मिसेज शोभा साहनी को हमेशा से यही सुनने की आदत थीं कि वह बेहद खूबसूरत हैं। लेकिन पिछले दिनों उनके एक करीबी ने जब उनसे कहा कि अब उम्र उनके चेहरे पर असर दिखाने लगी है, तो न चाहते हुए भी वह अंदर से दुखी हो गईं। दो दिन बाद जब उन्होंने आईने में खुद को देखा तो महसूस हुआ कि तनाव की वजह से चेहरा काफी कुम्हला गया है। यह समस्या सिर्फ शोभा साहनी की नहीं बल्कि उम्र के एक खास पड़ाव पर आई लगभग सभी महिलाओं की है। चेहरे पर झुर्रियां दिखने लगती हैं और बारीक रेखाएं होंठों पर नजर आने लगती हैं। आईने में खुद को देखो तो लगता है कि यह चेहरा अपना नहीं। इसका परिणाम तनाव के रूप में सामने आता है और समस्या बढ़ जाती है। आप चाहें तो अपने चेहरे पर आने वाली उम्र की बारीक रेखाओं और झुर्रियों को काफी हद तक कम कर सकती हैं। इसके लिए आपको रुपये खर्च करने की कोई खास जरूरत नहीं है। बस घर पर ही रहकर चेहरे के लिए कुछ विशेष व्यायाम करेंगी तो ये झुर्रियां फटकेंगी भी नहीं और तनाव भी छूमंतर हो जाएगा।

एक्सरसाइज की एक सीरीज :- चेहरे को कमनीय बनाने और सिरदर्द के साथ ही तनाव दूर भगाने के लिए एक्सरसाइज की एक सिरीज है, जिसे करके आप रिलैक्सेशन महसूस कर सकती हैं। 

1- फेस योग :-  इस फेशियल योग को करके आप चेहरे और गर्दन की मांसपेशियों को टोन कर सकती हैं। इससे ब्लड सर्कुलेशन भी बढ़ेगा और तनाव भी गायब होगा। इसके बाद आपकी त्वचा को मिलेगा जवां लुक। हंसने के समय आने वाली बारीक रेखाओं को भी यह दूर करेगा और गाल की मांसपेशियों की टोनिंग भी।

कैसे करें :-

  • इसके लिए अपने दोनों हाथों को गाल पर रखिए, ध्यान रखें कि दोनों हाथों का निचला हिस्सा ठुड्ढी पर जुड़ते हुए आए। इसके बाद गाल को हल्के से दबाएं। यह जॉलाइन के रिलैक्सेशन के लिए भी बेहतरीन एक्सरसाइज है।
  • इस एक्सरसाइज के दूसरे चरण में हाथ की दो उंगलियों को भवों के ऊपर रखें और दो को आंखों के नीचे। अब हल्का दबाव डालते हुए उंगलियों को त्वचा पर दबाएं।
  • इसी तरह दो उंगलियों को नाक के किनारे रखते हुए दबाव डालें। इससे मसूढ़ों में होने वाले दर्द से राहत मिलेगी और गाल की एक्सरसाइज भी हो जाएगी।

  • सीधे खड़ी हो जाएं और मुंह से अंदर की ओर गहराई से सांस भरें। मुंह में हवा को भरकर रखें, ध्यान रहे कि गाल बाहर निकले हों। कम से कम एक मिनट तक इसी पोजीशन में रहें, यदि संभव हो तो ज्यादा देर तक भी रह सकती हैं। इसके बाद धीरे-धीरे अपनी नाक से हवा बाहर निकालने की कोशिश करें। ऐसा पांच बार करें।
  • इसी तरह अपनी तीन उंगलियों को भवों पर रखें और हल्का दबाव डालें। इससे सिरदर्द में भी राहत मिलेगी। ललाट के दोनों किनारों पर हाथ को रखने और हल्का दबाव डालने से पूरे चेहरे को रिलैक्सेशन महसूस होगा। 
  • इस एक्सरसाइज के अगले पड़ाव में आपको अपने दाहिने हाथ की तीन उंगलियों को नाक के नीचे रखना है और बाएं हाथ को ललाट से लेते हुए गाल तक लाना है। ऐसा करते हुए उंगलियों को उठाते हुए हल्का प्रेशर दीजिए।

2- गर्दन :- गर्दन के सामने वाले हिस्से पर प्लेटिज़मा मांसपेशी होती है। उम्र की वजह से इस पर भी असर पड़ता है और यहां की त्वचा ढीली पडऩे के साथ लटकने लगती है। इस व्यायाम की मदद से आप प्लेटिज़मा मांसपेशी की टोनिंग करके एक खूबसूरत जॉ लाइन और गर्दन पा सकती हैं।

