Summary: अभिषेक बच्चन ने पत्नी ऐश्वर्या और बेटी आराध्या को समर्पित किया फिल्मफेयर अवॉर्ड
अभिषेक बच्चन ने फिल्म इंडस्ट्री में 25 साल पूरे करने के बाद 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2025 में ‘I Want To Talk’ फिल्म के लिए अपने करियर का पहला बेस्ट एक्टर अवॉर्ड जीता। मंच पर भावुक होते हुए उन्होंने यह अवॉर्ड अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन और बेटी आराध्या को समर्पित किया।
Abhishek Dedicated Award to Aishwarya: दुनिया में कुछ सफर ऐसे होते हैं, जो केवल कामयाबी की गिनती में नहीं, बल्कि धैर्य और संघर्ष के लिए भी याद किए जाते हैं। एक्टर अभिषेक बच्चन का फिल्मी सफर ऐसा ही एक उदाहरण है। 2025 के 70वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में जब उन्हें ‘I Want To Talk’ फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर (लीडिंग रोल- मेल) का अवॉर्ड मिला, तो यह सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं थी, बल्कि उनके 25 सालों के संघर्ष को मान्यता मिलने जैसा था। अभिषेक ने अपने इस अवॉर्ड को अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन को समर्पित करते हुए कहा कि यह अवॉर्ड तुम्हारे त्याग का परिणाम है।
परिवार का साथ ही सफलता की असली ताकत
अभिषेक ने अपनी स्पीच में अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन और बेटी आराध्या का खास तौर पर जिक्र किया। उन्होंने कहा, “ऐश्वर्या और आराध्या, तुम्हारा धन्यवाद कि तुमने मुझे अपने सपनों को जीने की इजाजत दी। यह अवॉर्ड तुम्हारे त्याग का फल है। यह फिल्म एक पिता और बेटी की कहानी है और मैं यह अवॉर्ड दो खास लोगों को समर्पित करना चाहता हूं, मेरे हीरो, मेरे पापा और मेरी बेटी।” इस एक लाइन में उन्होंने न सिर्फ एक एक्टर के रूप में, बल्कि एक बेटे और पिता के रूप में भी अपनी भावनाएं जाहिर कीं। यह वह क्षण था जब पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा।
25 साल बाद अभिषेक को मिला अवॉर्ड
अभिषेक बच्चन ने अपने करियर की शुरुआत 2000 में की थी और तब से लेकर आज तक उन्होंने कई उतार-चढ़ाव देखे। हालांकि उन्हें दर्शकों और फिल्म समीक्षकों ने एक सीरियस एक्टर के तौर पर पहचाना, फिर भी उन्हें इस तरह काआइकनिक अवॉर्ड पहली बार मिला। अवॉर्ड लेते समय उनकी आंखों में आंसू थे और उन्होंने स्टेज पर जो इमोशनल स्पीच दी, उसने वहां मौजूद हर दिल को छू लिया।
उन्होंने कहा, ‘इस साल मेरे फिल्मी करियर के 25 साल पूरे हो रहे हैं, और मैंने न जाने कितनी बार इस अवॉर्ड को लेने के लिए स्पीच देने की प्रैक्टिस की है। यह सपना रहा है और आज जब यह सच हुआ है, तो मैं बेहद भावुक हूं। परिवार के सामने यह अवॉर्ड मिलना इसे और भी खास बनाता है।”
‘I Want To Talk’ के लिए मिला अवॉर्ड
“विक्की डोनर” फ़ेम शूजीत सिरकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक टर्मिनली बीमार पिता की कहानी है, जो अपनी बेटी से दोबारा जुड़ने की कोशिश करता है। फिल्म की सादगी, संवेदनशीलता और भावनात्मक गहराई ने दर्शकों को इस फिल्म को पसंद करने पर मजबूर कर दिया। अभिषेक की एक्टिंग ने इस किरदार को जीवंत बना दिया और शायद यही कारण रहा कि उन्हें यह आइकनिक अवॉर्ड मिला।
अभिषेक की फिल्में
“हाउसफूल 5” जैसी हल्की-फुल्की कॉमेडी से लेकर “आई वॉन्ट टू टॉक” जैसी गंभीर फिल्मों तक, अभिषेक ने अपने करियर में कई तरह के रोल किए हैं। जल्द ही वह “किंग” में शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और सुहाना खान के साथ नजर आएंगे, जो दर्शकों के लिए एक और दिलचस्प अनुभव हो सकता है।
