मेकअप करना एक कला है लेकिन सही और सुरक्षित मेकअप प्रोडक्ट का चुनाव करना भी कला से कम नहीं है। सही और सुरक्षित से मतलब ऐसे प्रोडक्ट से है, आपकी त्वचा और स्वास्थ्य को नुकसान न पहुंचाएं। ये वो प्रोडक्ट होते हैं जो त्वचा पर गलत असर नहीं डालते बल्कि उसे अच्छा दिखाने के साथ पोषण भी करते हैं। जबकि यूंहीं कोई भी आइटम खरीद कर इस्तेमाल कर लेना खतरनाक हो सकता है। इसमें वो प्रोडक्ट भी शामिल हैं, जिनकी एक्सपाइरी निकल चुकी है। या जिनको साफ-सफाई के साथ नहीं रखा गया है। या इन्हें सालों से अलमारी में बस रख दिया गया है, इन्हें आप अचानक से इस्तेमाल करने लगेंगी तो हानिकारक होगा ही। इन सारी परेशानियों से आप दूर रहें, इसके लिए जरूरी है कि आप मेकअप सेफ्टी रूल्स जान लें। इनके साथ आप मेकअप भी अच्छा कर पाएंगी और त्वचा भी चमकदार खिली-खिली रख पाएंगी। चलिए जान लेते हैं ये रूल्स-

सेफ्टी गाइडलाइन है क्या-
मेकअप इस्तेमाल करते समय सबसे पहले आपको कुछ बातों पर ध्यान रखना होगा। ये बातें आपके लिए शुरुआती सेफ्टी का काम करेंगी, जैसे-
• कॉस्मेटिक पैक पर इस्तेमाल का सही तरीका बताया जाता है। इसे पढ़ना ना भूलें। दरअसल इसमें इस्तेमाल से जुड़ी चेतावनी भी दी होती हैं।
• प्रोडक्ट को इस्तेमाल करने से पहले हाथों की सफाई जरूरी हो जाती है।
• किसी दूसरे का मेकअप इस्तेमाल न करें। न ही खुद का किसी को दें। इससे किटाणु फैल सकते हैं।
• डिब्बों को सख्ती से बंद करके और साफ करके रखें। इस्तेमाल न करते समय तो इनको बंद ही रखें।
• अगर कॉस्मेटिक का रंग बदल जाए या महक आने लगे तो इनको बिलकुल भी इस्तेमाल न करें।
• किसी भी तरह के स्प्रे को खुली जगह पर ही इस्तेमाल करें। ये ऐसी जगह भी हो सकती है, जहां हवा अच्छे से पास हो रही हो।
• जब भी कॉस्मेटिक कंटेनर खोलें तो उसके ऊपर इसे खोलने की तारीख डाल देने से काफी मदद मिलती है। दरअसल कई प्रोडक्ट पर खोलने की तारीख से इस्तेमाल बंद करने का निर्देश दिया होता है। जैसे खुलने के 1 साल बाद। इस वक्त कंटेनर पर डेट लिखना काम आ जाता है।

आई मेकअप में हो सेफ्टी का ध्यान-
• आंखों के आसपास सिर्फ आंख के लिए बने कॉस्मेटिक का ही इस्तेमाल करें। जैसे लीप लाइनर का इस्तेमाल आई लाइनर की जगह पर नहीं किया जा सकता है।
• मस्कारा में कभी भी पानी न मिलाएं, वरना इससे किटाणु इसमें मिल सकते हैं।
• आंखों में किसी भी तरह का संक्रमण होने पर मेकअप न करें। मेकअप में भी ये संक्रमण हो सकता है।

कॉस्मेटिक लेबल को समझें-
कॉस्मेटिक के ऊपर लगे लेबल, आपके फायदे के लिए ही होते हैं। इनको ध्यान में रख कर मेकअप से होने वाले नुकसान से बचा जा सकता है। मगर इसके लिए इन्हें समझना भी जरूरी है। चलिए इनसे जुड़े कठिन शब्दों को समझ लेते हैं-
हाइपोएलेर्जिक- इसका ये मतलब बिलकुल नहीं होता है कि इनसे एलर्जी होगी ही नहीं।
ऑर्गेनिक या नेचुरल- इससे ये सोच लेना कि ये बिलकुल सुरक्षित है, गलत होगा। ऑर्गेनिक लिखे प्रोडक्ट भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
एक्सपाइरी डेट- एक्सपाइरी डेट तक ही कॉस्मेटिक का इस्तेमाल सही रहता है लेकिन इससे पहले भी वो खराब हो सकता है। जैसे इसे बहुत गरम या बहुत नमी वाली जगह पर रख दिया जाए।