कैसे करें :-

  • सीधे खड़ी हो जाएं या बैठ जाएं। आपका सिर इस पोजीशन में होना चाहिए मानो आप कमरे की छत देख रही हों। इसी अवस्था में अपनी जीभ को मुंह के ऊपरी हिस्से तक ले जाएं। ऐसा करते हुए आपको महसूस होना चाहिए कि आपकी गर्दन के सामने वाले हिस्से की हर मांसपेशी इस व्यायाम का हिस्सा बन रही हो। अपनी जीभ को मुंह के ऊपरी हिस्से पर दबा कर रखें। अब अपनी ठुड्डी को गर्दन तक लाएं, इस दौरान महसूस होना चाहिए कि ठुड्डी की मांसपेशियां और प्लेटिज्मा दोनों आपस में मिल रहे हों। इसके लिए एक अन्य व्यायाम भी है, जो गर्दन की लटकती त्वचा में कसाव लाने का काम करता है।
  • सीधे देखिए, अपनी उंगलियों के पोरों को गर्दन के निचले हिस्से पर रखिए और त्वचा को हल्के से नीचे की ओर खींचिए। ध्यान रहे कि इस समय आपका सिर पीछे की ओर हो। इसके बाद सिर को आगे करके छाती की ओर नीचे करें। इसे दो बार दोहराएं। अंत में नीचे वाले होंठ को इतना नीचे करें कि मुंह के कोने भी नीचे की ओर आएं। अब उंगली के पोरों को कॉलरबोन पर रखें और ठुड्डी ऊपर की ओर। चार बार गहरी सांसें लेते हुए इसी अवस्था में रहें।

3- गाल :- उम्र के साथ गाल की मांसपेशियां भी लटकने लगती हैं। इस व्यायाम के जरिए आप मांसपेशियों में कसाव ला पाएंगी।

कैसे करें :- आईने के सामने खड़ी हो जाएं ताकि आप इस व्यायाम को सही तरीके से कर पाएं। जितनी बड़ी मुस्कुराहट संभव हो, मुस्कुराएं। इस दौरान अपने होंठों को बंद ही रखें और मुंह के कोने आपके कान तक जाने चाहिए। अपनी नाक को इस तरह हिलाएं कि आपके गाल की मांसपेशियां ऊपर की ओर घूमे। इसी अवस्था में पांच सेकेंड तक रुकें और फिर रिलैक्स करें। इस व्यायाम को दस बार दोहराएं।

4- ललाट :- ललाट पर भी बारीक रेखाएं बन जाती हैं, जो अनचाहे बातें करते हुए या सिर हिलाते दिख जाती हैं। इस व्यायाम की मदद से आपके माथे की झुर्रियां कम होंगी और त्वचा में कसाव बढ़ेगा।

कैसे करें :-

  • अपने दोनों हाथ की इंडेक्स उंगली (अंगूठे के बाद वाली) को अपनी दोनों आंखों और भवों के बीच में रखें। अब अपनी भवों को जितना संभव हो सके, ऊंचा उठाएं। इस दौरान उंगलियों से भवों के नीचे की त्वचा को नीचे की ओर खींचती रहें। अपने ललाट की त्वचा में कसाव लाने के लिए इस व्यायाम को दस बार दोहराएं। इसके लिए एक अन्य व्यायाम भी है, जो आपके सिर दर्द को भी कम करने में मददगार है।
  • अपने दोनों हाथों को ललाट पर अंदर की ओर करते हुए रखें। ध्यान रखें कि उंगलियां भवों और बालों के बीच में हो। अब हौले से त्वचा पर हल्का दबाव डालते हुए उंगलियों को ललाट पर बाहर की ओर करें। रिलैक्स करें और दस बार दोहराएं।

5- आंखें :- आप रात भर ठीक से सो नहीं पाई या यूं कहें कि उम्र बढऩे के साथ नींद पूरी नहीं हो पाती है। नतीजा फूली आंखें और पलकें भारी। अमूमन लोग इसके लिए बोटॉक्स कराते हैं लेकिन आप घर पर ही रहकर कुछ व्यायाम करके इनसे छुटकारा पा सकती हैं।

कैसे करें :-  दोनों हाथ के बीच की उंगलियों को भवों के अंदरूनी कोने पर दबाएं। इसके बाद इंडेक्स उंगली से भवों के बाहरी कोने को दबाएं। कमरे की छत को देखें और रिलैक्स करें। ऐसा छह बार रोजाना करें।

6 – मुस्कुराहट :- आपके मुस्कुराने पर बारीक रेखाएं होंठों के पास बनने लगी हैं। इसे दूर करने का आसान तरीका है यह व्यायाम।

कैसे करें :- मुंह के अंदर दांतों को छिपाने के लिए अंग्रेजी का ओ आकार बनाएं। इसके बाद दांतों को छिपाते हुए ही जितना लंबा हो सके, मुस्कराएं। ऐसा छह बार करें। इसके बाद मुस्कुराने के आकार को बनाए हुए एक इंडेक्स उंगली को ठुड्डी पर रखें। अब जॉ को ऊपर और नीचे करते हुए सिर को हल्का पीछे रखें। रिलैक्स करें और ऐसे दो बार फिर करें। 

आप रात भर ठीक से सो नहीं पाई या यूं कहें कि उम्र बढऩे के साथ नींद पूरी नहीं हो पाती। नतीजा फूली आंखें और पलकें भारी। अमूमन लोग इसके लिए बोटॉक्स कराते हैं लेकिन आप घर पर ही रहकर कुछ व्यायाम करके इनसे छुटकारा पा सकती हैं।