

श्री नड्डा ने कहा, ‘‘महिला कंडोम पूरी सुरक्षा प्रदान करते हैं और महिलाओं को सुरक्षित यौन संबंध पर अधिक नियंत्रण प्रदान करते हैं। महिला कंडोम महिलाओं को सशक्त बनाता है। यह महिला की पहल वाली एकमात्र गर्भनिरोधक विधि है जो गर्भ धारण से रोकथाम के साथ- साथ एचआईवी / एड्स से भी दोहरी सुरक्षा प्रदान करता है। इसकी मदद से महिलाएं संतान जनने की प्रक्रिया पर अपना नियंत्रण रख सकती हैं और इस तरह से वह समाज एवं परिवार में अपनी भूमिका तय कर सकती हैं। गर्भनिरोधक की जरूरतों को पूरा करने की दिषा में यह महत्वपूर्ण साधन साबित हो सकता है और देश की बढ़ती आबादी को नियंत्रित कर सकता है।”
इस वर्ष के आयोजन का एक अनूठा पहलू ‘‘परिवार नियोजन बाजार” था जिसका उद्देश्य परिवार नियोजन में सर्वोत्तम प्रथाओं और नवाचारों और गर्भनिरोधक विकल्पों और प्रमुख कार्यक्रमों का प्रदर्शन करना है।
एचएलएल के ‘वेलवेट’ ब्रांड वाले महिला कंडोम ने हाल ही में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यू एच ओ) से पूर्व अर्हता प्राप्त की है, जो इसे दाता वित्त पोषित कार्यक्रमों के तहत संस्थागत खरीद के लिए पात्र बना रही है। महिला कंडोम गर्भधारण और संक्रमण दोनों से सुरक्षा प्रदान करता है और सेक्स के दौरान महिलाओं को सुरक्षा पर अधिक नियंत्रण देता है। उत्पाद का शैल्फ जीवन पांच वर्ष का है। यह प्रभावकारिता और विश्वसनीयता दोनों में पुरुष कंडोम के समान है।
महिला कंडोम के नये लेटेक्स संस्करण की डिजाइन तैयार कर ली गयी है और इसे केरल में तिरुवनंतपुरम स्थित एचएलएल के अनुसंधान एवं विकास केंद्र के वैज्ञानिकों के द्वारा स्वदेश में ही पूरी तरह से विकसित किया गया है। एचएलएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डाॅ. एम. अय्यप्पन ने कहा, ‘‘एचएलएल अनुसंधान एवं विकास केंद्र का उद्देश्य पुरुषों और महिलाओं के लिए सबसे अच्छा और सस्ता प्रजनन स्वास्थ्य समाधान प्रदान करना है। महिलाओं को बच्चे कब पैदा करना है, इस संबंध में निर्णय लेने में सक्षम होने से न सिर्फ अनियोजित गर्भधारण कम होगा, बल्कि इससे स्वस्थ परिवारों और समुदायों का भी निर्माण होगा। वेलवेट को इस वर्ष 2016 मार्च में डब्ल्यूएचओ और यूएनएफपीए द्वारा पहले ही योग्य करार दे दिया गया था और एचएलएल दुनिया भर में महिला कंडोम के चार पूर्व योग्य आपूर्तिकर्ताओं में से एक है।
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का एक उद्यम एचएलएल ने ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और एरिपो (अफ्रीकी क्षेत्रीय बौद्धिक संपदा संगठन) देशों में उत्पाद के लिए भारतीय पेटेंट पहले ही दायर कर दिया है। दुनिया में सबसे सस्ता महिला कंडोम होने के नाते, यह यूएनएफपीए द्वारा की जाने वाली खरीद के लिए महिला कंडोम का प्रमुख आपूर्तिकर्ता होगा। भारत में स्वीकार्यता और कार्यक्षमता परीक्षण एचएलएफपीपीटी के द्वारा किया गया है और इस उत्पाद को दक्षिण अफ्रीका में यूएएफसी (महिला कंडोम के लिए यूनिवर्सल एक्सेस) द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्षमता परीक्षणों से पारित कर दिया गया है। सुरक्षा और प्रभावकारिता की जांच के लिए डिवाइस का कार्यात्मक प्रदर्षन मानदंडों पर खरा उतरा है। वेलवेट को विश्व स्तर की विनिर्माण सुविधा के साथ एचएलएल के द्वारा विकसित और निर्मित किया गया है। इसकी क्षमता प्रति वर्श ढाई करोड़ कंडोम निर्माण करने की है। इस सुविधा को आईएसओ 9001 आईएसओ 13485, आईएसओ 14001 और आईएसओ 18001 जैसे प्रमाणपत्र प्रदान किये गये हैं। इसे यूरोपीय संघ (सीई) और दक्षिण अफ्रीका (एसएबीएस) के उत्पाद प्रमाणपत्र भी हासिल हैं।
एचएलएल ने कांफिडम ब्रांड नाम से 2006 में भारत में पाॅलीयूरेथेन से बने पहली पीढ़ी के महिला कंडोम की शुरुआत की। नाइट्राइल रबर से बने दूसरी पीढ़ी के महिला कंडोम को 2008 से वितरित किया गया। प्राकृतिक रबर लेटेक्स में अपनी विशेषज्ञता के साथ, इसने 2010 में सबसे सस्ते महिला कंडोम को विकसित करना षुरू किया। इसका परिणाम अब वेलवेट महिला कंडोम के शुभारंभ के रूप में है।
