एक बार मेरी मौसेरी दीदी ने आईने में देखते हुए कहा था कि अब मुझे अपना ही चेहरा अच्छा नहीं लगता। चेहरे की खूबसूरती गायब होती जा रही है और जगह ले रही हैं झुर्रियां और बारीक रेखाएं। दरअसल झुर्रियां और बारीक रेखाएं उम्र बढऩे के सामान्य लक्षण हैं, ये त्वचा को थकानभरा लुक देते हैं। विशेषकर महिलाओं को चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में दिखने वाली झुर्रियां अच्छी नहीं लगतीं। कई दफा उम्र से पहले भी झुर्रियां त्वचा पर अपना असर दिखाने लगती हैं। अमूमन झुर्रियां उसी त्वचा पर दिखती हैं, जो हिस्सा सूरज के सीधे संपर्क में रहता है। चेहरा, गर्दन, हाथ और बांहों पर झुर्रियां जल्दी दिखने लगती हैं। माथे पर रेखाएं नजर आना, आंखों के आस-पास सिलवट दिखना, होंठ के पास बारीक रेखाएं, बेजान चेहरा आदि झुर्रियां और बारीक रेखाओं के लक्षण हैं। त्वचा में मौजूद कोलैजन उम्र बढऩे के साथ कम होने लगता है, इसलिए झुर्रियां दिखने लगती हैं। झुर्रियां आना एक बायोलॉजिकल प्रक्रिया है लेकिन जब आप त्वचा की देखभाल सही तरह से नहीं करते हैं तो झुर्रियां समय से पहले भी नजर आने लगती हैं। उम्र बढऩा, धूम्रपान, धूप में अधिक समय बिताना, फ्री रेडिकल्स, तनाव, पोषणात्म भोजन की कमी, जेनेटिक्स, डिहाइड्रेशन, प्रदूषण और त्वचा की सही तरीके से देखभाल न करना आदि कुछ ऐसे कारण हैं, जिनकी वजह से झुर्रियां और बारीक रेखाएं त्वचा पर नजर आने लगती हैं।
घरेलू उपाय
इन दिनों झुर्रियों से निपटने के लिए बोटॉक्स, लेजर जैसे कई उपाय अपनाए जा रहे हैं, लेकिन यह हर किसी के बस की बात नहीं हैं। इसके लिए रुपये चाहिए, साथ ही यदि इस प्रक्रिया में तनिक भी गलती हो जाए तो लेने के देने पड़ सकते हैं। यह भी जरूरी नहीं है कि ये ट्रीटमेंट हर किसी भी त्वचा के लिए सही हो। ऐसे कई घरेलू उपाय हैं, जिन्हें करके आप इन झुर्रियों और बारीक रेखाओं से निजात पा सकते हैं।
–नारियल के तेल को गरम करके चेहरे की मालिश करने से त्वचा में कसाव आता है और झुर्रियां नहीं होती हैं।
-बादाम का तेल भी झुर्रियों को हटाने में आपकी मदद कर सकता है। रोजाना रात में बादाम के तेल से त्वचा पर मालिश करने त्वचा में कसाव आता है, आंखों के काले घेरे भी कम होते हैं। बादाम को पूरी रात दूध में भिगोकर रख दें। सुबह इसके छिलके निकालकर पेस्ट बना लें। त्वचा पर लगाएं और आधे घंटे के बाद गुनगुने पानी से धो लें।
-ऑलिव ऑयल में एंटीऑक्सिडेंट होता है, जो त्वचा को खतरा पहुंचाने वाले फ्री रैडिकल्स से लडऩे में कारगर है। ऑलिव ऑयल से मसाज करने से भी बारीक रेखाएं धीरे-धीरे गायब होती हैं। चाहें तो इसमें शहद और ग्लिसरीन भी मिला लें। इससे मृतप्राय त्वचा बाहर निकल जाती है और चेहरा खिल उठता है। साथ ही त्वचा के अंदरुनी हिस्सों में नमी चली जाती है।
-मलाई, शहद और नींबू के रस को मिलाकर चेहरे पर मालिश करने से फायदा मिलता है।
-मिल्क पाउडर झुर्रियां और बारीक रेखाओं को दूर करने में जादुई तरीके से कामगार है। 4 बड़े चम्मच मिल्क पाउडर, 2 बड़े चम्मच गरम पानी और 2 बड़े चम्मच शहद को अच्छी तरह से मिलाकर चेहरे और गर्दन पर लगाने से चेहरे से झुर्रियां गायब होंगी और चेहरा चमक भी उठेगा।
-केला न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है बल्कि झुर्रियां भगाने में भी फायदेमन्द है। इसके लिए आप एक पका केला अच्छी तरह से मसल लें। इसके आधे घंटे के लिए चेहरे पर लगाएं। इसके बाद चेहरे को सादे पानी से धो लें। चेहरे को पोंछना नहीं, पानी को सूख जाने दें।
-विटामिन सी त्वचा के लिए लाभदायक होता है। केले की तरह ही अनानास के गूदे को पंद्रह मिनट तक चेहरे पर लगाए रखें और चेहरा धो दें। अनानास के रस से चेहरे पर मालिश करने से भी फायदा मिलता है। रस को चेहरे पर लगे रहने दें, इसे न तो धोएं, न ही रगड़कर साफ करें।
-उड़द की दाल को पूरी रात दूध में भिगोकर रहने दें। सुबह मिक्सर में इसका पेस्ट बनाकर चेहरे पर लगाएं। इससे न केवल चेहरे का रंग निखरेगा, बल्कि चेहरे की बारीक रेखाएं भी दूर भागेंगी।
-मुल्तानी मिट्टी का पैक भी झुर्रियों और बारीक रेखाओं को दूर भगाने में कारगर है। इसे आधे घंटे तक पानी में भिगोकर रखें। बाद में खीरा और टमाटर के रस के साथ ही शहद भी मिला दें। पैक को चेहरे पर लगाने के बाद लेट जाएं। सूखने पर गीले कपड़े से थपथपाकर साफ करें।
-मेथी में ऐसे मिनरल्स पाए जाते हैं, जिन्हें हमारी त्वचा आसानी से ग्रहण कर लेती है। मेथी के पत्तों को पीसकर पेस्ट बनाएं और रात को त्वचा पर लगा लें। उसी तरह सो जाएं। सुबह अपना चेहरा गुनगुने पानी से धोएं। इसके अलावा, मेथी के बीज को करीब पंद्रह मिनट के लिए उबालें और पानी को छानकर हाथपैर और चेहरा धो लें। इसके बाद मेथी के तेल को भी त्वचा पर लगाएं।
-अदरक भी एक तरह का एंटीऑक्सिडेंट है। यह इलास्टिन के ब्रोकडाउन को रोकता है, जो झुर्रियां और बारीक रेखाएं होने का मुख्य कारण है। पीसे हुए अदरक में शहद मिलाकर पीने से त्वचा में कसाव आता है।
-गाजर में विटामिन ए प्रचुर मात्रा में होता है, जो त्वचा को मुलायम रखने में मददगार है। दो या तीन गाजर को पानी में मुलायम होने तक उबाल लें। शहद के साथ इस गाजर का पेस्ट बना लें। त्वचा पर लगाएं और आधे घंटे के लिए छोड़ दें। गुनगुने पानी से धोएं। गाजर के जूस और शहद को बराबर मात्रा में सुबह और शाम को चहरे पर लगाने से भी झुर्रियां और बारीक रेखाएं नहीं फटकती हैं।
ये भी पढ़ें-
आखिर क्यों पड़ते हैं काले घेरे?
