यूं तो आपने मोबाइल, टिफिन, चश्में जैसी चीजों को उनके कवर के साथ तो देखा ही होगा। लेकिन निटिंग यार्न (ऊन) से बने इनके कवर नहीं देखें होंगे। लेकिन फिक्र करने की कोई बात नहीं है, यहां हम आपको कुछ ऐसे ही निटिंग यार्न से बनने वाले कवर आईडियाज दे रहें हैं जिसे आप वाहवाही तो बटोरेंगे ही साथ ही ये आपकी चीजों को यूनिक लुक भी देंगे।

मोबाइल कवर
सामग्री – आपको चाहिए हल्के व गहरे बैंगनी रंग (आप कोई भी मनचाहा रंग ले सकते हैं) में थोड़ी-थोड़ी निटिंग यार्न, 11 नम्बर का क्रोशिया व 1 फूल।
स्टेप 1 – हल्की बैंगनी निटिंग यार्न से 28 चेन का गोला बनाएं।
स्टेप 2 – पहले घेरे में 28 ट्रेबल बनाएं फिर दूसरे और तीसरे घेरे में बराबर दूरी पर 7-7 ट्रेबल बढ़ाते हुए हर एक ट्रेबल में ट्रेबल बनाएं।
स्टेप 3 – चौथे से सांतवें घेरों के किनारों के 8-8 स्टिच छोड़कर शेष ट्रेबल पर ट्रेबल का घेरा बनाएं।
स्टेप 4 – घेरा 8 से 11 में गहरे बैंगनी रंग से घेरे 7 के समान बनाएं।
स्टेप 5 – शुरू की चेन पर व छोड़े गए 8-8 स्टिच पर गहरी बैंगनी निटिंग यार्न से डबल क्रोशिया बनाएं।
स्टेप 6 – खुली जगह डोरी बुनें। और चित्र में दिए गई जगह पर फूल टांक दें।

टिफिन बॉक्स कवर
सामग्री – हल्के नीले रंग की निटिंग यार्न 25 ग्राम, गहरे काले, क्रीम, पीले व लाल रंग में थोड़ी-थोड़ी निटिंग यार्न व 11 नम्बर का क्रोशिया।
स्टेप 1 – पीछे के भाग के लिए हल्के नीले रंग की निटिंग यार्न से 36 चेन पर ट्रेबल बनाते हुए कुल लंबाई 20 सेमी. कर लें।
स्टेप 2 – सामने का भाग रोबोट या अपने मनपसंद डिजाइन बनाते हुए पीछे के भाग के समान बुनें।
स्टेप 3 – दोनों भागों के बीच में 16 ट्रेबल की पट्टी बनाकर जोड़ दें। पट्टी के ऊपरी भाग में हर पंक्ति में दोनों किनारों पर 1-1 ट्रेबल घटाती जाएं।
स्टेप 4 – अब 4-4 ट्रेबल रह जाने पर स्टिच घटाना बंद कर दें।
स्टेप 5 – 4 ट्रेबल की आवश्यकतानुसार लंबी पट्टी बुन लें।

पेन ड्राइव कवर
सामग्री – सफेद और लाल रंग की निटिंग यार्न, 10 नम्बर का क्रोशिया।
स्टेप 1 – क्रोशिया से पेन ड्राइव की लंबाई और फ्लैप जितनी लंबाई चेन बनाएं।
स्टेप 2 – हर चेन में स्लिप स्टिच डालें
स्टेप 3 – 2-2 पंक्ति दोनों रंग की बनाएं। 8 पंक्ति के बाद फ्लैप जितने स्टिच छोड़ दें।
स्टेप 4 – 8 पंक्ति और बनाएं। दोनों रंग के निटिंग यार्न से डोरी बनाएं।
स्टेप 5 – फ्लैप पर एक बटन टांक दें। लीजिए आपका पेन ड्राइव कवर तैयार है।

एक्सेसरीज होल्डर कवर
सामग्री – हल्के ब्राउन, लाल व गहरे हरे रंग में थोड़ी-थोड़ी निटिंग यार्न व 11 नम्बर का क्रोशिया।
स्टेप 1 – हल्के ब्राउन रंग की निटिंग यार्न से 3 चेन का गोला बनाकर उसमें 12 ट्रेबल बनाएं।
स्टेप 2 – दूसरे घेरे में प्रत्येक ट्रेबल पर 2 ट्रेबल बनाएं।
स्टेप 3 – अब घेरा 3 और 4 के प्रत्येक ट्रेबल पर ट्रेबल बनाएं।
स्टेप 4 – घेरा 5 (हल्का ब्राउन) प्रत्येक 2 ट्रेबल के पीछे इकट्ठा हुक डालकर 2 ट्रेबल बनाएं।
स्टेप 5 – आगे की बुनाई घेरे 5 को दोहराते हुए क्रमश: 1 घेरा लाल, 1 हल्का ब्राउन, 2 गहरे हरे 1 लाल रंग लगाते हुए करें।

स्पैक्स (चश्मा) कवर
सामग्री – हरे, पीले व मरून रंग में थोड़ी-थोड़ी निटिंग यार्न व 11 नम्बर का क्रोशिया।
स्टेप 1 – हरी निटिंग यार्न से 17 चेन बनाकर 2 पंक्तियां ट्रेबल की बुनें।
स्टेप 2 – अगली 12 पंक्तियों में ट्रेबल की बुनाई में ही (वी) नमूना बुनें।
स्टेप 3 – अंतिम 3 पंक्तियां मैरून बुनें। निटिंग यार्न तोड़ दें।
स्टेप 4 – इसी तरह एक भाग और बुन लें। दोनों भागों की 3 साइड्स मरून किनारी बनाते हुए आपस में सी लें।
स्टेप 5 – किनारी बनाने के लिए निटिंग यार्न यथास्थान जोड़ें। 2 चेन बनाकर ½ सेमी. की दूरी पर स्टिच द्वारा जोड़ती जाएं।
