High Protein Rich Mountain Vegetable: भारत देश अपनी घनी और व्यापक वनस्पति के लिए विश्व प्रसिद्ध है, यहां जगह के अनुसार तरह-तरह के पेड़ पौधे, सब्जियां और फल मिलते हैं। भारत का पहाड़ी क्षेत्र जो उत्तर में सबसे ज्यादा फैला हुआ है। यह अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है। पहाड़ों की जलवायु, खान-पान और कृषि मैदानी क्षेत्र से अलग होती है। यहां की सब्जियां न केवल स्वाद में लाजवाब होती हैं बल्कि यह सेहत के लिए भी कई मायनों में बेहद फायदेमंद होती हैं। यहां पाई जाने वाली कुछ सब्जियों का स्वाद तो नॉनवेज से भी उम्दा होता है और यही नहीं, यह सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है। जहां भारत में आमतौर पर मांसाहारी आहार को बहुत फायदेमंद माना जाता है, वहीं पहाड़ पर पाई जाने वाली कुछ सब्जियां स्वाद और पौष्टिकता के लिए प्रसिद्ध है
लिंगुड़ा
पहाड़ों पर पाई जाने वाली यह सब्जी, जिसे इंग्लिश में फर्न सूट्स भी कहा जाता है। इसे हल्का उबालकर खाया जाता है। पहाड़ी लोग इसे आचार या मसालेदार सब्जी के रूप में खाते हैं। इस सब्जी का स्वाद थोड़ा कसैला होता है। इसमें विटामिन सी, विटामिन ए और फोलेट पाया जाता है। इसका सेवन करने से पाचन तंत्र मजबूत होता है। लिंगुडा का स्वाद मटन या चिकन से भी बेहतर होता है। पहाड़ी लोग इसे भूनकर या हल्का उबालकर खाते हैं। अधिकतर इसका सेवन बारिश के मौसम में किया जाता है।
कंडाली साग (बिच्छू बूटी)
उत्तराखंड और नेपाल के पहाड़ियों में पाए जाने वाला कंडाली साग, जिसे बिच्छू बूटी भी कहा जाता है। यह देखने में तो आम साग जैसी लगती है लेकिन इसे छूने पर झनझनाहट सी महसूस होती है, जिस कारण इसका नाम बिच्छू बूटी पड़ा है। इसे सही तरीके से पकाने के बाद इसकी झनझनाहट कम हो जाती है और यह बेहद ही लाजवाब लगता है। कंडाली साग में एंटीऑक्सीडेंट, कैल्शियम, प्रोटीन और आयरन मौजूद होता है। जिन लोगों को शरीर में खून की कमी की समस्या होती है, उन्हें इस साग का सेवन करना चाहिए। इसका सेवन करने से इम्युनिटी बढ़ती है और हड्डियां भी मजबूत होती हैं। इसका स्वाद इतना बढ़िया होता है कि लोग इसे नॉनवेज से भी ज्यादा पसंद करते हैं।
भट्ट की दाल
उत्तराखंड में उगाई जाने वाली भट्ट की दाल यहां के लोगों को बेहद पसंद है। इसका स्वाद इतना बढ़िया होता है कि यह किसी भी नॉनवेज डिश को फेल कर सकता है। भट्ट की दाल में फाइबर, कैल्शियम, आयरन और प्रोटीन पाया जाता है। इसका सेवन करने से हमारे हृदय की सेहत बेहतर होती है। डायबिटीज की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए भी यह फायदेमंद है। भट्ट की दाल का सेवन करने से सर्दियों में ठंड लगने का खतरा कम होता है। यह पोषण से भरपूर होने के साथ-साथ स्वाद में भी लाजवाब होता है।
चौराई का साग (लाई साग)
भारत में कई प्रकार के साग पाए जाते हैं। साग हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। पहाड़ी क्षेत्र में लाई नाम से प्रसिद्ध चौराई का साग हरी पत्तेदार सब्जी है। यह बहुत ही आसानी से पक जाता है और इसका स्वाद बहुत ही लाजवाब होता है। चौराई में कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर, आयरन, विटामिन सी और कैल्शियम मौजूद होते हैं। महिलाओं के लिए बहुत ही फायदेमंद है क्योंकि यह शरीर में खून बढ़ाने के लिए कारगर है। इसे हल्के मसाले के साथ पकाककर इसका सेवन करने से स्वस्थ रहा जा सकता है। यह इतना स्वादिष्ट होता है कि नॉनवेज भी इसके आगे फीका पड़ सकता है।
