The Hindi Womens magazines on Fashion, Beauty, Entertainment, Travel, Health, Parenting , cookery religion , astrology – daily dose for the smart housewife.
गर्मी के मौसम के आते ही हम सब आम का इंतजार करने लगते हैं। यह न केवल बहुत स्वादिष्ट होता है बल्कि हमारी सेहत के लिए भी अच्छा रहता है। डाइटीशियन से लेकर डॉक्टर तक गर्मी के मौसम में इसे खाने की सलाह देते हैं। क्या कभी आपने सोचा है कि वे इसे खाने पर जोर क्यों देते हैं? दरअसल, आम में इतने सारे गुण होते हैं कि यह हमें न सिर्फ सेहतमंद रखता है बल्कि हमारी खूबसूरती में भी इजाफा करता है। यह विटामिन-ए, विटामिन-सी के साथ ही कॉपर, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स से समृद्ध है। इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट गुण हमारे शरीर को खतरनाक रोगों से बचाते हैं।
आम की गुठली है बहुत फायदेमंद
हम सबको आम के गूदे के फायदों के बारे में तो फिर भी पता रहता है लेकिन क्या आपको इसकी गुठली में छिपे सेहत के फायदों के बारे में पता है? हम आम खाकर जिस गुठली को अमूमन फेंक देते हैं, उसमें हमें सेहतमंद रखने और हमारी कई हेल्थ प्रॉब्लम्स को दूर करने के इतने फायदे हैं कि उसके बारे में जानकर आपको आश्चर्य होगा! यह वाकई आम के आम गुठलियों के दाम मुहावरे को सार्थक करता है।
डायरिया को रखे दूर
गर्मी के मौसम में कई लोगों को डायरिया हो जाता है। ऐसे में अगर आप आम की गुठली को पीसकर उसके पाउडर का सेवन करते हैं तो यह जादुई तरीके से काम करता है। इसके लिए आपको सिर्फ आम की सूखी गुठली को मोटे दरदरे पाउडर में पीस लेना है। आप इस पाउडर को एक गिलास पानी में मिलाकर ले सकते हैं। आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा शहद भी मिला लें। यह ध्यान रखना है कि आप एक बार में 1 ग्राम से ज्यादा आम की गुठली का सेवन न करें।
कोलेस्ट्रॉल लेवल को संतुलित रखे
कहा जाता है कि आम की गुठली ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाती है। इस तरह हमारे शरीर में कोलेस्ट्रॉल लेवल कम रहता है। ऐसे में आम की गुठली के पाउडर का सेवन बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है और ब्लड शुगर लेवल को भी नियमित करता है।
कार्डियोवस्कुलर बीमारी को करता है कम
अगर आपको कार्डियोवस्कुलर बीमारी है तो आम की गुठली का सेवन इसे कम करने में आपकी मदद कर सकता है।
पाचन बढ़ाए
जिन लोगों को अधिकतर एसिडिटी की समस्या रहती है, उनके लिए आम की गुठली सही है। आम की गुठली में फेनोल्स और फेनोलिक कम्पाउंड्स होते हैं, जो पाचन को दुरुस्त करते हैं। यह शरीर से टॉक्सिन को बाहर निकालने में भी मदद करता है।
स्कर्वी भी ठीक करता है
आम की गुठली में विटामिन सी प्रचुर मात्रा में होता है। ऐसे में इसका सेवन स्कर्वी के मरीजों को जरूर करना चाहिए। इसके लिए आपको आम की गुठली के पाउडर में इसका दोगुना गुड़ और नींबू मिलाकर इसे खा लेना है। इससे आपके विटामिन सी की भी पूर्ति होती है।
आम का पल्प
अब हम बात करेंगे आम से तैयार होने वाले फेस पैक के बारे में, जिन्हें हम खुद ही घर पर बना सकते हैं। ये फेस पैक आम के गूदे से तैयार किए जाते हैं और हमारी स्किन को सॉफ्ट और ग्लो कराने में मदद करते हैं।
एक्सफोलिएशन के लिए
हम सब जानते हैं कि हमारी स्किन के लिए एक्सफोलिएशन कितना जरूरी है। यह हमारी स्किन से डेड सेल्स को हटाता है। इस फेस पैक को तैयार करने के लिए आपको 1 चम्मच आम का गूदा, 1 चम्मच ऑर्गेनिक शहद और 1 चम्मच दूध चाहिए। इन सबको ठीक से मिलाकर आप चेहरे पर लगा सकती हैं। लगाने के बाद करीब 10 मिनट तक इसे फेस पर रहने दें। फिर ठंडे पानी से धो दें।
