Love You First AI Film: हमारे देश में फिल्मी दुनिया के मामले में अक्सर बदलाव की बयार साउथ से चलती है। इस बार कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री ने चुपचाप इतिहास रच दिया है। इस बार बदलाव किसी स्टार से सजी बड़ी रिलीज़ की वजह से नहीं है। इस बार सुर्खियों में है एक क्रांतिकारी प्रयोग जिसका नाम है ‘लव यू’।यह दुनिया की पहली पूर्ण लंबाई की ऐसी फिल्म है जिसे पूरी तरह से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा बनाया गया है। जी हां इस फिल्म में न कोई एक्टर, न संगीतकार, न कैमरामैन है… सिर्फ दो जुनूनी लोग और ढेर सारा कोड।

इस फिल्म को निर्देशित और प्रोड्यूस किया है नरसिम्हा मूर्ति ने। मूर्ति का दिन में काम होता है बेंगलुरु के बगलगुंटे अंजनेय मंदिर में पुजारी का। ‘लव यू’ लगभग 95 मिनट की रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसे एआई की मदद से जिंदा किया गया है। महज़ 10 लाख रुपए के सीमित बजट में बनी यह फिल्म सिर्फ एक सिनेमाई प्रयोग नहीं है, बल्कि भविष्य की फिल्ममेकिंग की एक झलक भी है।

YouTube video

मूर्ति पहले भी कुछ फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। इस बार मूर्ति एक साहसिक प्रयोग में कूद पड़े जिसमें आध्यात्म, कहानी और तकनीक का अनोखा संगम देखने को मिलता है। इस पूरी प्रक्रिया के तकनीकी सूत्रधार हैं नूतन। नूतन, एलएलबी ग्रैजुएट है जिनके पास कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में सहायक निर्देशक और संपादक के तौर पर 10 वर्षों का अनुभव है। एआई की दुनिया में उन्होंने गहराई से प्रवेश किया और इस फिल्म के हर तकनीकी पहलू को संभाला। किरदारों की एनीमेशन, कैमरा मूवमेंट्स, होंठों का समन्वय  जिसे आम बोल चाल में लिप-सिंक कहते हैं, संगीत बनाना, बैकग्राउंड स्कोर तैयार करना, यहां तक कि इमोशनल सीन भी। सबकुछ एआई ने बनाया है।

मूर्ति ने बताते हैं, “हर फ्रेम, हर गाना, हर सीन… सब एआई ने बनाया है। हमने एक भी इंसानी कलाकार का इस्तेमाल नहीं किया”। अगर यह सुनकर सब भविष्य की कल्पना जैसा लगता है, तो और सुनिए… इस फिल्म में कुल 12 ओरिजिनल गाने हैं। ये सभी एआई ने ही बनाए हैं। पूरी कहानी संवादों, सीन चेंज और भावनात्मक उतार-चढ़ावों से भरी हुई है।

फिल्म के रचनात्मक मार्गदर्शक रहे सुंदर राज गुंदुराव, जबकि नूतन और मूर्ति ने मिलकर इस विज़न को लगभग मशीन जैसी सटीकता के साथ साकार किया। इन दोनों ने मिलकर कुछ ऐसा कर दिखाया जो अब तक कभी नहीं हुआ था। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने इस फिल्म को आधिकारिक रूप से U/A सर्टिफिकेट दिया है, जिससे ‘लव यू’ भारत में सिनेमाघरों में रिलीज के लिए स्वीकृत पहली एआई-निर्मित फिल्म बन गई है।

मूर्ति कहते हैं, “ये सिर्फ एक फिल्म नहीं है; ये कहानी कहने के एक नए तरीके की शुरुआत है, हम एक ऐसे भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं जहां इंसान और मशीन रचनात्मक रूप से साथ काम कर सकते हैं और ये बहुत रोमांचक है कि कन्नड़ सिनेमा इस दिशा में अग्रणी है।” अभी इस फिल्म की आधिकारिक रिलीज़ डेट तय नहीं की गई है, लेकिन निर्माता जल्द ही इसे वैश्विक स्तर पर रिलीज़ करने की योजना बना रहे हैं। यह जरूर है कि इस फिल्म को लेकर उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है।

ढाई दशक से पत्रकारिता में हैं। दैनिक भास्कर, नई दुनिया और जागरण में कई वर्षों तक काम किया। हर हफ्ते 'पहले दिन पहले शो' का अगर कोई रिकॉर्ड होता तो शायद इनके नाम होता। 2001 से अभी तक यह क्रम जारी है और विभिन्न प्लेटफॉर्म के लिए फिल्म समीक्षा...