Overview: संजय दत्त ने सुनाई जेल की खौफनाक कहानी
हाल ही में द ग्रेट इंडियन कपिल शो में एक्टर संजय दत्त ने अपने जीवन के एक ऐसे भयावह अध्याय को याद किया, जिसने उन्हें और उनके दोस्तों को हैरान कर दिया।
Sanjay Dutt Recalls Horrifying Story of His Jail Life: हाल ही में द ग्रेट इंडियन कपिल शो में एक्टर संजय दत्त ने अपने जीवन के एक ऐसे भयावह अध्याय को याद किया, जिसने उन्हें और उनके दोस्तों को हैरान कर दिया। अपने करीबी दोस्त सुनील शेट्टी के साथ शो में शिरकत करते हुए, संजय ने 1993 के मुंबई बम धमाकों से जुड़े आरोपों के कारण जेल में बिताए अपने समय का एक ऐसा अनुभव साझा किया, जो सालों बाद भी उनके दिमाग में ताजा है।
संजय दत्त ने सुनाई जेल के दिनों की कहानी
संजय दत्त ने जेल के दिनों की एक दिल दहला देने वाली घटना का जिक्र किया, जब उन्हें अपनी बढ़ी हुई दाढ़ी मुंडवाने के लिए कहा गया। जेल अधिकारियों ने यह काम एक कैदी को सौंपा, जिसका नाम मिश्रा था। संजय ने बताया कि जैसे ही वह कैदी उनकी गर्दन पर उस्तरा चलाने लगा, उन्होंने उससे पूछा कि वह कितने समय से जेल में है। जवाब मिला, “पंद्रह साल।”
कांप गई थी संजय दत्त की रूह
कैदी की बात सुनकर संजय की जिज्ञासा बढ़ी और उन्होंने अगला सवाल किया, “किस जुर्म में?” मिश्रा का जवाब था, “डबल मर्डर”। यह सुनते ही संजय की रूह कांप गई। उस कैदी ने उस्तरा सजंय की गर्दन पर रखा हुआ था। उन्होंने तुरंत उसका हाथ पकड़ लिया और उसे रोक दिया। उन्होंने बताया कि यह एक सामान्य दिन था, जहां एक डबल मर्डर के हाथ में उस्तरा था। इस किस्से से अंदाजा लगाया जा सकता है कि जेल के अंदर का जीवन कितना खतरनाक हो सकता है।
माता-पिता को खोने का है अफसोस
इस भयानक अनुभव के बावजूद, संजय दत्त ने अपनी जिंदगी को लेकर कोई पछतावा जाहिर नहीं किया। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने जीवन में बस एक ही बात का अफसोस है कि उन्होंने अपने माता-पिता को बहुत जल्दी खो दिया। उन्होंने अपने पिता, महान अभिनेता और राजनेता सुनील दत्त और अपनी मां दिग्गज अभिनेत्री नरगिस को याद किया। नरगिस का निधन उनकी पहली फिल्म ‘रॉकी’ की रिलीज से ठीक पहले हो गया था, जबकि उनके पिता का निधन 2005 में हुआ था। संजय के शब्दों में, उनका सबसे बड़ा दुःख यही है कि वे दोनों उनके साथ जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों पर नहीं थे।
संजय दत्त का जेल में सफर
1993 के बम धमाकों में अवैध हथियार रखने के लिए ‘आर्म्स एक्ट’ के तहत दोषी ठहराए गए संजय दत्त ने यरवदा जेल में पांच साल की सजा काटी। जेल में उनके अच्छे व्यवहार और सकारात्मक योगदान के कारण उन्हें समय से पहले रिहा कर दिया गया था। संजय दत्त जेल में अपने साथी कैदियों के लिए रेडियो शो चलाया करते थे।
काम की बात करें तो, संजय दत्त की हाल ही में ‘बागी 4’ रिलीज हुई है, जिसमें उनके साथ टाइगर श्रॉफ और हरनाज कौर संधू भी हैं। इसके अलावा, वह जल्द ही ‘द राजा साब’ में प्रभास के साथ और ‘धुरंदर’ में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और आर माधवन जैसे कलाकारों के साथ नजर आएंगे।
