बात उस समय की है, जब मैं कक्षा चार में पढ़ती थी। मैं पढ़ाई में ठीक-ठीक थी, एक बार सामाजिक विज्ञान के अध्यापक ने क्लास टेस्ट में जिलों के नाम लिखने के लिए दिए। उस वक्त राजस्थान में 31 जिले थे, मैंने 30 जिलों के नाम लिख दिए पर एक याद नहीं आया। यही सोचते-सोचते समय पूरा हो गया। नोटबुक देने के तुरंत बाद ही मुझे उस जिले का नाम भी याद आ गया, पर अब कुछ हो नहीं सकता था। अध्यापक ने मेरी नोटबुक चैक करते हुए पूछ लिया एक जिला कम कैसे? मुझे शरारत सूझी, मैं बोली कि वो जिला तो मेरे पास रखा हुआ है, इसलिए मैंने नहीं लिखा, साथ ही मैंने अपना टिफिन खोलकर उसमें रखी मीठी बूंदी दिखा दी। यह देखकर अध्यापक जी के साथ-साथ पूरी क्लास की हंसी छूट गई। दरअसल बूंदी नाम से राजस्थान का एक जिला है, जिसे मैं लिखना भूल गई थी। आज भी बूंदी का प्रसाद खाते वक्त सब उस बात को याद करके हंसते हैं।
ये भी पढ़ें-
