Summary: बच्चों से समय से पहले बड़े बनने की उम्मीद क्यों गलत है
बच्चों से उम्र से पहले परिपक्व व्यवहार की उम्मीद उनके भावनात्मक और मानसिक विकास पर नकारात्मक असर डालती है। बचपन को उसकी स्वाभाविक गति से जीने देना ही आत्मविश्वासी और संतुलित भविष्य की नींव बनाता है।
Child Psychology Development: बच्चों से समय से पहले बड़ों जैसा व्यवहार करने की उम्मीद करना उनके भावनात्मक और मानसिक विकास पर बेकार का दबाव डालता है। जिस उम्र में उन्हें खेलना, गलतियाँ करना और अपनी भावनाएँ खुलकर व्यक्त करनी चाहिए, उसी उम्र में अगर उनसे समझदारी, संयम और परिपक्वता की उम्मीद की जाए, तो वे अंदर ही अंदर उलझन और डर से भर जाते हैं। रोना, जिद करना या गुस्सा होना उनके सीखने की प्रक्रिया का एक हिस्सा है। जब हम बच्चों को उम्र के अनुसार व्यवहार करने की आज़ादी देते हैं, तब वे खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं और धीरे-धीरे जिम्मेदारी, आत्मविश्वास और समझदारी विकसित करते हैं। बचपन को जल्दी खत्म करने
की बजाय ज़रूरी है कि हम उसे सम्मान दें, क्योंकि वही एक मजबूत और संतुलित भविष्य की नींव बनता है।
बचपन की समझ

हर बच्चे का बचपन उसकी उम्र, मानसिक विकास और अनुभवों के अनुसार चलता है। जिस उम्र में बच्चा खेलना, सवाल पूछना और गलतियाँ करना सीखता है, उसी उम्र में उससे बड़ों जैसी समझदारी की अपेक्षा करना उसके स्वाभाविक विकास के खिलाफ है। बच्चा अभी दुनिया को समझ रहा होता है, नियमों और भावनाओं को पहचान रहा होता है।
परिपक्वता का बोझ
जब बच्चे से यह कहा जाता है कि तुम अब बड़े हो गए हो, “इतनी सी बात पर रोना नहीं चाहिए, या “समझदार बच्चों की तरह व्यवहार करो, तो वह भीतर ही भीतर अपनी भावनाओं को दबाने लगता है। समय से पहले परिपक्व बनने की कोशिश उसे भावनात्मक रूप से थका देती है। यह बोझ आगे चलकर चिंता, आत्मविश्वास की कमी और डर के रूप में सामने आ सकता है।
भावनाओं को व्यक्त करना
बच्चे रोते हैं, गुस्सा करते हैं, जिद करते हैं क्योंकि यही उनकी भाषा होती है। अगर हर बार उन्हें यह सिखाया जाए कि भावनाएँ दिखाना कमजोरी है, तो वे अपनी बात कहना ही छोड़ देते हैं। बड़ों जैसे व्यवहार की उम्मीद बच्चों से उनका सबसे ज़रूरी अधिकार छीन लेती है। भावनाओं को समझना और स्वीकारना उन्हें भावनात्मक रूप से मजबूत बनाता है।
तुलना का दबाव
अक्सर बच्चों की तुलना दूसरे समझदार बच्चों से की जाती है तो ऐसी तुलना बच्चे के मन में यह भाव भर देती है कि वह अच्छा नहीं है। धीरे-धीरे उसका आत्मसम्मान कमजोर होने लगता है। बच्चा खुद को स्वीकारने के बजाय दूसरों जैसा बनने की कोशिश करने लगता है, जो उसके व्यक्तित्व के विकास में बाधा बनता है।
गलतियां हैं ज़रूरी

बच्चे गलतियां करके ही सीखते हैं। अगर उनसे हर समय सही व्यवहार की उम्मीद की जाए, तो वे गलती करने से डरने लगते हैं। यह डर उनकी जिज्ञासा और रचनात्मकता को सीमित कर देता है। बड़ों जैसा व्यवहार थोपने के बजाय उन्हें सुरक्षित माहौल देना ज़रूरी है, जहाँ वे गलती करें सीख सकें और बेहतर बन सकें।
बड़ों की भूमिका
बड़ों का काम बच्चों को दिशा देना है, न कि उन पर अपनी उम्मीदों का बोझ डालना। अनुशासन सिखाना ज़रूरी है, लेकिन उम्र के अनुसार। बच्चे को यह महसूस होना चाहिए कि वह जैसा है, वैसा स्वीकार्य है। जब माता-पिता धैर्य, समझ और संवेदनशीलता दिखाते हैं, तब बच्चा धीरे-धीरे खुद ही जिम्मेदारी और समझदारी सीखता है।
बचपन को बचपन ही रहने दें
बचपन एक ऐसा समय है जो लौटकर नहीं आता। यह समय हँसने, खेलने, सपने देखने और खुद को खोजने का होता है। अगर इस उम्र में बच्चे से बड़ों जैसा व्यवहार करने की उम्मीद की जाए, तो उनका बचपन छिन जाता है। जब हम बच्चों को उनकी उम्र के अनुसार जीने देते हैं, तभी वे आगे चलकर संतुलित, आत्मविश्वासी और खुशहाल बनते हैं।
