Tera Mera Sath Rahe
Tera Mera Sath Rahe

तेरा मेरा साथ रहे

अक्षय ने ना जाने कितने ही भारी मन से अनु की माँ से वादा किया की अब वो कभी अनु की ज़िन्दगी में वापस नहीं आएगा।

Hindi Love Story: सरपट दौड़ती बस में अनु बेचैनी से इधर-उधर देख रही थी। प्यास से उसका हाल बेहाल था, होंठों को दाँतों से भींच रही अनु को अचानक किसी ने पानी की बोतल देते हुए कहा, ये लीजिये, शायद इसे ही ढूंढ रहीं थी आप?

अनु ने मुड़कर देखा तो पाया तकरीबन 6 फुट लम्बा खूबसूरत आँखों वाला एक शख्स उसे पानी की बोतल थमाना चाह रहा था। अनु ने सारा पानी पीने के बाद, अपनी कुर्ती की बाँह से होंठों को पोंछते हुए कहा, भला हो आपका जो सही समय पर आपने मुझे पानी दे दिया नहीं तो मैं आज बेहोश हो जाती, दोनों एक साथ हंस पड़े।

अनु और अक्षय की ये पहली मुलाक़ात 2 महीने में ही प्यार में बदल गई। प्यार के बाद जब बात शादी पर आई तो अक्षय के घरवालों ने अनु को बहुत प्यार से अपना बना लेने का वादा किया, लेकिन अनु के घर में तो जैसे तूफ़ान आ गया था।

Hindi Love Story
Love is in the air

माँ-पापा दोनों इस शादी के खिलाफ थे, अक्षय ने घर आकर सबको मनाना चाहा, पर अनु के घर वालों का कहना था हमारे यहाँ शादी सिर्फ माता-पिता की मर्ज़ी से होती है। तुम दोनों एक-दूसरे को भूल जाओ, नहीं तो हमारा अनु से कोई रिश्ता नहीं रहेगा। अक्षय ने ना जाने कितने ही भारी मन से अनु की माँ से वादा किया कि अब वो कभी अनु की ज़िन्दगी में वापस नहीं आएगा।

दो साल बाद अनु की शादी माँ पापा ने से कबीर से करवा दी, कबीर काफी शांत स्वभाव के इंसान थे। वो अपने माँ पिताजी और दोनों बहनों से ही खुल कर बात करते और अपने मन की सारी बातें उन्हें बताते, उनकी ज़िन्दगी में कब क्या होना है, ये पहले से ही उनकी बहनें तय करतीं।

अनु ने कबीर को समझाना चाहा, कभी उसे भी कोई बात पूछ ली जाए या बता भर भी दी जाए तो उसे भी सुकून रहे। बस इतनी-सी बात पर कबीर भड़क गए। उस दिन के बाद से अनु ने कबीर से कोई शिकायत नहीं की, और कबीर को लगा, अनु गलत थी इसलिए ऐसा हुआ।

अनु जब परेशान होती तो अक्षय को बहुत याद करतीं थी, वो अनु के बिना बोले उसके मन की बात जान जाता था। शायद उससे ज़्यादा कभी किसी ने अनु को समझा ही नहीं।

धीरे-धीरे दिन बीतते गए, अनु का बेटा निहाल अब पांच साल का हो गया था, वैसे तो हर बच्चा माँ से बेहद लगाव रखता है, लेकिन निहाल का अपनी माँ के लिए जो लगाव प्यार और समर्पण की भावना इस नन्ही सी उम्र में थी उसे देख कर हर कोई हैरान रह जाता था।

एक सुबह जब अनु निहाल को स्कूल ले जाने के लिए स्कूटी निकालने लगी तो निहाल ने कहा, मम्मा मैं आपको स्कूल में बहुत याद करता हूँ, अनु को लगा शायद निहाल को स्कूल में कोई परेशानी है इसलिए वो ऐसा कह रहा है।

अनु ने पूछा नीहू बेटा, मम्मा को क्यों याद करते हो कोई परेशान करता है क्या ?

निहाल ने मासूमियत से जवाब दिया माँ, मुझे चिंता होती है आपकी, आप स्कूटी तेज़ चला कर तो नहीं जाते हो ना, मै स्कूल में सोचता रहता हूँ मेरी माँ ठीक से घर पहुंची होंगी या नहीं।

memories
Make memories

अनु ने कहा बेटा मम्मा आराम से घर पहुंच जाती है और चींटी के जैसे स्कूटी चलाती है, दोनों हँस पड़े, ठीक वैसे ही जैसे अनु अक्षय के साथ हँसती थी।

अचानक तेज़ आंधी तूफ़ान आने लगा। अनु ने फ़ौरन निहाल को आँख बंद करने के लिए कहा ताकि उसकी आँखों में धूल ना जाए। निहाल ने आँखे बंद करते हुए कहा, तुम स्कूटी रोको और हेलमेट पहनो ताकि सेफ रहो और अच्छे से ड्राइव कर पाओ।

बिना बारिश अनु का चेहरा आंसुओं से भीग गया था, ठीक यही बात अक्षय ने अनु से सालों पहले कही थी, शायद अक्षय का प्यार निहाल के रूप में अनु को वापस मिल रहा था।

अनु ने स्कूटी रोक कर किनारे खड़ी की और निहाल को गले से लगा लिया। अनु ने अक्षय से प्यार करना सीखा और निहाल ने अनु से…

प्यार तो प्यार ही होता है ना, रिश्ता कोई भी हो उसमे प्यार और समर्पण बना रहे तो ज़िन्दगी जीना थोड़ा और आसान हो जाता है।

उत्तराखंड से ताल्लुक रखने वाली तरूणा ने 2020 में यूट्यूब चैनल के ज़रिए अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद इंडिया टीवी के लिए आर्टिकल्स लिखे और नीलेश मिश्रा की वेबसाइट पर कहानियाँ प्रकाशित हुईं। वर्तमान में देश की अग्रणी महिला पत्रिका...