चमकदार स्किन के लिए
आम में एंटी-टैन गुण होते हैं और ऐसे विटामिन भी जो इन्फ्लेमेशन और सन बर्न से हमारी स्किन की सुरक्षा करते हैं। इस पैक के लिए आपको 1 चम्मच आम का गूदा, 2 चम्मच गेंहू का आटा और 1 चम्मच ऑर्गेनिक शहद की जरूरत पड़ेगी। आप चाहें तो इस पैक में 2 चम्मच पीसे हुए बादाम भी मिला सकती हैं। इन सबको मिलाकर टैन वाले एरिया पर लगाकर लगभग 20 मिनट छोड़ दें। फिर सादे पानी से धो लें। अच्छे परिणाम के लिए हफ्ते में दो-तीन बार लगाएं।
सॉफ्ट स्किन के लिए
स्किन को स्क्रब की भी जरूरत पड़ती है। इस मैंगो फेस पैक का यही काम है। इसके लिए आपको जरूरत पड़ेगी 2 चम्मच आम के गूदे, 1 चम्मच ओट्स, 2 चम्मच कच्चा दूध और 3-4 पीसे हुए बादाम की। इन सबको मिलाकर दरदरा सा पेस्ट बनाएं और स्किन पर लगा लें। आप इससे स्क्रब भी कर सकते हैं।
एक्ने के लिए
आम के गूदे के साथ दही और शहद जादुई तरीके से आपकी स्किन पर काम करता है। यह ऑयली स्किन वालों के लिए रामबाण है। यह स्किन पर से एक्ने को दूर करके फेस पर से अतिरिक्त तेल को भी दूर करता है। इस पैक के लिए आपको चाहिए 2 चम्मच आम का गूदा, 2 चम्मच दही और 2 चम्मच शहद। इस सबको मिलाकर फेस पर लगा लें और 15 मिनट बाद धो लें।
आम का छिलका बड़े काम का
आम के गूदे और गुठली के फायदों के बारे में तो हमने जान लिया। अब बारी है आम के छिलके की। जी हां, आपने बिल्कुल सही सुना है। आम के छिलके भी कमाल कर सकते हैं यदि आप इनका इस्तेमाल सही तरीके से करें।
एंटी-ऑक्सीडेंट मास्क
आम के छिलकों को सुखाकर इसे पीस लें। दो चम्मच पाउडर लें, साथ में 1 चम्मच ग्रीन टी पाउडर की भी जरूरत पड़ेगी। दोनों को ठंडे पानी में मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। इस सूदिंग मास्क को चेहरे पर 20 मिनट के लिए रहने दें। बाद में सादे पानी से धो लें। यह आपकी स्किन को सॉफ्ट रखने के साथ ही ब्राइट लुक भी देगा।
एंटी-रिंकल मास्क
इसके लिए आपको कुछ भी अलग से तैयार करने की जरूरत नहीं है। आप एक पके आम के छिलके को लीजिए। इसे अपने चेहरे पर स्क्रब की तरह इस्तेमाल कीजिए। फिर 10-15 मिनट तक सूखने के लिए रख दें और सादे पानी से धो लें। एक दिन छोड़कर अगले दिन इसका इस्तेमाल आपकी स्किन को सॉफ्ट रखेगा और झुर्रियों को बाय कहेगा।
टी-टैन मास्क
पके आम के छिलके को चेहरे और हाथों पर स्क्रब की तरह इस्तेमाल कीजिए। करीब 5 मिनट रगड़ने के बाद स्किन पर मलाई लगाएं। 10-15 मिनट छोड़ने के बाद ठंडे पानी से धो लें। हफ्ते में तीन बार इसके इस्तेमाल से टैनिंग धीरे-धीरे खत्म हो जायेगी।
एंटी-पिगमेंटेशन मास्क
आम के छिलके को धूप में सुखा लें। इसे मिक्सर में पीसकर पाउडर बना लें। अब इसमें दही मिलाकर चेहरे पर लगाएं और 10-15 मिनट लगा रहने दें। बाद में गुनगुने पानी से धोएं। अगर आप सप्ताह में तीन बार इस मास्क को अपने फेस पर लगाती हैं तो पिगमेंटेशन खत्म हो जाएगी।
नोट : यदि आपको इन पैक्स को लगाने के बाद किसी तरह की खुजली या इरिटेशन होती है तो तुरंत सादे पानी से धो लेना सही रहता है। जरूरी नहीं है कि हर चीज हर व्यक्ति को सूट करे ही, इसलिए अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है तो इसके लिए पहले से हथेली पर पैच टेस्ट करके देख लेना सही रहता है।
स्वास्थ्य संबंधी यह लेख आपको कैसा लगा? अपनी प्रतिक्रियाएं जरूर भेजें। प्रतिक्रियाओं के साथ ही स्वास्थ्य से जुड़े सुझाव व लेख भी हमें ई-मेल करें-editor@grehlakshmi.com