आमतौर पर महिलाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से पुरुषों के मुकाबले कमजोर माना जाता है। उनकी बुद्धिमत्ता और शारीरिक क्षमता पर हमेशा से संदेह किया जाता है। पर असल में कुछ मामलों में महिलाएं, पुरुषों से कहीं आगे होती हैं। शायद ये सुनकर आप भी हैरान हो पर विज्ञान इस बात को स्वीकार कर चुका है कि कुछ मामले जैसे कि फीजिकल स्टैमिना, उम्र और याददाश्त जैसे मामलों में महिलाएं पुरुषों की तुलना में आगे हैं। चलिए आपको इसे जरा विस्तार से बताते हैं।
महिलाओं में होती है अधिक स्टैमिना

जी हां, पुरुषों के मुकाबले महिलाओं में अधिक स्टैमिना होती है। ये बात हम यूं ही नहीं कह रहे हैं बल्कि मेडिकल साइन्स की दुनिया में हो चुके कई रिसर्च के परिणाम स्वरूप ये बात तथ्य के रूप में सामने आई है। ‘जर्नल एप्लाइड फिजियोलॉजी न्यूट्रीशन एंड मेटाबॉलिज्म’ में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुरुष शारीरिक रूप से भले ही मजबूत होते हैं, पर वे महिलाओं की तुलना में जल्दी थक जाते हैं। यानि कि उनमें स्टैमिवा कम होती है।
लंबी उम्र जीती हैं महिलाएं

पुरुषों की तुलना में महिलाएं अधिक लंबी उम्र जीती हैं, जिसके कई सारे कारण है। विज्ञान कहता है कि महिलाएं भ्रूण की अवस्था से ही अधिक मजबूत होती हैं। यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के प्रोफेसर डेविड जेम्स के अनुसार “पुरुषों के भ्रूणों की मृत्यु दर महिला भ्रूणों की अपेक्षा ज़्यादा है”। यानि कि गर्भपात का खतरा भी बेबी ब्वॉय को अधिक होता है। इसके बाद जन्म से ही महिलाएं पुरुषों की तुलना में बीमारियों का कम शिकार होती हैं। उनमें हार्ट अटैक और दूसरी घातक बीमारियों का खतरा पुरुषों की तुलना में काफी कम होता है। इसके अलावा सामाजिक परिवेश और व्यवहार भी काफी हद तक महिलाओं की लंबी उम्र का राज होती है।
महिलाओं की याददाश्त होती है तेज

ये बात तो विज्ञान भी मानता है कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं की याददाश्त कहीं अधिक तेज होती है, वो किसी भी बात को याद रखने में पुरुषों से आगे होती हैं। दरअसल, ये बात शोध में सामने आई है कि बढ़ती उम्र के साथ जहां पुरुषों की स्मरण क्षमता कम हो जाती है वहीं महिलाओं में ये उम्र के साथ बेहतर होती है।
