Summmary: पद्मिनी कोल्हापुरे के घरवाले नहीं चाहते थे शादी
पद्मिनी ने अपने परिवार के खिलाफ जाकर भागकर शादी की थी। वजह थी उनके पारंपरिक महाराष्ट्रीयन परिवार का इस रिश्ते से असहमति जताना।
Padmini Kolhapure Wedding Story: वेटरन एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरे और फिल्म प्रोड्यूसर प्रदीप शर्मा (जिन्हें फिल्म इंडस्ट्री में टुटु शर्मा के नाम से जाना जाता है) की लव स्टोरी 1980 के दशक की सबसे चर्चित रोमांस में से एक मानी जाती है। दोनों ने साल 1986 में शादी की थी लेकिन यह कोई साधारण शादी नहीं थी। पद्मिनी ने अपने परिवार के खिलाफ जाकर भागकर शादी की थी। वजह थी उनके पारंपरिक महाराष्ट्रीयन परिवार का इस रिश्ते से असहमति जताना, क्योंकि प्रदीप शर्मा दूसरी कम्युनिटी से ताल्लुक रखते थे।
पद्मिनी के परिवार को उनका रिश्ता मंजूर नहीं था
फिल्म ऐसा प्यार कहां (1986) की शूटिंग के दौरान पद्मिनी की मुलाकात प्रदीप शर्मा से हुई थी, जो उस फिल्म के निर्माता थे। सेट पर शुरू हुई उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। लेकिन पद्मिनी का परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था, क्योंकि यह एक इंटर-कम्युनिटी मैरिज होती। उस समय, पद्मिनी को अपनी बहन शिवांगी कपूर और बहनोई शक्ति कपूर का पूरा समर्थन मिला। साथ ही उनकी सबसे करीबी दोस्त, एक्ट्रेस पूनम ढिल्लो ने भी उन्हें इस साहसी कदम में मदद की।
हनीफ जवेरी ने याद किया यह किस्सा
सीनियर लेखक और फिल्म इतिहासकार हनीफ जवेरी ने हाल ही में इस दिलचस्प किस्से को याद किया। एक बातचीत में उन्होंने बताया कि पूनम ढिल्लों और शक्ति कपूर ने ही पद्मिनी को भागकर शादी करने में अहम भूमिका निभाई थी। जवेरी ने कहा, “प्रदीप शर्मा उस वक्त ऐसा प्यार कहां बना रहे थे, जिसकी हीरोइन थीं पद्मिनी कोल्हापुरे। शूटिंग के दौरान ही दोनों में प्यार हो गया। लेकिन समस्या यह थी कि पद्मिनी पारंपरिक महाराष्ट्रीयन परिवार से थीं और प्रदीप जयपुर से थे। पद्मिनी अपने माता-पिता का बहुत सम्मान करती थीं, लेकिन वो कुछ कर नहीं पा रही थीं। तब उनकी दोस्त पूनम ढिल्लों ने कहा कि इस स्थिति से निकलने का एक ही रास्ता है – घर से भाग जाना। इसके बाद पूनम और शक्ति कपूर की मदद से उन्होंने पूरी योजना तैयार की।”
पूनम और शक्ति ने उसे भागने में मदद की

जवेरी ने उस दिन की घटना का विस्तार से जिक्र करते हुए कहा, “शादी से तीन दिन पहले मैंने पद्मिनी से मुलाकात तय की थी। वह जुहू के अशोका अपार्टमेंट्स में रहती थीं। जब मैं वहां पहुंचा तो चौकीदार को भी नहीं पता था कि वह घर से निकल चुकी हैं। दरअसल, पद्मिनी पीछे की दीवार फांदकर घर से भाग गई थीं। पूनम ढिल्लों और शक्ति कपूर ने उन्हें पिंसी रोड पर स्थित जलदर्शन अपार्टमेंट में शरण दी, जहां एक्टर जितेन्द्र भी मौजूद थे, जो टुटु शर्मा के करीबी दोस्त थे। वहीं पर उनकी शादी हुई और बाद में वे दोनों जयपुर के लिए रवाना हो गए।”
आखिरकार माता-पिता ने स्वीकार किया रिश्ता
पद्मिनी के अचानक भाग जाने से ‘ऐसा प्यार कहां’ की शूटिंग रुक गई थी, क्योंकि उनके कुछ सीन दोबारा शूट करना पड़ गए थे। जवेरी ने बताया, “कुछ समय तक हालात अस्त-व्यस्त रहे, लेकिन आखिरकार उनके माता-पिता ने इस शादी को स्वीकार कर लिया और सब सामान्य हो गया। लोग अक्सर कहते हैं कि फिल्म इंडस्ट्री में लव मैरिज अधिक दिन नहीं टिकतीं, लेकिन पद्मिनी और टुटु शर्मा ने इस सोच को गलत साबित कर दिया। वे आज भी साथ हैं, खुश हैं… और इससे खूबसूरत बात क्या हो सकती है।”
